चुनाव आयोग के खिलाफ विपक्ष लामबंद, 19 विपक्षी दलों का 2 से 8 अक्टूबर तक देशभर में प्रदर्शन, 1 नवंबर को दिल्ली में बड़ी रैली

INDIA Bloc Meeting 2026: चुनाव आयोग और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ विपक्ष का आंदोलन अब देशव्यापी रूप लेने जा रहा है। INDIA ब्लॉक की बुधवार को नई दिल्ली के कॉन्स्टिट्यूशन क्लब में हुई बैठक में 19 विपक्षी दलों ने चुनावी प्रक्रिया, मतदाता सूची में बदलाव और SIR को लेकर साझा आंदोलन का फैसला किया। करीब तीन घंटे चली बैठक के बाद विपक्ष ने 2 से 8 अक्टूबर तक देशभर में ‘सेव डेमोक्रेसी मार्च’ निकालने और 6 अक्टूबर को सभी विपक्षी सांसदों के साथ चुनाव आयोग तक मार्च करने का ऐलान किया। इसके अलावा 1 नवंबर को दिल्ली में ‘वोट चोरी’ के मुद्दे पर बड़ी रैली आयोजित करने की घोषणा की गई है।
यह भी पढ़ें:- वॉट्सएप बिजनेस के नियमों में बड़ा बदलाव, 1 अक्टूबर से सर्विस मैसेज पर लगेगा चार्ज, जानिए आम यूजर्स पर कितना असर ?
बैठक में विपक्षी दलों ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को हटाने की मांग को लेकर संसद में प्रस्ताव लाने, मतदाता सूची से हटाए गए नामों को सार्वजनिक करने और नाम हटाने से पहले संबंधित मतदाताओं को नोटिस समेत अपील का मौका देने की मांग उठाई। विपक्ष ने चुनाव में EVM के बजाय बैलेट पेपर के इस्तेमाल की मांग भी दोहराई है। INDIA ब्लॉक के नेताओं का कहना है कि मतदाता सूची में पारदर्शिता और चुनावी प्रक्रिया में जवाबदेही सुनिश्चित की जानी चाहिए। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने बैठक के बाद चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली को लेकर केंद्र सरकार पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह के प्रभाव में चुनाव आयोग को कठपुतली बना दिया गया है और विपक्ष जिस मुद्दे को वोट चोरी कह रहा है, उसके खिलाफ देशभर में आंदोलन किया जाएगा। (INDIA Bloc Meeting 2026)

INDIA ब्लॉक की ओर से जारी कार्यक्रम के मुताबिक 2 से 8 अक्टूबर तक जिला स्तर पर ‘सेव डेमोक्रेसी मार्च’ निकाले जाएंगे और जिला स्तर पर प्रदर्शन किए जाएंगे। 6 अक्टूबर को विपक्षी सांसद चुनाव आयोग तक मार्च करेंगे। इसके बाद अक्टूबर के दूसरे हफ्ते में INDIA ब्लॉक के नेता राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से मुलाकात कर अपनी मांगों और चुनावी प्रक्रिया से जुड़े मुद्दों पर ज्ञापन देने की योजना बना रहे हैं। 1 नवंबर को दिल्ली में ‘वोट चोरी’ के मुद्दे पर बड़ी रैली प्रस्तावित है। विपक्षी दलों ने SIR और चुनावी प्रक्रिया से जुड़े लंबित मामलों को जल्द निपटाने की अपील सुप्रीम कोर्ट से करने की बात भी कही है। बैठक में कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने भी चुनाव आयोग और केंद्र सरकार पर निशाना साधा। राहुल ने आरोप लगाया कि BJP, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, अमित शाह और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार लोकतंत्र पर हमला कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि विपक्ष एक गठबंधन के रूप में लोकतांत्रिक व्यवस्था से जुड़े मुद्दों को लेकर आगे बढ़ेगा।

