Google Analytics —— Meta Pixel

Korba News: एक ही फंदे पर मिले युवक-युवती के शव, प्रेम संबंध की आशंका से मचा हड़कंप

कोरबा के लेमरू थाना क्षेत्र के अरतेरा गांव में युवक-युवती के शव एक ही फंदे पर लटके मिलने से सनसनी फैल गई। पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है।

Korba News : छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। लेमरू थाना क्षेत्र के वनांचल ग्राम अरतेरा में एक युवक और युवती के शव एक ही फंदे पर लटके मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। दोनों के शव गांव से कुछ दूरी पर जंगल में एक पेड़ पर साड़ी के फंदे के सहारे लटके मिले। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और पंचनामा कार्रवाई के बाद दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

एक ही गांव के रहने वाले थे दोनों

मृतकों की पहचान मुकेश यादव (21 वर्ष) और मुनिता (18 वर्ष) के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि दोनों अरतेरा गांव के ही रहने वाले थे और बचपन से एक-दूसरे को जानते थे। दोनों के शव जंगल में मिलने की सूचना के बाद बड़ी संख्या में ग्रामीण भी मौके पर पहुंच गए। (Korba News)

प्रेम संबंध से जुड़ा होने की आशंका

पुलिस की प्रारंभिक जांच में मामला प्रेम संबंध से जुड़ा होने की आशंका जताई जा रही है। पुलिस को संदेह है कि दोनों के बीच प्रेम संबंध था और किसी कारणवश संबंध में परेशानी आने के बाद उन्होंने यह कदम उठाया होगा। हालांकि, पुलिस ने अभी मौत के कारणों की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट से स्पष्ट होगी मौत की वजह

लेमरू थाना प्रभारी लोकनाथ यादव पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल की जांच की। पुलिस ने दोनों शवों का पंचनामा तैयार कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

थाना प्रभारी के मुताबिक, मामले में मर्ग कायम कर विभिन्न पहलुओं से जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही युवक-युवती की मौत की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी। फिलहाल पुलिस घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच में जुटी हुई है। (Korba News)

यह भी पढ़े :- लखपति दीदी बनाने में मददगार बन रही छत्तीसगढ़ की महतारी वंदन योजना

Back to top button
error: Content is protected !!