Google Analytics —— Meta Pixel

चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ कांग्रेस का देशव्यापी प्रदर्शन, रायपुर में भी कांग्रेसियों ने घेरा चुनाव आयोग

Congress Protest Against EC: मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर कांग्रेस ने शुक्रवार को देशभर में विरोध प्रदर्शन किया। कांग्रेस ने यह प्रदर्शन मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण यानी SIR, वोटर लिस्ट में कथित गड़बड़ी और वोट चोरी के आरोपों को लेकर किया। दिल्ली, पटना, लखनऊ, देहरादून, गुवाहाटी, शिमला, चंडीगढ़, कोलकाता और रायपुर समेत कई शहरों में कांग्रेस कार्यकर्ता सड़कों पर उतरे। कई जगह प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच धक्का-मुक्की हुई, जबकि पटना और चंडीगढ़ में पुलिस ने वाटर कैनन का इस्तेमाल किया। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में भी कांग्रेस ने चुनाव आयोग के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया। बारिश के बीच कांग्रेस कार्यकर्ता राजीव गांधी चौक से शास्त्री चौक स्थित चुनाव आयोग कार्यालय तक पैदल मार्च करते हुए पहुंचे।

यह भी पढ़ें:- कांग्रेस सांसद पवन खेड़ा ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को कहा- It’s done bro ! न मोदी बचेंगे, न शाह बचेंगे, न ज्ञानेश बाबू

शहर जिला कांग्रेस अध्यक्ष श्रीकुमार मेनन के नेतृत्व में निकाले गए इस मार्च में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने SIR, मतदाता सूची में बदलाव और कथित वोट चोरी के मुद्दे पर चुनाव आयोग के खिलाफ नारेबाजी की। चुनाव आयोग कार्यालय के पास पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को रोकने के लिए बैरिकेडिंग की थी। इस दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं और पुलिस के बीच नोकझोंक भी हुई। प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार का पुतला फूंका और उनके खिलाफ कार्रवाई समेत बर्खास्तगी की मांग की। कांग्रेस नेताओं ने चुनाव आयोग की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए कहा कि मतदाता सूची से जुड़े मुद्दों पर आयोग को जवाब देना चाहिए। राजधानी दिल्ली में भी कांग्रेस और भारतीय युवा कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने चुनाव आयोग के खिलाफ प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग की।

पटना में वाटर कैनन, पुलिस से धक्का-मुक्की

पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को चुनाव आयोग कार्यालय तक पहुंचने से रोकने के लिए सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाई थी। जंतर-मंतर पर भी प्रदर्शन हुआ, जहां पुलिस ने कई प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लिया। बिहार की राजधानी पटना में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने मतदाता सूची से जुड़े मुद्दों और CEC ज्ञानेश कुमार के खिलाफ विरोध मार्च निकाला। प्रदर्शनकारियों ने बैरिकेडिंग तोड़कर आगे बढ़ने की कोशिश की। प्रदर्शनकारियों को रोकने के लिए पुलिस ने वाटर कैनन का इस्तेमाल किया। इस दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं और पुलिस के बीच धक्का-मुक्की भी हुई। बिहार प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष राजेश राम ने आरोप लगाया कि चुनाव आयोग को राहुल गांधी की ओर से उठाए गए सवालों का जवाब देना चाहिए और ज्ञानेश कुमार के खिलाफ कार्रवाई होनी चाहिए। पटना में ही RJD कार्यकर्ताओं ने भी मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार का पुतला फूंका। पार्टी कार्यकर्ताओं ने पार्टी कार्यालय से इनकम टैक्स चौराहे तक मार्च निकाला। (Congress Protest Against EC)

देहरादून में बैरिकेडिंग पर चढ़े कार्यकर्ता

उत्तराखंड की राजधानी देहरादून में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने मुख्य चुनाव आयुक्त के इस्तीफे की मांग को लेकर प्रदर्शन किया। कांग्रेस सांसद कुमारी शैलजा ने विरोध प्रदर्शन का नेतृत्व किया। प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ता पुलिस की बैरिकेडिंग पर चढ़ गए। उत्तराखंड कांग्रेस नेताओं ने SIR और मतदाता सूची से जुड़े सवालों को लेकर चुनाव आयोग पर निशाना साधा। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने आरोप लगाया कि चुनाव प्रक्रिया में पारदर्शिता और निष्पक्षता सुनिश्चित होनी चाहिए। उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में भी कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने CEC ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर प्रदर्शन किया। पुलिस ने कई प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लिया। कांग्रेस ने SIR और मतदाता सूची से जुड़े मुद्दों को लेकर चुनाव आयोग से जवाब मांगते हुए प्रदर्शन किया।

