उज्जैन शाही मस्जिद विवाद: कार्रवाई से पहले पथराव, पुलिस ने छोड़े आंसू गैस के गोले

उज्जैन। मध्य प्रदेश के उज्जैन के अब्दालपुरा इलाके में शाही मस्जिद के प्रभावित हिस्से को हटाने की कार्रवाई को लेकर सोमवार को तनाव की स्थिति बन गई। कार्रवाई शुरू होने की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में लोग मौके पर जुट गए। इस दौरान पथराव की कोशिश किए जाने की बात सामने आई, जिसके बाद पुलिस ने भीड़ को नियंत्रित करने के लिए आंसू गैस के गोले छोड़े।
स्थिति को देखते हुए इलाके में भारी पुलिस बल तैनात किया गया है। प्रशासन ने मस्जिद के आसपास करीब 500 मीटर के दायरे में बैरिकेडिंग कर आवाजाही रोक दी है। उज्जैन एसपी प्रदीप शर्मा सहित वरिष्ठ अधिकारी मौके पर मौजूद हैं। एहतियात के तौर पर शहरभर में अलर्ट जारी किया गया है।
2000 से ज्यादा पुलिसकर्मी तैनात
विवाद को देखते हुए प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। करीब 2,000 से अधिक पुलिसकर्मियों और अधिकारियों को इलाके में तैनात किया गया है। पुलिस लगातार क्षेत्र की निगरानी कर रही है। मौके पर बड़ी संख्या में लोगों के एकत्र होने और प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की भी जानकारी सामने आई है।
इससे पहले रविवार रात जेसीबी और पोकलैंड मशीनों के साथ पुलिस बल मौके पर पहुंचा था। इसके बाद विरोध तेज हो गया था। देर रात प्रशासन और प्रदर्शन कर रहे लोगों के बीच बातचीत के बाद भीड़ के लौटने की बात सामने आई थी।
दो दिन से चल रहा था विरोध
शाही मस्जिद के प्रभावित हिस्से को हटाने की कार्रवाई के विरोध में मुस्लिम समाज की ओर से पिछले दो दिनों से प्रदर्शन किया जा रहा था। रविवार रात भी मस्जिद के आसपास बड़ी संख्या में लोग जमा हुए थे। प्रशासन और पुलिस अधिकारियों ने लोगों से बातचीत कर स्थिति शांत करने का प्रयास किया था।
सोमवार को कार्रवाई शुरू होने के बाद एक बार फिर बड़ी संख्या में लोग मौके पर पहुंच गए, जिसके बाद तनाव बढ़ गया। पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित करने के लिए बैरिकेडिंग और अतिरिक्त बल की व्यवस्था पहले से कर रखी थी।
सिंहस्थ को लेकर सड़क चौड़ीकरण का काम
उज्जैन में आगामी सिंहस्थ को देखते हुए सड़क और यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए सड़क चौड़ीकरण का काम किया जा रहा है। कंठाल चौराहे से गोपाल मंदिर तक करीब 900 मीटर सड़क के बीच सात धार्मिक स्थल प्रभावित हो रहे हैं। इनमें खड़े हनुमान मंदिर, एक मजार और शाही मस्जिद सहित अन्य धार्मिक स्थल शामिल हैं।
प्रशासन के अनुसार, सड़क चौड़ीकरण की जद में आने वाले अधिकांश धार्मिक स्थलों को हटाने की कार्रवाई की जा चुकी है। शाही मस्जिद का प्रभावित हिस्सा भी इसी कार्रवाई के दायरे में बताया जा रहा है।
हाईकोर्ट में आज सुनवाई
शाही मस्जिद के प्रभावित हिस्से को हटाने की कार्रवाई के खिलाफ मुस्लिम समाज ने इंदौर हाईकोर्ट का रुख किया है। मामले में सोमवार को सुनवाई प्रस्तावित है। इसी बीच प्रशासन और नगर निगम की कार्रवाई की तैयारी के चलते इलाके में तनाव बना हुआ है।
फिलहाल प्रशासन की प्राथमिकता कानून-व्यवस्था बनाए रखना और किसी भी अप्रिय स्थिति को रोकना है। क्षेत्र में भारी पुलिस बल की तैनाती के साथ लगातार निगरानी की जा रही है।



