चुनावों में हुई धांधली, इसलिए नहीं दिखी एंटी-इनकंबेंसी: कांग्रेस सांसद राहुल गांधी

Rahul Gandhi on Election: कांग्रेस सांसद और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने चुनाव आयोग, SIR यानी स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन और वोटर लिस्ट से जुड़े विवादों को लेकर करीब 55 मिनट तक प्रेस कॉन्फ्रेंस की। इस दौरान राहुल गांधी ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार पर बेहद गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने दावा किया कि चुनावों में वोटों की हेराफेरी की गई और इसके लिए उन्होंने सीधे तौर पर चुनाव आयोग की भूमिका पर सवाल उठाए। राहुल गांधी ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार पर आरोप लगाते हुए कहा कि उन्होंने वोट चोरी की है। राहुल ने उन्हें देशद्रोही तक करार दिया। उन्होंने कहा कि उन्होंने ज्ञानेश कुमार की नियुक्ति का विरोध किया था, लेकिन सरकार ने उनकी बात नहीं मानी।
यह भी पढ़ें:- छत्तीसगढ़ BJP में बड़ा फेरबदल, कर्मवीर सिंह बने संगठन महामंत्री; पवन साय झारखंड भेजे गए
राहुल गांधी ने अपने आरोपों को एंटी-इनकंबेंसी के मुद्दे से भी जोड़ा। उन्होंने कहा कि भारत में आम तौर पर हर सरकार के खिलाफ सत्ता विरोधी लहर यानी एंटी-इनकंबेंसी देखने को मिलती है। उन्होंने उदाहरण देते हुए कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी बांग्लादेश युद्ध जीतने के बाद भी चुनाव हार गई थीं। राहुल गांधी ने सवाल उठाया कि फिर बीजेपी के साथ ऐसा क्यों नहीं हुआ। कांग्रेस सांसद के मुताबिक इसकी वजह चुनाव आयोग और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार की भूमिका है। उन्होंने आरोप लगाया कि लोकसभा और विधानसभा चुनावों में धांधली की गई, जिसके कारण प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के खिलाफ अपेक्षित एंटी-इनकंबेंसी चुनाव परिणामों में दिखाई नहीं दी। (Rahul Gandhi on Election)

लोकसभा के नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने कहा कि मैं एक राजनीतिक परिवार से आता हूं और पिछले 50 सालों से राजनीति देख रहा हूं। कोई नेता इस देश में कई सालों तक भाजपा ही सरकार में रहेगी यह बात नहीं कर सकता है। भाजपा के खिलाफ विरोधी लहर न जाने कहां गायब हो गई है? इसका क्या कारण है? 2 दिन पहले इसका कारण 2 चुनाव आयुक्तों ने दिया था। भारत के वोट को खत्म कर दिया गया है। वोट चोरी हुई है तो जो कानून बनाए गए हैं, वे सभी अवैध कानून हैं। ज्ञानेश कुमार के ऊपर कंट्रोलर हैं। वे स्वयं काम नहीं कर रहे हैं। देश एक नई जगह पहुंच गया है। हमारे इतिहास में लोकतंत्र पर इस प्रकार का आक्रमण पहले कभी नहीं हुआ है। 2024 का चुनाव फेक था और विधानसभा के चुनाव भी फेक थे। देश इस जगह कभी नहीं पहुंचा है, जो कानून पास किए गए हैं वे सभी अवैध हैं और जो लोग हमारी संस्थाओं को चला रहे हैं वे भी अवैध हैं। ज्ञानेश कुमार के 2 जूनियर्स ने बहुत अच्छा काम किया है। (Rahul Gandhi on Election)
SIR को लेकर पहले भी चुनाव आयोग पर साधा था निशाना
कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने SIR और वोटर लिस्ट में कथित गड़बड़ियों को लेकर पहले भी चुनाव आयोग पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने साल 2025 में SIR के मुद्दे पर तीन प्रेस कॉन्फ्रेंस की थीं। उस दौरान भी राहुल गांधी ने चुनाव आयोग पर वोट चोरी का आरोप लगाया था। उन्होंने चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए उसे सरकार की B टीम तक बताया था। अब एक बार फिर राहुल गांधी ने चुनाव आयोग और मुख्य चुनाव आयुक्त की भूमिका को लेकर गंभीर आरोप लगाए हैं। राहुल गांधी के इन आरोपों के बाद एक बार फिर चुनाव आयोग की भूमिका, SIR और वोटर लिस्ट को लेकर सियासी बहस तेज हो गई है। हालांकि राहुल गांधी के आरोपों पर चुनाव आयोग और बीजेपी का पक्ष भी इस पूरे विवाद में अहम होगा। अब सवाल यही है कि वोटर लिस्ट और चुनाव प्रक्रिया को लेकर उठ रहे इन सवालों पर चुनाव आयोग क्या जवाब देता है और राहुल गांधी के आरोपों पर सियासी घमासान आगे किस दिशा में जाता है।



