Chhattisgarh News : मेकाहारा में चिकित्सकीय लापरवाही के मामले में प्रदेश साहू संघ युवा प्रकोष्ठ ने जताई कड़ी आपत्ति
अधीक्षक डॉ. संतोष सोनकर ने 2 दिवस के भीतर जांच कर प्रतिनिधिमंडल को अवगत कराने का दिया आश्वासन

रायपुर । मेकाहारा अस्पताल में श्रीमती रोहिणी साहू के उपचार के दौरान हुई कथित गंभीर चिकित्सकीय लापरवाही के मामले को लेकर छत्तीसगढ़ प्रदेश साहू संघ की ओर से पत्र के माध्यम से कारणों का निराकरण करने की बात कही गई थी। समस्या के निराकरण नहीं होने पर युवा प्रकोष्ठ के प्रतिनिधिमंडल ने मेकाहारा अस्पताल के अधीक्षक डॉ. संतोष सोनकर से मुलाकात कर मामले की गंभीरता से जांच एवं तत्काल आवश्यक कार्रवाई की मांग की।
प्रतिनिधिमंडल ने स्पष्ट रूप से कहा कि उपचार के दौरान हुई लापरवाही से मरीज की स्थिति गंभीर हुई है तथा पीड़ित परिवार को आर्थिक एवं मानसिक कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। प्रतिनिधियों ने मामले की निष्पक्ष एवं उच्चस्तरीय जांच, दोषी पाए जाने वाले चिकित्सक/कर्मचारियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई तथा पीड़ित परिवार को उपचार में हुए एवं आगामी आवश्यक चिकित्सा व्यय के संबंध में उचित राहत दिलाने की मांग रखी। (Chhattisgarh News)
मेकाहारा अधीक्षक डॉ. संतोष सोनकर ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वस्त किया कि मामले की दो दिवस के भीतर जांच कराकर प्रतिनिधियों को इसकी जानकारी दी जाएगी।
युवा प्रकोष्ठ के प्रतिनिधियों ने स्पष्ट चेतावनी दी कि यदि निर्धारित समयावधि में निष्पक्ष जांच एवं पीड़ित परिवार को उचित राहत नहीं मिलती है, तो साहू समाज युवा प्रकोष्ठ द्वारा अस्पताल प्रबंधन के विरुद्ध धरना-प्रदर्शन सहित लोकतांत्रिक एवं आवश्यक आंदोलनात्मक कदम उठाए जाएंगे, जिसकी संपूर्ण जिम्मेदारी संबंधित विभाग एवं अस्पताल प्रबंधन की होगी।
इस दौरान प्रदेश युवा प्रकोष्ठ अध्यक्ष शशिकांत साहू, प्रदेश महामंत्री रोबिन साहू, रायपुर संभाग युवा अध्यक्ष मनीष साहू, रायपुर जिला युवा अध्यक्ष मुकेश साहू, मोंटी साहू, लोकेश साहू, नोमस साहू सहित अन्य प्रतिनिधि उपस्थित रहे। (Chhattisgarh News)

यह भी पढ़े :- कल रायपुर लौटेंगे किरण सिंह देव, BJP प्रदेश अध्यक्ष बदलने की चर्चाओं पर लगा ब्रेक