राहुल गांधी इससे पहले 24 सितंबर को भी चुनावी प्रक्रिया और SIR को लेकर गंभीर आरोप लगा चुके हैं और ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग कर चुके हैं। बैठक में पश्चिम बंगाल की पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने भी चुनावी प्रक्रिया को लेकर भाजपा पर आरोप लगाए। वहीं RJD नेता तेजस्वी यादव ने फॉर्म-6 में बदलाव को विपक्ष के दबाव का परिणाम बताते हुए इसे विपक्ष की उपलब्धि बताया। शिवसेना (UBT) के नेता संजय राउत ने भी महाराष्ट्र में ज्ञानेश कुमार के खिलाफ प्रदर्शन का जिक्र किया। INDIA ब्लॉक की बैठक में कांग्रेस, समाजवादी पार्टी, तृणमूल कांग्रेस, NCP (SP), शिवसेना (UBT), RJD, CPM, CPI, जम्मू-कश्मीर नेशनल कॉन्फ्रेंस, PDP, JMM, CPI-ML, IUML, KC (M), MDMK, VCK, RSP, AIFB और KC (J) समेत 19 दल शामिल हुए। बता दें कि इन दलों के लोकसभा में 178 और राज्यसभा में 62 सांसद हैं। (INDIA Bloc Meeting 2026)

विपक्ष का चुनाव आयोग को लेकर विरोध अचानक शुरू नहीं हुआ है। कांग्रेस ने अक्टूबर 2024 में हरियाणा विधानसभा चुनाव के नतीजों के बाद EVM और मतगणना को लेकर सवाल उठाए थे। इसके बाद अगस्त 2025 में कर्नाटक के महादेवपुरा में मतदाता सूची में कथित गड़बड़ी को लेकर राहुल गांधी ने ‘वोट चोरी’ का मुद्दा उठाया। अगस्त-सितंबर 2025 में बिहार में ‘वोटर अधिकार यात्रा’ के दौरान SIR के जरिए मतदाताओं के नाम काटे जाने का आरोप लगाया गया। इसके बाद नवंबर 2025 में ‘H-Files’ प्रेस कॉन्फ्रेंस, दिसंबर 2025 में संसद में CCTV से जुड़े सवाल और दिल्ली के रामलीला मैदान में ‘वोट चोर, गद्दी छोड़’ रैली के जरिए कांग्रेस ने इस मुद्दे को लगातार उठाया। सितंबर 2026 में राहुल गांधी ने फिर चुनाव आयोग और मुख्य चुनाव आयुक्त पर निशाना साधा और अब INDIA ब्लॉक ने इसे संयुक्त आंदोलन का रूप दे दिया है। (INDIA Bloc Meeting 2026)

यह INDIA ब्लॉक गठबंधन के गठन के बाद हुई आठवीं बैठक है। इससे पहले जून 2023 में पटना, जुलाई 2023 में बेंगलुरु, अगस्त-सितंबर 2023 में मुंबई, दिसंबर 2023 में नई दिल्ली, जनवरी 2024 में वर्चुअल बैठक और जून 2024 में नई दिल्ली में बैठक हुई थी। जून 2026 में भी नई दिल्ली में विपक्षी दलों की बैठक हुई थी। 30 सितंबर 2026 की बैठक में 19 दलों ने हिस्सा लेकर चुनाव आयोग और मतदाता सूची से जुड़े मुद्दों पर संयुक्त आंदोलन का फैसला किया। अब विपक्षी दलों की नजर 2 अक्टूबर से शुरू होने वाले ‘सेव डेमोक्रेसी मार्च’ पर है। 6 अक्टूबर को चुनाव आयोग तक प्रस्तावित मार्च और 1 नवंबर को दिल्ली की बड़ी रैली के जरिए INDIA ब्लॉक चुनावी प्रक्रिया से जुड़े अपने आरोपों और मांगों को राष्ट्रीय स्तर पर उठाने की तैयारी में है। ऐसे में आने वाले दिनों में SIR, मतदाता सूची, EVM और चुनाव आयोग की भूमिका को लेकर राजनीतिक बहस और तेज होने की संभावना है। INDIA ब्लॉक ने अब चुनाव आयोग और मतदाता सूची के मुद्दे को लेकर आंदोलन का रोडमैप तय कर दिया है। 2 अक्टूबर से देशभर में प्रदर्शन, 6 अक्टूबर को चुनाव आयोग तक मार्च और 1 नवंबर को दिल्ली की बड़ी रैली के साथ विपक्ष इस मुद्दे को आगे बढ़ाएगा।




