Google Analytics —— Meta Pixel

दिवेआगर बीच पर बड़ा हादसा: समुद्र में डूबे 8 छात्र, सभी की मौत

पुणे के आलंदी से पिकनिक पर आए थे छात्र, रेस्क्यू के बाद सभी के शव बरामद; प्रशासन ने शुरू की जांच

Diveagar Beach Accident : महाराष्ट्र के रायगढ़ जिले के प्रसिद्ध दिवेआगर समुद्र तट पर आज गुरुवार को बड़ा हादसा हो गया। पुणे के आलंदी से पिकनिक पर आए 8 छात्रों की समुद्र में डूबने से मौत हो गई। हादसे के बाद मौके पर हड़कंप मच गया। स्थानीय बचाव दल, महाकाली वाटर स्पोर्ट्स के कर्मचारियों, स्थानीय नागरिकों और पर्यटकों ने रेस्क्यू अभियान चलाकर सभी आठ छात्रों के शव समुद्र से बाहर निकाले।

जानकारी के मुताबिक, पुणे जिले के आलंदी से एक निजी क्लास के छात्रों का समूह पिकनिक के लिए दिवेआगर पहुंचा था। समुद्र में उतरने के दौरान पानी की गहराई और लहरों का अंदाजा नहीं होने के कारण छात्र हादसे का शिकार हुए। हालांकि, हादसा किन परिस्थितियों में हुआ, इसकी विस्तृत जानकारी प्रशासन द्वारा जुटाई जा रही है। (Diveagar Beach Accident)

स्थानीय लोगों ने चलाया रेस्क्यू ऑपरेशन

घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय बचाव दल मौके पर पहुंचा। महाकाली वाटर स्पोर्ट्स के कर्मचारियों के साथ स्थानीय नागरिकों और वहां मौजूद पर्यटकों ने भी बचाव अभियान में सहयोग किया। काफी मशक्कत के बाद समुद्र से सभी आठ छात्रों के शव बाहर निकाले गए। शवों को आगे की कानूनी प्रक्रिया के लिए बोर्ली पंचतन प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया है।

समुद्र में उतरने से पहले सावधानी की अपील

स्थानीय बचाव दल के अनुसार, दिवेआगर में बड़ी संख्या में बाहरी पर्यटक और छात्र आते हैं। समुद्र में उतरने से पहले लोगों को पानी की गहराई, तेज लहरों और ज्वार-भाटे को लेकर सावधान किया जाता है। मानसून के दौरान समुद्र की स्थिति अधिक जोखिमपूर्ण हो सकती है। प्रशासन हादसे से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रहा है।

मंत्री अदिति तटकरे ने जताया दुख

घटना पर मंत्री अदिति तटकरे ने दुख जताते हुए इसे बेहद दुर्भाग्यपूर्ण बताया। उन्होंने प्रशासन और बचाव दल को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने शैक्षणिक भ्रमण और पिकनिक के दौरान विशेष रूप से मानसून के मौसम में समुद्र एवं अन्य जल क्षेत्रों में सावधानी बरतने की अपील की। हादसे की सूचना मिलने के बाद मृत छात्रों के परिजनों को भी जानकारी दी गई। (Diveagar Beach Accident)

यह भी पढ़े :- Chhattisgarh Rajyotsav – राज्योत्सव की तैयारियां तेज, रायपुर में होगा वायुसेना का ‘सारंग’ हेलीकॉप्टर शो

Back to top button
error: Content is protected !!