Google Analytics —— Meta Pixel

छत्तीसगढ़ में मानसून मेहरबान, सामान्य से ज्यादा बारिश, 100.1% पहुंचा आंकड़ा, जलाशयों के खुले गेट 

Chhattisgarh Monsoon Rain Update: छत्तीसगढ़ में इस साल मानसून की बारिश ने प्रदेश को सामान्य बारिश के आंकड़े तक पहुंचा दिया है। राजस्व और आपदा प्रबंधन विभाग की 25 सितंबर 2026 तक की रिपोर्ट के मुताबिक राज्य में अब तक 100.1 प्रतिशत सामान्य बारिश दर्ज की गई है। 1 जून से 25 सितंबर के बीच प्रदेश में औसतन 1082.4 मिलीमीटर बारिश हुई है, जबकि पिछले 10 सालों के औसत के आधार पर इस अवधि में 1081.5 मिलीमीटर बारिश संभावित मानी गई थी। यानी प्रदेश में सामान्य से मामूली ज्यादा बारिश दर्ज की गई है। बारिश का असर प्रदेश के कई हिस्सों में साफ दिखाई दे रहा है। बस्तर, नारायणपुर, बलरामपुर, गरियाबंद और रायपुर समेत कई जिलों में अच्छी बारिश हुई है। वहीं लगातार बारिश के चलते कई जलाशयों का जलस्तर भी तेजी से बढ़ा है और कुछ जलाशयों से नदियों में पानी छोड़ा जा रहा है। प्रशासन ने नदी-नालों, पुल-पुलियों और निचले इलाकों में रहने वाले लोगों से विशेष सतर्कता बरतने की अपील की है।

यह भी पढ़ें:- छत्तीसगढ़ में युवाओं के पास नौकरी पाने का अवसर, 8 हजार से ज्यादा पदों पर होगी भर्ती, रायपुर में 7-8 अक्टूबर को रोजगार मेला

प्रदेश में प्रतिशत के लिहाज से बलरामपुर सबसे आगे है। जिले में अब तक 1527.7 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई है, जो सामान्य बारिश का 169.4 प्रतिशत है। वहीं कुल बारिश की मात्रा के लिहाज से नारायणपुर सबसे आगे है, जहां अब तक 1600.4 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई है। बस्तर जिले में एक दिन में सर्वाधिक 188.2 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। इसके बाद कोंडागांव में 161.8 मिलीमीटर, नारायणपुर में 151.9 मिलीमीटर और गरियाबंद में 110.3 मिलीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई। मध्य छत्तीसगढ़ के कई जिलों में भी बारिश सामान्य से ज्यादा रही है। रायपुर जिले में अब तक 1180.2 मिलीमीटर यानी 129.5 प्रतिशत बारिश दर्ज की गई है। गरियाबंद में 1357.7 मिलीमीटर यानी 126.5 प्रतिशत, धमतरी में 1201.7 मिलीमीटर यानी 113.4 प्रतिशत, महासमुंद में 1204.2 मिलीमीटर यानी 121.7 प्रतिशत और बालोद में 1192.1 मिलीमीटर यानी 115 प्रतिशत बारिश हुई है। बिलासपुर संभाग के मुंगेली में 1026.5 मिलीमीटर यानी 108.8 प्रतिशत, सारंगढ़-बिलाईगढ़ में 1161.3 मिलीमीटर यानी 134.1 प्रतिशत और सूरजपुर में 1173.6 मिलीमीटर यानी 111.2 प्रतिशत बारिश दर्ज की गई है।

