Google Analytics —— Meta Pixel

जंग के मैदान में उतरीं महिलाएं, ईरान से बलूचिस्तान तक महिला ब्रिगेड ने संभाला मोर्चा

Iran Women Brigade: मिडिल ईस्ट से लेकर दक्षिण एशिया तक सुलग रही जंग की आग अब एक बेहद खतरनाक और चौंकाने वाले मोड़ पर आ गई है। भू-राजनीतिक संघर्ष के इस मौजूदा दौर में अब मैदान-ए-जंग की परिभाषा पूरी तरह बदल चुकी है और इस खूनी खेल में महिलाओं ने खुद अग्रिम मोर्चे यानी फ्रंटलाइन पर कमान संभाल ली है। ईरान से लेकर बलूचिस्तान तक हर तरफ महिलाओं के हथियारों से लैस होने और दुश्मनों को टक्कर देने की तस्वीरें सामने आ रही हैं। ईरान में मौजूदा भू-राजनीतिक हालात बेहद तनावपूर्ण बने हुए हैं। 28 फरवरी से मिडिल ईस्ट में जारी जंग अब अपने सबसे भीषण दौर में पहुंच चुकी है। हर दिन हो रहे हमलों ने पूरे क्षेत्र को दहला दिया है।

यह भी पढ़ें:- दिसंबर में निकाय-पंचायत चुनाव की तैयारी तेज, 23 अक्टूबर को आएगी प्रारंभिक मतदाता सूची

एक तरफ जहां खाड़ी क्षेत्र के अहम स्ट्रेटेजिक पॉइंट यानी ‘स्ट्रेट ऑफ होर्मुज’ को लेकर अमेरिका और ईरान के बीच ठनी हुई है, वहीं तेहरान ने अपनी रणनीति का दायरा और बड़ा कर दिया है। इसी कड़ी में ईरान ने अपनी महिला ब्रिगेड को जंग के लिए तैयार करने का बड़ा ऐलान किया है। देश भर में ‘डिवोटेड ऑफ ईरान’ अभियान के तहत महिला वालंटियर्स को युद्ध के मैदान की हर बारीकी सिखाई जा रही है। इस मिलिट्री ट्रेनिंग प्रोग्राम में महिलाओं को अत्याधुनिक हथियारों के संचालन से लेकर अचूक निशानेबाजी और जटिल सैन्य अभियानों से जुड़े स्किल्स सिखाए जा रहे हैं। तेहरान में ईरानी महिलाएं अब बंदूक, ड्रोन, एंटी-टैंक हथियार और फर्स्ट ऐड की विशेष ट्रेनिंग ले रही हैं। (Iran Women Brigade)

ईरान हमारे लिए सिर्फ एक जमीन का टुकड़ा नहीं: महिला वालंटियर्स

महिला वालंटियर्स ने कहा कि ईरान हमारे लिए सिर्फ एक जमीन का टुकड़ा नहीं है। ये हमारी मातृभूमि, हमारी पहचान, हमारा इतिहास, हमारी संस्कृति और हमारी जड़ें हैं। इसलिए हम अपने देश के प्रति जिम्मेदारी महसूस करते हैं और मुश्किल हालात में कभी भी अपने देश को अकेला नहीं छोड़ेंगे। हमारा यहां होने के पीछे का मकसद अपने देश की रक्षा करना है। हम अपने देश और अपने लोगों से प्यार करते हैं और उनकी रक्षा में अपना छोटा-सा ही सही, लेकिन पूरा योगदान देना चाहते हैं। ईरानी प्रशासन और सैन्य नेतृत्व इस पहल को क्षेत्रीय सुरक्षा चुनौतियों के बीच नागरिक और आंतरिक रक्षा तैयारियों को मजबूत करने की एक बड़ी कवायद के तौर पर देख रहा है। अमेरिका और उसके सहयोगियों के साथ चल रहे कड़े टकराव के बीच, ईरान अब अपनी आधी आबादी को सिर्फ दर्शक नहीं, बल्कि फ्रंटलाइन रक्षक के तौर पर मैदान में उतारने की पूरी तैयारी कर चुका है।

बलूचिस्तान में उतरी ‘KAAD’ महिला ब्रिगेड

दूसरी ओर दक्षिण एशिया में बलूचिस्तान में महिला ब्रिगेड एक कदम आगे निकल चुकी हैं। बलूचिस्तान में सक्रिय बलूच लिबरेशन फ्रंट (BLF) ने अपनी महिला सशस्त्र इकाई ‘करीमा आर्म्ड असॉल्ट डिवीजन’ (KAAD) की पहली सशस्त्र कार्रवाई का आधिकारिक दावा किया है। संगठन की ओर से जारी फुटेज में महिला लड़ाकों को हथियारों के साथ कड़ा सैन्य प्रशिक्षण लेते हुए साफ देखा जा सकता है। इस नई महिला यूनिट का नाम मानवाधिकार कार्यकर्ता रहीं दिवंगत करीमा बलूच के नाम पर रखा गया है। BLF के साफ निर्देश हैं कि इस यूनिट की भूमिका केवल कागजी या सांकेतिक नहीं होगी, बल्कि खुफिया जानकारी जुटाना, संचार तंत्र संभालना, चिकित्सा सहायता और लॉजिस्टिक्स देना, सीधे लड़ाकू अभियानों में मोर्चा संभालना शामिल हैं।

बदल रही है जंग के मैदान की परिभाषा

बदली हुई भू-राजनीतिक परिस्थितियों में यह साफ हो चुका है कि अब जंग के मैदान की परिभाषा बदल रही है। ईरान से लेकर बलूचिस्तान तक दुश्मनों से ‘दो-दो हाथ’ करने के लिए महिलाएं अब घरों से निकलकर सीधे रणक्षेत्र में उतर चुकी हैं। चाहे ईरान का मिलिट्री ड्रिल हो या बलूचिस्तान की KAAD यूनिट का आक्रामक रुख- यह इस बात का स्पष्ट संकेत है कि आने वाले दिनों में संघर्ष के ये मोर्चे और ज्यादा गंभीर होने वाले हैं। जंग के मैदान में महिलाओं का उतरना वैश्विक संघर्षों के एक नए और खतरनाक अध्याय की शुरुआत है। आने वाले दिनों में यह देखना अहम होगा कि मिडिल ईस्ट और दक्षिण एशिया के इन सुलगते मोर्चों पर महिला ब्रिगेड की यह सक्रियता भू-राजनीतिक समीकरणों को कितना बदलती है। (Iran Women Brigade)

Back to top button
error: Content is protected !!