महानदी का बढ़ा जलस्तर, तटीय क्षेत्रों में प्रशासन अलर्ट; कलेक्टर-एसपी ने किया निरीक्षण

जांजगीर-चांपा। महानदी के बढ़ते जलस्तर (Mahanadi Water Level) और तटीय क्षेत्रों में जलभराव की स्थिति को देखते हुए जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के निर्देश पर कलेक्टर जन्मेजय महोबे और पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पांडेय ने शिवरीनारायण पहुंचकर महानदी बैराज, पुल और आसपास के तटीय क्षेत्रों का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने नदी के जलस्तर और बहाव की स्थिति का जायजा लेते हुए राहत एवं बचाव की तैयारियों की समीक्षा की।
बैराज, पुल और राहत शिविर का किया निरीक्षण
कलेक्टर और एसपी ने शिवरीनारायण बैराज, महानदी पुल, तटीय क्षेत्रों के साथ श्री महंत लालदास महाविद्यालय में बनाए गए राहत शिविर का निरीक्षण किया। शिविर में प्रभावित लोगों के ठहरने, भोजन, स्वच्छ पेयजल, प्रकाश, स्वच्छता और शौचालय समेत आवश्यक सुविधाओं की व्यवस्था की गई है।
अधिकारियों ने संबंधित विभागों को राहत शिविर में रह रहे प्रभावित नागरिकों की सुविधा और सुरक्षा का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए। (Mahanadi Water Level)
महानदी पुल पर आवागमन बंद
महानदी में पानी का बहाव (Mahanadi Water Level)बढ़ने के कारण सुरक्षा की दृष्टि से पुल पर आवागमन बंद कर दिया गया है। कलेक्टर-एसपी ने पुल और आसपास के संवेदनशील क्षेत्रों में लगातार निगरानी रखने के निर्देश दिए हैं। लोगों को तेज बहाव वाले पानी के नजदीक नहीं जाने की समझाइश भी दी जा रही है।
प्रशासन की ओर से नदी के जलस्तर, पुल-पुलियों और आवागमन वाले मार्गों पर लगातार नजर रखी जा रही है। अन्य संवेदनशील स्थानों पर भी आवश्यक सुरक्षा व्यवस्था की जा रही है।
स्वास्थ्य टीमें तैनात, दवाइयों की व्यवस्था
जलभराव से प्रभावित क्षेत्रों में स्वास्थ्य विभाग की टीमें सक्रिय हैं। नागरिकों की नियमित स्वास्थ्य जांच के साथ आवश्यक दवाइयों की उपलब्धता सुनिश्चित की जा रही है। जलभराव के कारण संभावित बीमारियों और संक्रमण से बचाव के लिए स्वास्थ्य एवं स्वच्छता संबंधी आवश्यक उपाय भी किए जा रहे हैं।
मुनादी कर लोगों को किया जा रहा सतर्क
तटीय और जलभराव की आशंका वाले क्षेत्रों में मुनादी के माध्यम से लोगों को सतर्क किया जा रहा है। प्रशासन ने नागरिकों से नदी, पुल, घाट और तेज बहाव वाले क्षेत्रों में अनावश्यक रूप से नहीं जाने की अपील की है।
अधिकारियों ने लोगों से तेज बहाव वाले पानी के पास सेल्फी या वीडियो बनाने का जोखिम नहीं उठाने और प्रशासन द्वारा बंद किए गए मार्गों पर जाने का प्रयास नहीं करने की अपील की है। किसी भी आपात स्थिति की सूचना तत्काल संबंधित अधिकारियों को देने को कहा गया है।
राहत-बचाव के लिए विभागों में समन्वय
कलेक्टर-एसपी ने राजस्व, पुलिस, नगर सेना, जल संसाधन और स्वास्थ्य विभाग समेत संबंधित अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ काम करने के निर्देश दिए हैं। आवश्यकता पड़ने पर प्रभावित लोगों को तत्काल सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने के लिए मानव संसाधन और अन्य जरूरी संसाधन तैयार रखे गए हैं।
प्रशासन द्वारा महानदी के तटीय क्षेत्रों की स्थिति पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। राहत शिविर में आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के साथ पुलिस, राजस्व, नगर सेना, जल संसाधन और स्वास्थ्य विभाग की टीमें राहत एवं बचाव कार्यों के लिए मुस्तैद हैं।
निरीक्षण के दौरान नगर पालिका शिवरीनारायण के अध्यक्ष राहुल थवाईत, एसडीएम जांजगीर सुब्रत प्रधान, एसडीएम शिवरीनारायण भावना साहू, कार्यपालन अभियंता शशांक सिंह सहित संबंधित विभागों के अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे। (Mahanadi Water Level)