कुछ जिलों में सामान्य से कम बारिश

प्रदेश में जहां कई जिलों में सामान्य से ज्यादा बारिश हुई है, वहीं कुछ जिले अभी भी औसत से पीछे हैं। सरगुजा में अब तक 606.6 मिलीमीटर यानी 75.5 प्रतिशत, जशपुर में 828.7 मिलीमीटर यानी 79.7 प्रतिशत, कबीरधाम में 672 मिलीमीटर यानी 82.2 प्रतिशत और बेमेतरा में 597.1 मिलीमीटर यानी 74.5 प्रतिशत बारिश दर्ज हुई है। कांकेर में 1110.7 मिलीमीटर बारिश हुई है, लेकिन यह सामान्य का 75.9 प्रतिशत है। मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी में 74.7 प्रतिशत और बीजापुर में 78.7 प्रतिशत बारिश दर्ज की गई है। इसके बावजूद बस्तर, दंतेवाड़ा, बीजापुर, सुकमा, कोरबा, जांजगीर-चांपा, दुर्ग और राजनांदगांव जैसे जिलों में बारिश सामान्य के आसपास बनी हुई है। बेमेतरा जिले में 1 जून से 25 सितंबर तक 597.1 मिलीमीटर औसत बारिश दर्ज की गई है। जिले में सबसे ज्यादा बारिश बेरला तहसील में 760.6 मिलीमीटर हुई है, जबकि नवागढ़ में सबसे कम 429.5 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। बेमेतरा तहसील में 464 मिलीमीटर, देवकर में 539.5, थानखम्हरिया में 665, भिंभौरी में 716.8, साजा में 616.7, दाढ़ी में 546.4 और नांदघाट में 635.7 मिलीमीटर औसत बारिश दर्ज की गई है। (Chhattisgarh Monsoon Rainfall Update)

कोरबा में 1109.4 मिलीमीटर बारिश

कोरबा जिले में 1 जून से अब तक 1109.4 मिलीमीटर औसत बारिश दर्ज की गई है। कोरबा तहसील में सबसे ज्यादा 1449.2 मिलीमीटर बारिश हुई है। इसके अलावा भैंसमा में 1206.5, करतला में 1278.9, बरपाली में 957.5, कटघोरा में 1069.5, दीपका में 1140, दर्री में 1197.7 और पाली में 1130.5 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। हरदीबाजार में 921, पोड़ीउपरोड़ा में 1023.6, पसान में 945.8 और अजगरबहार में 992.2 मिलीमीटर बारिश हुई है। पिछले 24 घंटे में जिले में 2.8 मिलीमीटर औसत बारिश दर्ज की गई। गरियाबंद में लगातार बारिश के चलते सिकासार जलाशय का जलस्तर तेजी से बढ़ा है। 25 सितंबर की स्थिति में जलाशय की कुल भंडारण क्षमता 198.82 मिलियन घन मीटर के मुकाबले 179.28 मिलियन घन मीटर पानी जमा है। जलाशय का जलस्तर 1330 फीट दर्ज किया गया है और यह 89.32 प्रतिशत भर चुका है। पानी की बढ़ती आवक को देखते हुए सिकासार जलाशय के 12 गेट खोले गए हैं। प्रत्येक गेट को 3 फीट तक खोला गया है। जलाशय से करीब 20 हजार क्यूसेक पानी छोड़ा जा रहा है, जबकि जलाशय में करीब 34 हजार क्यूसेक पानी की आवक हो रही है।

महानदी समेत कई जलाशयों में बढ़ा जलस्तर

क्षेत्र के दूसरे प्रमुख जलाशयों में भी पानी का स्तर काफी बढ़ा हुआ है। गंगरेल जलाशय में 99.01 प्रतिशत जलभराव दर्ज किया गया है और वहां से 1 लाख 22 हजार क्यूसेक पानी महानदी में छोड़ा जा रहा है। मुरुमसिल्ली जलाशय 100 प्रतिशत भर चुका है और वहां से 7,558 क्यूसेक पानी गंगरेल की ओर छोड़ा जा रहा है। दुधावा जलाशय में 97.36 प्रतिशत जलभराव है और वहां से 16,762 क्यूसेक पानी गंगरेल/महानदी की ओर छोड़ा जा रहा है। वहीं सोंढूर जलाशय में 89.42 प्रतिशत जलभराव दर्ज किया गया है और वहां से 42,570 क्यूसेक पानी पैरी-महानदी नदी तंत्र की ओर छोड़ा जा रहा है। सुकमा जिले में 1 जून से अब तक 1205.6 मिलीमीटर औसत बारिश दर्ज की गई है। सुकमा तहसील में 1785.1 मिलीमीटर, दोरनापाल में 1274.4, छिंदगढ़ में 1251.6, कोंटा में 1181.6, जगरगुंडा में 1173.4, गादीरास में 1018.3 और तोंगपाल में 755 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। जिले में इस मानसून सत्र के दौरान 1409.5 मिलीमीटर औसत बारिश संभावित बताई गई है।