गुवाहाटी में गौरव गोगोई के नेतृत्व में प्रदर्शन

असम के गुवाहाटी में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गौरव गोगोई ने कथित ‘वोट चोरी’ के खिलाफ विरोध रैली का नेतृत्व किया। प्रदर्शन के दौरान मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ कार्रवाई की मांग की गई। प्रदर्शन के दौरान गौरव गोगोई समेत कांग्रेस के कई नेताओं और कार्यकर्ताओं को हिरासत में लिया गया। गोगोई ने कहा कि अगर आरोप सही हैं तो CEC को इस्तीफा देना चाहिए और कानूनी कार्रवाई होनी चाहिए। गोगोई ने कहा कि जिस प्रकार से लोगों को पता चला है कि ज्ञानेश कुमार ने अपराध किया है तो आज उनको इस्तीफा देना चाहिए और उन पर कानूनी कार्रवाई होना चाहिए और उनको गिरफ्तार करना चाहिए। हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला में भी कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने चुनाव आयोग से जुड़े मुद्दों को लेकर विरोध प्रदर्शन किया। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने राज्य चुनाव आयोग के कार्यालय के बाहर प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान कांग्रेसियों ने कार्यालय के बोर्ड पर कालिख पोत दी। हरियाणा और चंडीगढ़ में भी कांग्रेस कार्यकर्ता चुनाव आयोग के खिलाफ सड़क पर उतरे। प्रदर्शनकारियों को रोकने के लिए पुलिस ने बैरिकेडिंग की और वाटर कैनन का इस्तेमाल किया।

कोलकाता से लेकर श्रीनगर तक विरोध

पश्चिम बंगाल की राजधानी कोलकाता में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने मार्च निकाला। वहीं जम्मू-कश्मीर में विधानसभा के भीतर भी कांग्रेस विधायकों ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर प्रदर्शन किया। कांग्रेस विधायक पोस्टर और बैनर लेकर विधानसभा पहुंचे। प्रदर्शन के दौरान मार्शलों ने कांग्रेस विधायकों को रोकने की कोशिश की। विधायकों ने CEC के इस्तीफे की मांग को लेकर नारेबाजी की। कांग्रेस का कहना है कि चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली को लेकर गंभीर सवाल उठ रहे हैं। पार्टी ने खास तौर पर SIR के तहत मतदाता सूची में हुए बदलाव और बड़ी संख्या में नाम हटाए जाने को मुद्दा बनाया है। कांग्रेस के आरोपों को उस रिपोर्ट के बाद भी राजनीतिक बल मिला, जिसमें द इंडियन एक्सप्रेस ने दावा किया कि पिछले 10 महीनों में चुनाव आयुक्त सुखबीर सिंह संधू और विवेक जोशी ने आयोग के फैसलों और आदेशों पर 14 बार औपचारिक आपत्ति दर्ज कराई।

बिहार प्रदेश कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष राजेश राम ने कहा कि चुनाव आयोग के खिलाफ ये है कि राहुल गांधी जी लगातार जो उनकी पोल खोल रहे थे। साबित हो गया कि बिहार, हरियाणा और महाराष्ट्र में वोट चोरी से सरकार बनी है। राहुल गांधी का जवाब अब तक चुनाव आयोग ने नहीं दिया है। हम सड़क पर इसलिए निकले हैं कि ज्ञानेश कुमार के खिलाफ मुकदमा होना चाहिए। उत्तराखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने कहा कि राहुल गांधी पिछले 3 साल से इस बात को कह रहे हैं कि वोट चोरी के तहत चुनाव आयोग भाजपा की सरकारों बनवा रहा है और यह बात सच साबित हुई है। मैं राहुल गांधी को उनकी दृढ़ता के लिए सलाम करता हूं। निश्चित रूप में इसका फायदा राष्ट्र को होगा। हम चाहते हैं कि तटस्थ और स्वच्छ चुनाव हो। अगर स्वच्छ और तटस्थ चुनाव हुए तो अपने आप असर पड़ेगा। जम्मू-कश्मीर विधानसभा के दूसरे दिन कांग्रेस विधायकों ने विरोध प्रदर्शन किया और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के तत्काल इस्तीफे की मांग करते हुए बैनर दिखाए। उन्होंने कहा कि नरेंद्र मोदी के साथ मिलकर ज्ञानेश कुमार लोकतंत्र का गला घोंट रहे हैं, वोट चोरी कर रहे हैं। कांग्रेस पार्टी जनता के अधिकारों की हत्या नहीं होने देगी। हम इस तानाशाही के खिलाफ लड़ते रहेंगे।

चुनाव आयोग ने क्या कहा ?

