Google Analytics —— Meta Pixel

कूरियर के जरिए देशभर में हो रही थी सोने की तस्करी, मास्टरमाइंड समेत 11 गिरफ्तार, पार्सल में छिपाकर भेज रहे थे करोड़ों का सोना

Gold Smuggling Network: राजस्व खुफिया निदेशालय यानी DRI ने देशभर में फैले एक बड़े सोना तस्करी नेटवर्क का भंडाफोड़ किया है। DRI ने कार्रवाई के दौरान करीब 6.61 किलोग्राम विदेशी तस्करी का सोना बरामद किया है, जिसकी कीमत लगभग 10.36 करोड़ रुपए बताई गई है। इस मामले में नेटवर्क के एक मास्टरमाइंड समेत 11 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। DRI के मुताबिक यह सिंडिकेट कूरियर नेटवर्क के जरिए तस्करी का सोना देश के अलग-अलग हिस्सों तक पहुंचाता था। शुरुआती जांच में सामने आया है कि इसी नेटवर्क ने पिछले 9 महीनों में करीब 318 किलोग्राम तस्करी का सोना ट्रांसपोर्ट और डिलीवर किया। इसकी अनुमानित कीमत करीब 475 करोड़ रुपए है। DRI को पश्चिम बंगाल और असम में भारत-बांग्लादेश सीमा के जरिए विदेशी सोने की नियमित तस्करी और इसके बाद कूरियर खेप के माध्यम से देश के अलग-अलग हिस्सों में भेजे जाने की सूचना मिली थी। इसी सूचना के आधार पर 23 और 24 सितंबर 2026 को मुंबई, दिल्ली, कोलकाता, अहमदाबाद और गुवाहाटी में एक साथ कार्रवाई की गई।

यह भी पढ़ें:- निवेश और नवाचार से बदलेगी भारत-UAE साझेदारी, आर्थिक रिश्तों को और मजबूत करने पर जोर, इलेक्ट्रिक वाहनों की टेस्टिंग को मिलेगी नई ताकत

अभियान के दौरान गुवाहाटी और कोलकाता से मुंबई, दिल्ली और अहमदाबाद भेजी जा रही तस्करी के सोने से भरी कूरियर खेप को रोका गया। खेप हासिल करने वाले लोगों में से सात आरोपियों को पकड़ा गया। इसके बाद कोलकाता में कंसाइनर और शिपर के ठिकानों पर तलाशी ली गई, जहां से तीन और लोगों को गिरफ्तार किया गया। जांच के दौरान तस्करी का सोना भेजने और उसकी डिलीवरी कराने वाले नेटवर्क के एक मास्टरमाइंड को मुंबई से भी गिरफ्तार किया गया। जांच में पता चला कि सिंडिकेट तस्करी के सोने को कई छोटे कूरियर पार्सल में बांट देता था। इसके बाद इन्हें गुवाहाटी और कोलकाता से मुंबई, दिल्ली और अहमदाबाद जैसे शहरों में अलग-अलग लोगों तक पहुंचाया जाता था। यहां से तस्करी के सोने को घरेलू बाजार में खपाने की तैयारी होती थी। (Gold Smuggling Network)

10.36 करोड़ रुपए का सोना जब्त

DRI के अनुसार कूरियर भेजने वाले और उसे प्राप्त करने वाले कई लोग सिर्फ कागजी तौर पर इस्तेमाल किए जा रहे थे। उनके पास सोने के लेन-देन से जुड़े कोई वैध दस्तावेज नहीं मिले। जांच एजेंसी का मानना है कि तस्करी के सोने को छिपाने और अलग-अलग जगहों तक पहुंचाने के लिए कूरियर नेटवर्क का इस्तेमाल किया गया। DRI की कार्रवाई के दौरान इंटरसेप्ट की गई कूरियर खेप से कुल 6.61 किलोग्राम विदेशी सोना बार के रूप में बरामद किया गया। इसकी कीमत करीब 10.36 करोड़ रुपए आंकी गई है। सोने को सीमा शुल्क अधिनियम, 1962 के संबंधित प्रावधानों के तहत जब्त कर लिया गया है। इस मामले में सबसे अहम बात शुरुआती दस्तावेजी जांच में सामने आई है। DRI के मुताबिक चालू कैलेंडर वर्ष के सिर्फ नौ महीनों में इसी कूरियर आधारित नेटवर्क के जरिए करीब 318 किलोग्राम तस्करी का सोना पहले ही ट्रांसपोर्ट और डिलीवर किया जा चुका था। इसकी अनुमानित कीमत करीब 475 करोड़ रुपए है। (Gold Smuggling Network)

सोने का असली कनेक्शन कहां तक ?

फिलहाल DRI की जांच जारी है। एजेंसी नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों, तस्करी के स्रोत और सोने की सप्लाई समेत डिलीवरी से जुड़े पूरे नेटवर्क की जानकारी जुटा रही है। DRI का कहना है कि यह कार्रवाई देशभर में संगठित सोना तस्करी की सप्लाई चेन को तोड़ने की दिशा में की गई है। यानी कूरियर के छोटे-छोटे पार्सल में छिपाकर करोड़ों का सोना देश के अलग-अलग शहरों तक पहुंचाया जा रहा था। गुवाहाटी और कोलकाता से शुरू हुआ यह नेटवर्क मुंबई, दिल्ली और अहमदाबाद तक फैला हुआ था। डीआरआई की कार्रवाई में 10 करोड़ रुपए से ज्यादा का सोना जब्त हुआ और मास्टरमाइंड समेत 11 लोग गिरफ्तार किए गए, लेकिन शुरुआती जांच में सामने आया 475 करोड़ रुपए का आंकड़ा इस पूरे नेटवर्क की बड़ी तस्वीर सामने रखता है। अब जांच एजेंसी की नजर इस नेटवर्क से जुड़े बाकी लोगों और तस्करी के सोने की पूरी सप्लाई चेन पर है।

Back to top button
error: Content is protected !!