Google Analytics —— Meta Pixel

वॉट्सएप बिजनेस के नियमों में बड़ा बदलाव, 1 अक्टूबर से सर्विस मैसेज पर लगेगा चार्ज, जानिए आम यूजर्स पर कितना असर ?

WhatsApp Business Platform: 1 अक्टूबर 2026 से वॉट्सएप बिजनेस प्लेटफॉर्म का इस्तेमाल करने वाली बड़ी कंपनियों और कारोबारों के लिए मैसेजिंग के नियम बदलने जा रहे हैं। इसके तहत कंपनियों को ग्राहकों को भेजे जाने वाले कुछ सर्विस और यूटिलिटी मैसेज के लिए शुल्क देना होगा। हालांकि इसका असर आम वॉट्सएप यूजर्स पर नहीं पड़ेगा। आम लोग पहले की तरह वॉट्सएप पर बिजनेस को मैसेज करने, रिप्लाई पाने या अपडेट हासिल करने के लिए कोई शुल्क नहीं देंगे। वहीं छोटे कारोबारी जो वॉट्सएप बिजनेस एप इस्तेमाल करते हैं, उनके लिए भी सेवा पहले की तरह मुफ्त रहेगी।

यह भी पढ़ें:- 10 साल में 62% बढ़े छात्र आत्महत्या के मामले, 2015 में 8,934 से 2024 में 14,488 तक पहुंचा आंकड़ा, चिंता के केंद्र में IIT कैंपस 

अब तक के नियमों के मुताबिक जब कोई ग्राहक किसी बिजनेस को वॉट्सएप पर मैसेज करता था तो कंपनी अगले 24 घंटे की विंडो में ग्राहक को बिना अतिरिक्त शुल्क के जवाब दे सकती थी। इस दौरान ऑर्डर कन्फर्मेशन, डिलीवरी अपडेट, ट्रैकिंग लिंक या दूसरी सर्विस संबंधी जानकारी भेजी जा सकती थी, लेकिन 1 अक्टूबर से वॉट्सएप बिजनेस प्लेटफॉर्म पर इन मैसेज के लिए तय दरों के मुताबिक शुल्क लिया जाएगा। नए नियमों के तहत कंपनियों को 30 सितंबर तक अपने अकाउंट में पेमेंट का तरीका जोड़ना होगा। ऐसा नहीं करने पर 1 अक्टूबर से उनके सर्विस मैसेज की डिलीवरी रोकी जा सकती है। हालांकि ग्राहकों के सवालों के जवाब देने के लिए हर बिजनेस नंबर को हर महीने 1,000 सर्विस मैसेज मुफ्त मिलेंगे। यह लिमिट खत्म होने के बाद अतिरिक्त सर्विस मैसेज पर शुल्क देना होगा। (WhatsApp Business Platform)

अलग-अलग कैटेगरी के लिए अलग-अलग रेट तय

मैसेज की अलग-अलग कैटेगरी के लिए अलग-अलग रेट तय किए गए हैं। यूटिलिटी मैसेज जैसे ऑर्डर कन्फर्मेशन और डिलीवरी अपडेट के लिए प्रति मैसेज ₹0.115 का शुल्क होगा। ऑथेंटिकेशन मैसेज, जैसे OTP के लिए भी ₹0.115 प्रति मैसेज की दर तय है। वहीं कस्टमर सपोर्ट या ग्राहक के सवालों के जवाब वाले सर्विस मैसेज के लिए भी ₹0.115 प्रति मैसेज देना होगा। जबकि मार्केटिंग मैसेज, जैसे प्रमोशनल ऑफर और सेल की जानकारी भेजने पर ₹0.8631 प्रति मैसेज शुल्क लगेगा। इन दरों में 18 फीसदी GST शामिल नहीं है। वहीं 24 घंटे की सर्विस विंडो खत्म होने के बाद भेजे जाने वाले मैसेज पर पहले से ही शुल्क लगता था और यह व्यवस्था आगे भी जारी रहेगी। इसके अलावा अगर कोई ग्राहक फेसबुक या इंस्टाग्राम पर किसी विज्ञापन में दिए गए वॉट्सएप बटन के जरिए कंपनी से बातचीत शुरू करता है तो कंपनी को अगले 72 घंटे तक मैसेज भेजने पर शुल्क नहीं देना होगा। (WhatsApp Business Platform)

यह बदलाव आम यूजर्स के लिए नहीं

दरअसल, वॉट्सएप बिजनेस प्लेटफॉर्म आम वॉट्सएप या छोटे कारोबारियों के लिए उपलब्ध वॉट्सएप बिजनेस एप से अलग है। यह बड़ी कंपनियों के लिए बनाया गया एक सॉफ्टवेयर सिस्टम है, जिसे कंपनियां अपने कंप्यूटर सिस्टम या दूसरे सॉफ्टवेयर से जोड़कर इस्तेमाल करती हैं। बैंक, एयरलाइंस, ई-कॉमर्स और फूड डिलीवरी जैसी कंपनियां इसके जरिए ग्राहकों को OTP, ऑर्डर और डिलीवरी अपडेट, टिकट की जानकारी और ऑटोमेटेड कस्टमर सपोर्ट उपलब्ध कराती हैं। ऐसे में 1 अक्टूबर से होने वाला बदलाव मुख्य रूप से इसी बड़े पैमाने वाले बिजनेस मैसेजिंग सिस्टम पर लागू होगा, न कि आम वॉट्सएप इस्तेमाल करने वाले लोगों पर। कुल मिलाकर 1 अक्टूबर से वॉट्सएप पर होने वाला यह बदलाव आम यूजर्स के लिए नहीं है। इसका असर मुख्य रूप से वॉट्सएप बिजनेस प्लेटफॉर्म के जरिए बड़े पैमाने पर ग्राहकों को मैसेज भेजने वाली कंपनियों पर पड़ेगा। ग्राहकों को वॉट्सएप इस्तेमाल करने या कंपनियों से रिप्लाई और अपडेट लेने के लिए कोई अतिरिक्त शुल्क नहीं देना होगा।

Back to top button
error: Content is protected !!