छत्तीसगढ़ BJP में बड़ा फेरबदल, कर्मवीर सिंह बने संगठन महामंत्री; पवन साय झारखंड भेजे गए

रायपुर। छत्तीसगढ़ भाजपा में संगठन स्तर पर बड़ा बदलाव किया गया है। पार्टी के केंद्रीय नेतृत्व ने प्रदेश संगठन महामंत्री पवन साय की जगह कर्मवीर सिंह को छत्तीसगढ़ का नया प्रदेश संगठन महामंत्री नियुक्त किया है। वहीं, पवन साय को झारखंड भाजपा में संगठन महामंत्री की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
भाजपा ने इसके साथ ही कई राज्यों में संगठनात्मक जिम्मेदारियों में बदलाव किया है। राष्ट्रीय स्तर पर भी संगठन के दायित्वों में फेरबदल किया गया है।
शिवप्रकाश को पांच राज्यों की जिम्मेदारी
केंद्रीय नेतृत्व ने राष्ट्रीय सह-संगठन महामंत्री शिवप्रकाश के दायित्व में भी विस्तार किया है। उन्हें छत्तीसगढ़ के अलावा आंध्र प्रदेश, महाराष्ट्र, मध्य प्रदेश और गोवा की जिम्मेदारी दी गई है। इससे इन राज्यों में संगठनात्मक गतिविधियों के समन्वय और निगरानी की जिम्मेदारी उनके पास रहेगी।
कौन हैं कर्मवीर सिंह?
कर्मवीर सिंह राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के लंबे समय तक प्रचारक रहे हैं। उनका संगठनात्मक अनुभव उत्तर प्रदेश से लेकर झारखंड तक रहा है। मूल रूप से उत्तर प्रदेश के मथुरा क्षेत्र से जुड़े कर्मवीर सिंह ने वर्ष 1993 में संघ के प्रचारक जीवन की शुरुआत की थी।
उन्होंने तहसील प्रचारक और नगर प्रचारक के रूप में काम किया। इसके बाद फतेहपुर सीकरी (आगरा), अलीगढ़ महानगर और मथुरा जिले में प्रचारक की जिम्मेदारी संभाली। वे एटा, अलीगढ़ और बरेली विभाग के विभाग प्रचारक भी रहे।
वर्ष 2015 में कर्मवीर सिंह को मेरठ प्रांत का सह-प्रांत प्रचारक बनाया गया। इसके बाद 2019 में उन्होंने ब्रज प्रांत के सह-प्रांत प्रचारक के रूप में जिम्मेदारी संभाली।
भाजपा संगठन में भी संभाली जिम्मेदारियां
वर्ष 2020 से कर्मवीर सिंह ने भाजपा उत्तर प्रदेश में प्रदेश सह-महामंत्री (संगठन) के रूप में काम किया। अगस्त 2022 से वे झारखंड भाजपा के प्रदेश महामंत्री (संगठन) की जिम्मेदारी संभाल रहे थे। हाल ही में 23 सितंबर को भी वे झारखंड में संगठनात्मक कार्यक्रमों में सक्रिय नजर आए थे।
अब छत्तीसगढ़ में प्रदेश संगठन महामंत्री की जिम्मेदारी मिलने के बाद उनका फोकस प्रदेश में पार्टी के संगठनात्मक कामकाज और कार्यकर्ताओं के साथ समन्वय पर रहेगा।
देखें सूची…




