Google Analytics —— Meta Pixel

रायपुर में 7 और 8 अक्टूबर को राज्य स्तरीय रोजगार मेला, 8700 से ज्यादा पदों पर होगी भर्ती, 10वीं पास से मास्टर्स तक के युवा कर सकेंगे आवेदन

Raipur Job Fair 2026: छत्तीसगढ़ के शिक्षित बेरोजगार युवाओं के लिए निजी क्षेत्र में नौकरी पाने का सुनहरा अवसर है। कौशल विकास, तकनीकी शिक्षा और रोजगार विभाग की ओर से 7 और 8 अक्टूबर 2026 को राजधानी रायपुर के बूढ़ापारा स्थित बलबीर सिंह जुनेजा इंडोर स्टेडियम में राज्य स्तरीय रोजगार मेले का आयोजन किया जा रहा है। रोजगार मेले में प्रदेश समेत अन्य राज्यों की 25 से ज्यादा कंपनी और निजी संस्था शामिल होगी। इस रोजगार मेले में तकनीकी और गैर-तकनीकी क्षेत्रों के 8700 से ज्यादा रिक्त पदों पर भर्ती की जाएगी। अलग-अलग पदों के लिए शैक्षणिक और तकनीकी योग्यता अलग-अलग निर्धारित की गई है। जानकारी के अनुसार 10वीं कक्षा से लेकर PG तक की शैक्षणिक योग्यता रखने वाले अभ्यर्थी अलग-अलग पदों के लिए आवेदन कर सकते हैं।

यह भी पढ़ें:- AI से लेकर ग्रीन एनर्जी तक छत्तीसगढ़ में निवेश की नई उड़ान, सिंगापुर से मिले 43,250 रुपए करोड़ के प्रस्ताव

रोजगार मेले में शामिल होने के लिए अभ्यर्थियों की न्यूनतम आयु 18 साल और अधिकतम आयु 45 साल निर्धारित की गई है। संबंधित पद के अनुसार अभ्यर्थियों से तकनीकी योग्यता या अन्य निर्धारित पात्रता भी मांगी जा सकती है। चयन होने पर पद और अभ्यर्थी की योग्यता के अनुसार 10 हजार रुपए से लेकर 35 हजार रुपए तक मासिक वेतन मिलने की जानकारी दी गई है। यानी अलग-अलग कंपनियों और पदों के हिसाब से वेतनमान अलग रहेगा। रोजगार मेले में छत्तीसगढ़ के अलावा अन्य राज्यों की कंपनियों और निजी प्रतिष्ठानों की भी भागीदारी प्रस्तावित है। विभाग की ओर से ज्यादा से ज्यादा निजी संस्थानों को मेले में शामिल कराने की तैयारी की गई है, ताकि युवाओं को अलग-अलग क्षेत्रों में उपलब्ध नौकरियों की जानकारी मिल सके और वे अपनी योग्यता के अनुसार संबंधित पदों के लिए आवेदन कर सकें। (Raipur Job Fair 2026)

पहले करना होगा ऑनलाइन पंजीयन

रोजगार मेले में उपलब्ध रिक्तियों में तकनीकी और गैर-तकनीकी दोनों तरह के पद शामिल हैं। अभ्यर्थी कंपनियों और संस्थानों की ओर से उपलब्ध पदों, योग्यता और अन्य शर्तों की जानकारी लेकर मौके पर चयन प्रक्रिया या साक्षात्कार में शामिल हो सकेंगे। रोजगार मेले में शामिल होने के लिए इच्छुक अभ्यर्थियों को पहले ई-रोजगार पोर्टल erojgar.cg.gov.in पर पंजीयन करना होगा। पोर्टल पर उपलब्ध रिक्तियों की जानकारी देखने के साथ अभ्यर्थी रोजगार मेले के लिए अपना पंजीयन और ऑनलाइन आवेदन भी कर सकते हैं। पोर्टल पर अलग-अलग कंपनियों की ओर से उपलब्ध पद, आवश्यक शैक्षणिक योग्यता और अन्य पात्रता संबंधी जानकारी देखी जा सकती है। आवेदन करने के बाद पात्र अभ्यर्थियों को निर्धारित तिथि पर रायपुर के बलबीर सिंह जुनेजा इंडोर स्टेडियम पहुंचकर रोजगार मेले में शामिल होना होगा। (Raipur Job Fair 2026)

