घरेलू विवाद के बाद खौफनाक वारदात, दादा-पोते पर पेट्रोल डालकर लगाई आग; आरोपी गिरफ्तार
सूरजपुर। छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले में घरेलू विवाद के बाद एक व्यक्ति पर अपने ससुराल में घुसकर सो रहे ससुर और 6 वर्षीय बच्चे पर पेट्रोल डालकर आग लगाने का आरोप लगा है। घटना रामानुजनगर थाना क्षेत्र की है। आग की चपेट में आने से दादा और पोता करीब 20 प्रतिशत झुलस गए। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।
पत्नी से विवाद के बाद ससुराल पहुंचा था आरोपी
पुलिस के मुताबिक, रामानुजनगर थाना क्षेत्र के खालापार निवासी भजन सिंह का अपनी पत्नी संगीता के साथ विवाद चल रहा था। विवाद के दौरान मारपीट के बाद संगीता अपने मायके चली गई थी।
कई दिनों तक पत्नी के वापस नहीं लौटने पर भजन सिंह अपने ससुराल पहुंचा। वहां पत्नी के नहीं मिलने पर उसने इसके लिए अपने साले कल सिंह को जिम्मेदार ठहराते हुए उसके साथ विवाद किया। पुलिस के अनुसार, इस दौरान आरोपी ने ससुराल पक्ष के लोगों को जान से मारने की धमकी भी दी और वहां से चला गया।
देर रात घर में घुसकर पेट्रोल से लगाई आग
पुलिस के अनुसार, देर रात आरोपी दोबारा अपने ससुराल पहुंचा और घर की टटरी खोलकर अंदर दाखिल हुआ। उस समय 6 वर्षीय सत्यम सिंह और उसके दादा जय सिंह एक ही बिस्तर पर कंबल ओढ़कर सो रहे थे।
आरोप है कि भजन सिंह ने दोनों के ऊपर पेट्रोल छिड़का और माचिस से आग लगा दी। अचानक आग लगने से घर में अफरा-तफरी मच गई। घटना में सत्यम सिंह और जय सिंह करीब 20 प्रतिशत झुलस गए।
पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने मामले की जांच शुरू की और आरोपी भजन सिंह को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उसके खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
पुलिस घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है। घरेलू विवाद के बाद हुई इस वारदात से इलाके में सनसनी फैल गई है।



