Google Analytics —— Meta Pixel

महादेव सट्टा ऐप केस में CBI का बड़ा एक्शन, दुबई से लौटते ही अभिषेक कुमार गिरफ्तार

महादेव ऑनलाइन सट्टा ऐप मामले में CBI ने वांटेड आरोपी अभिषेक कुमार को हैदराबाद एयरपोर्ट से गिरफ्तार किया। दुबई से लौटे आरोपी को रायपुर कोर्ट ने दो दिन की CBI रिमांड पर भेजा।

Mahadev Betting App : महादेव ऑनलाइन सट्टा ऐप मामले में केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए वांटेड आरोपी अभिषेक कुमार को गिरफ्तार किया है। CBI के मुताबिक, अभिषेक कुमार दुबई से भारत लौटा था और उसे हैदराबाद के राजीव गांधी अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट से गिरफ्तार किया गया।

गिरफ्तारी के बाद आरोपी को हैदराबाद की स्थानीय अदालत में पेश किया गया, जहां CBI को तीन दिन की ट्रांजिट रिमांड मिली। इसके बाद उसे रायपुर लाया गया और यहां अदालत में पेश किया गया। रायपुर कोर्ट ने अभिषेक कुमार को दो दिन की CBI रिमांड पर भेज दिया। (Mahadev Betting App)

महादेव बुक के संचालन में भूमिका का आरोप

जांच एजेंसी के अनुसार, अभिषेक कुमार ‘महादेव बुक’ के तहत ऑनलाइन सट्टेबाजी और जुए के संचालन, अलग-अलग बेटिंग पैनलों के बीच समन्वय और रकम जुटाने से जुड़ी गतिविधियों में कथित तौर पर सक्रिय था। CBI का यह भी आरोप है कि सट्टेबाजी से अर्जित कथित अवैध रकम से दुबई में अचल संपत्तियां खरीदी गईं।

CBI के मुताबिक, अभिषेक कुमार का संबंध मामले के प्रमुख आरोपियों सौरभ चंद्राकर और शुभम सोनी से भी रहा है। गिरफ्तारी के बाद की गई तलाशी में कुछ आपत्तिजनक सामग्री मिलने की बात भी जांच एजेंसी ने कही है।

13 FIR के आधार पर जांच

महादेव ऑनलाइन सट्टा ऐप से जुड़े मामलों में छत्तीसगढ़ के अलग-अलग थानों में दर्ज 13 FIR CBI को जांच के लिए सौंपी गई थीं। एजेंसी के अनुसार, जांच का दायरा मुख्य प्रमोटरों और पैनल संचालकों से लेकर हवाला ऑपरेटरों तथा कुछ सरकारी कर्मचारियों तक पहुंचा है।

CBI के मुताबिक, अब तक करीब 100 आरोपियों के खिलाफ 8 चार्जशीट दाखिल की जा चुकी हैं। एजेंसी फरार आरोपियों की तलाश के साथ कथित सट्टा नेटवर्क और उससे जुड़ी रकम का पता लगाने में जुटी है।

विदेश में मौजूद आरोपियों पर भी नजर

CBI के अनुसार, महादेव ऐप मामले के प्रमुख आरोपियों को भारत लाने की प्रक्रिया भी जारी है। एजेंसी ने अब तक 7 रेड कॉर्नर नोटिस और 2 प्रत्यर्पण प्रस्ताव भेजे हैं। दो आरोपियों के खिलाफ प्रत्यर्पण की प्रक्रिया चल रही है।

फिलहाल CBI अभिषेक कुमार से सट्टेबाजी नेटवर्क, फंड कलेक्शन, अन्य आरोपियों से उसके कथित संबंधों और मामले से जुड़े वित्तीय लेनदेन को लेकर पूछताछ कर रही है। (Mahadev Betting App)

यह भी पढ़े :- चुनावों में हुई धांधली, इसलिए नहीं दिखी एंटी-इनकंबेंसी: कांग्रेस सांसद राहुल गांधी

Back to top button
error: Content is protected !!