चयनित युवाओं को मिल सकता है ऑफर लेटर

रोजगार मेले के दौरान चयनित अभ्यर्थियों को ऑफर लेटर दिए जाने की भी तैयारी की गई है। विभाग के अनुसार राज्य और जिला स्तर पर आयोजित होने वाले रोजगार मेलों में चयनित आवेदकों को कार्यक्रम के दौरान ही ऑफर लेटर उपलब्ध कराने की व्यवस्था की जा रही है। हालांकि अलग-अलग कंपनियों में चयन की प्रक्रिया और शर्तें संबंधित कंपनी के पद के अनुसार निर्धारित होंगी। इसलिए अभ्यर्थियों के लिए आवेदन करने से पहले संबंधित रिक्ति की योग्यता और अन्य शर्तों की जानकारी देखना जरूरी होगा। इस रोजगार मेले में सिर्फ रायपुर जिले के ही नहीं, बल्कि सरगुजा, कबीरधाम समेत छत्तीसगढ़ के अन्य जिलों के पात्र युवा भी शामिल हो सकते हैं। (Raipur Job Fair 2026)

रोजगार मेला पूरी तरह निःशुल्क

इस रोजगार मेले में शामिल होने के लिए अभ्यर्थियों से किसी तरह का शुल्क नहीं लिया जाएगा। यानी रजिस्ट्रेशन या रोजगार मेले में शामिल होने के लिए किसी प्रकार की फीस नहीं देनी होगी। अभ्यर्थियों को सलाह दी गई है कि वे किसी भी पद के लिए आवेदन करने से पहले संबंधित कंपनी और रिक्ति की जानकारी पोर्टल पर अच्छी तरह जांच लें। राज्य स्तरीय रोजगार मेले में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय मुख्य आतिथ्य के रूप में शामिल होंगे। वहीं कौशल विकास, तकनीकी शिक्षा और रोजगार विभाग मंत्री गुरु खुशवंत साहेब इसकी अध्यक्षता करेंगे। विभाग की ओर से रोजगार मेले में युवाओं की ज्यादा से ज्यादा भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए ग्राम पंचायतों, नगरीय निकायों और अन्य माध्यमों से जानकारी पहुंचाने की व्यवस्था की जा रही है।

अभ्यर्थी क्या करें ?

रोजगार मेले में शामिल होने के इच्छुक युवाओं को पहले ई-रोजगार पोर्टल पर जाकर अपना पंजीयन करना चाहिए। इसके बाद अपनी शैक्षणिक योग्यता और कौशल के अनुरूप उपलब्ध रिक्तियों की जानकारी देखकर संबंधित पद के लिए ऑनलाइन आवेदन किया जा सकता है। आवेदन प्रक्रिया पूरी करने के बाद अभ्यर्थी को 7 या 8 अक्टूबर को निर्धारित समय पर रायपुर के बलबीर सिंह जुनेजा इंडोर स्टेडियम पहुंचना होगा। साक्षात्कार और चयन प्रक्रिया के दौरान संबंधित कंपनी की ओर से मांगे जाने वाले दस्तावेज अपने साथ रखना भी जरूरी होगा। फिलहाल रोजगार मेले के जरिए युवाओं को निजी क्षेत्र में उपलब्ध अलग-अलग नौकरियों के लिए सीधे आवेदन और चयन प्रक्रिया में शामिल होने का मौका मिलेगा, इसलिए इच्छुक अभ्यर्थी आवेदन से पहले पोर्टल पर उपलब्ध पदों और उनकी पात्रता की जानकारी जरूर जांच लें और निर्धारित तिथि पर आवश्यक दस्तावेजों के साथ रायपुर पहुंचें।

Back to top button
error: Content is protected !!