रिपोर्ट के मुताबिक दोनों आयुक्तों ने कुछ फैसलों को अपनी जानकारी या सहमति के बिना लिए जाने पर सवाल उठाए। रिपोर्ट में मतदाता सूची, नए मतदाताओं के पंजीकरण, वोटर डेटा के केंद्रीकरण और SIR से जुड़े तकनीकी एवं प्रशासनिक फैसलों को लेकर दोनों चुनाव आयुक्तों की आपत्तियों का जिक्र किया गया है। हालांकि चुनाव आयोग ने इन आरोपों के जवाब में कहा है कि अलग-अलग विचार और टिप्पणियां किसी भी संस्थान की निर्णय प्रक्रिया का सामान्य हिस्सा हैं। आयोग के मुताबिक पिछले एक साल में लिए गए फैसले और जारी किए गए निर्देश पूरी चुनाव आयोग की सहमति से लिए गए हैं। ECI ने कहा कि सिर्फ कुछ आंतरिक टिप्पणियों और आपत्तियों को सामने रखकर पूरी तस्वीर नहीं देखी जा सकती। आयोग के मुताबिक पिछले एक साल में कई चुनाव सुधार और करीब 40 नई पहल की गई हैं। ये निर्णय पूर्ण आयोग के सर्वसम्मत फैसलों का परिणाम हैं।

SIR को लेकर सुप्रीम कोर्ट में याचिका

SIR को लेकर मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ सुप्रीम कोर्ट में भी याचिका दाखिल की गई है। याचिका में SIR से जुड़े फैसलों, दिशा-निर्देशों और सॉफ्टवेयर में किए गए बदलावों की संवैधानिक वैधता पर सवाल उठाए गए हैं। याचिकाकर्ता ने मतदाता सूची से बड़ी संख्या में नाम हटाए जाने की जांच की मांग भी की है। महाराष्ट्र में भी SIR के खिलाफ बॉम्बे हाईकोर्ट में दो याचिकाएं दायर की गई है। इन याचिकाओं में SIR की प्रक्रिया, संवैधानिक वैधता और इसे लागू करने के तरीके पर सवाल उठाए गए हैं। कांग्रेस नेता इस पूरे विवाद में मतदाता सूची से हटाए गए नामों की संख्या को बड़ा मुद्दा बना रहे हैं। प्रियंका गांधी वाड्रा ने दावा किया कि करीब 13 करोड़ मतदाताओं के नाम वोटर लिस्ट से हटाए गए हैं और राहुल गांधी ने इस संबंध में प्रेस कॉन्फ्रेंस के जरिए सबूत सामने रखे हैं। कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी वाड्रा ने कहा कि 13 करोड़ मतदाताओं के नाम वोटर लिस्ट से हटाए गए हैं। राहुल गांधी कई प्रेस कॉन्फ्रेंस में इससे जुड़े सबूत पेश कर चुके हैं। इस मुद्दे को सिर्फ राजनीतिक दावा बताकर नजरअंदाज नहीं किया जा सकता। (Congress Protest Against EC)

देशभर में सियासी टकराव तेज

प्रियंका ने कहा कि अगर बीजेपी हमारे चुनावों में दखल दे रही है और अगर उनकी लीडरशिप चुनाव आयोग से ऐसा करवा रही है तो यह देशद्रोह जैसा काम है और उन्हें इस बात का एहसास होना चाहिए। वे गैर-कानूनी काम कर रहे हैं। वे कितने सालों से चुनावों में धांधली कर रहे हैं? जाहिर है, वे हर समय बहुत ज्यादा आत्मविश्वास से भरे रहते हैं। इधर, कॉकरोच जनता पार्टी ने कहा कि अगर ज्ञानेश कुमार ने इस्तीफा नहीं दिया तो 2 अक्टूबर से देशव्यापी आंदोलन करेंगे। CEC ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर कांग्रेस के देशव्यापी प्रदर्शन ने SIR और मतदाता सूची के विवाद को एक बार फिर राष्ट्रीय राजनीतिक बहस के केंद्र में ला दिया है। एक तरफ कांग्रेस और विपक्षी दल चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली, SIR और मतदाता सूची में बदलाव को लेकर सवाल उठा रहे हैं। दूसरी तरफ चुनाव आयोग का कहना है कि निर्णय पूरी आयोग व्यवस्था के तहत लिए गए हैं और अलग-अलग राय संस्थागत निर्णय प्रक्रिया का हिस्सा हैं। ऐसे में अब विवाद का केंद्र केवल राजनीतिक आरोप-प्रत्यारोप नहीं, बल्कि SIR की प्रक्रिया, मतदाता सूची में बदलाव, आयोग के भीतर दर्ज आपत्तियों और इन मुद्दों पर न्यायिक-संवैधानिक संस्थाओं की आगे की कार्रवाई पर भी है। (Congress Protest Against EC)

Back to top button
error: Content is protected !!