बलौदाबाजार में 1054.6 मिलीमीटर औसत बारिश

बलौदाबाजार जिले में 1 जून से 25 सितंबर तक 1054.6 मिलीमीटर औसत बारिश दर्ज की गई है। टुंडरा में 1249, बलौदाबाजार में 1178.2, पलारी में 1178.8, लवन में 1019.3, सुहेला में 999.1, सिमगा में 1012.04, कसडोल में 995.2, भाटापारा में 996.32 और सोनाखान में 863.4 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई है। बीजापुर जिले में 1 जून से अब तक 1466.9 मिलीमीटर औसत बारिश दर्ज की गई है। भैरमगढ़ में सबसे ज्यादा 1746.3 मिलीमीटर बारिश हुई है। बीजापुर में 1726.9, कुटरू में 1660.5, भोपालपटनम में 1418.5, गंगालूर में 1242 और उसूर में 1007.2 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई है। राजनांदगांव जिले की सातों तहसीलों में 1 जून से अब तक कुल 6408.7 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई है, जबकि औसत बारिश 915.5 मिलीमीटर रही है। राजनांदगांव तहसील में सबसे ज्यादा 1121.4 मिलीमीटर बारिश हुई है। जिले में दर्ज आंकड़ों के मुताबिक एक दिन में कुल 489.5 मिलीमीटर और औसत 69.9 मिलीमीटर बारिश हुई। लाल बहादुर नगर तहसील में सर्वाधिक 111 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। (Chhattisgarh Monsoon Rainfall Update)

बाढ़ की आशंका को देखते हुए प्रशासन अलर्ट

लगातार बारिश और जलाशयों से छोड़े जा रहे पानी के चलते प्रशासन ने निचले इलाकों में विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए हैं। राज्य स्तरीय बाढ़ नियंत्रण कक्ष और आपदा प्रबंधन विभाग की ओर से नदियों के जलस्तर और बारिश के आंकड़ों की लगातार निगरानी की जा रही है। जिला प्रशासन ने लोगों से नदियों, नालों, पुल-पुलियों और जलाशयों के आसपास अनावश्यक रूप से नहीं जाने की अपील की है। तेज बहाव वाले पानी में उतरने से बचने और बच्चों, बुजुर्गों तथा पशुओं को जलस्रोतों से दूर रखने की सलाह दी गई है। गरियाबंद जिले में बाढ़ और जलभराव की स्थिति को देखते हुए प्रशासन ने ग्रामीण क्षेत्रों में निगरानी बढ़ा दी है। जिले के सभी कोटवारों की ड्यूटी उनके संबंधित गांवों में लगाई गई है। कोटवारों को नदी, नाला और पुल-पुलियों के जलस्तर पर लगातार नजर रखने तथा जलस्तर में किसी भी बदलाव की जानकारी तत्काल हल्का पटवारी और ग्राम सचिव को देने के निर्देश दिए गए हैं। इसके साथ ही हर दो घंटे में स्थिति की जानकारी ज्यादाारियों तक पहुंचाने को कहा गया है। (Chhattisgarh Monsoon Rainfall Update)

बाढ़ प्रभावित परिवारों की बनेगी सूची

कोटवारों को अपने-अपने क्षेत्र में बाढ़ या जलभराव से प्रभावित परिवारों की जानकारी जुटाकर सूची तैयार करने और संबंधित तहसील के नियंत्रण कक्ष को भेजने की जिम्मेदारी भी दी गई है। संभावित बाढ़ की स्थिति को देखते हुए गांवों में मुनादी कराकर लोगों को नदी किनारे और तेज बहाव वाले क्षेत्रों में जाने से रोकने के निर्देश दिए गए हैं। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे जलस्रोतों के आसपास अनावश्यक रूप से न जाएं और जारी सुरक्षा निर्देशों का पालन करें। आदेश के मुताबिक ड्यूटी में लापरवाही या अनुपस्थित पाए जाने पर छत्तीसगढ़ कोटवारी नियम, 1999 के तहत सेवा समाप्ति या अर्थदंड की कार्रवाई की जा सकती है। कुल मिलाकर 25 सितंबर तक छत्तीसगढ़ में मानसून की बारिश सामान्य स्तर को पार कर चुकी है। कई जिलों में सामान्य से ज्यादा बारिश और जलाशयों में बढ़ते जलस्तर के कारण जहां जल उपलब्धता की स्थिति मजबूत हुई है, वहीं नदी-नालों और निचले इलाकों में जलभराव को लेकर प्रशासन सतर्क है। फिलहाल राज्य और जिला स्तर पर बारिश, नदियों तथा जलाशयों की स्थिति की लगातार निगरानी की जा रही है।

Back to top button
error: Content is protected !!