युवक ने हंसिए से खुद को किया घायल, गांव में घूमता रहा; पुलिस ने अस्पताल पहुंचाया, पढ़े पूरी खबर

बालोद। जिले के सनौद थाना क्षेत्र के बेलोदी गांव में एक युवक के खुद को हंसिए से घायल करने का मामला सामने आया है। घायल हालत में युवक काफी देर तक गांव में घूमता रहा। ग्रामीणों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और उसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया। फिलहाल युवक का इलाज जारी है।
घायल युवक की पहचान नरेंद्र रावटे (पिता बालचंद रावटे), निवासी भेड़ियानवागांव के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, नरेंद्र सुबह अपने घर से निकला था। इसके बाद वह बेलोदी गांव पहुंचा, जहां उसने कथित तौर पर हंसिए से खुद को घायल कर लिया। घायल होने के बाद भी वह गांव में घूमता रहा। ग्रामीणों ने इसकी सूचना पुलिस को दी।
सूचना मिलते ही हल्दी चौकी प्रभारी लता तिवारी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचीं। पुलिस ने युवक को तत्काल अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका उपचार चल रहा है।
परिजनों ने बताई ये बात
परिजनों के मुताबिक, नरेंद्र पिछले कुछ दिनों से परेशान था। परिजनों का कहना है कि वह कथित तौर पर यह भी कह रहा था कि कोई उसे मारने के लिए आ रहा है। हालांकि, युवक ने खुद को क्यों घायल किया और घटना के पीछे वास्तविक वजह क्या थी, यह अभी स्पष्ट नहीं है।
पुलिस कर रही मामले की जांच
पुलिस ने घटना की जांच शुरू कर दी है। पुलिस युवक की घटना से पहले की गतिविधियों, उसकी परिस्थितियों और मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की जानकारी जुटा रही है। जांच पूरी होने के बाद ही घटना के कारणों की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
यह भी पढ़े :- Rajya Sabha Election 2026: यूपी की 10 और उत्तराखंड की 1 राज्यसभा सीट पर 16 अक्टूबर को वोटिंग, जानें पूरा शेड्यूल



