अब दिल्ली दूर नहीं…सरगुजा को मिली बड़ी रेल सौगात, अंबिकापुर से हजरत निजामुद्दीन के लिए अब हफ्ते में दो दिन ट्रेन

Rail facilities in Sarguja: छत्तीसगढ़ के सरगुजा संभाग के रेल यात्रियों को बड़ी सुविधा मिली है। अंबिकापुर से हजरत निजामुद्दीन के बीच संचालित एक्सप्रेस ट्रेन की सेवा अब हफ्ते में एक दिन के स्थान पर दो दिन उपलब्ध होगी। मंगलवार को अंबिकापुर रेलवे स्टेशन से साप्ताहिक ट्रेन को सांसद चिंतामणि महाराज ने हरी झंडी दिखाकर निर्धारित सुबह 7.30 पर रवाना किया। इस दौरान उन्होंने ट्रेन में सफर कर रहे यात्रियों से मुलाकात कर उन्हें पुष्प भेंट किए और सुखद यात्रा की शुभकामनाएं दी। दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे बिलासपुर मंडल की ओर से गाड़ी संख्या 22407 अंबिकापुर-हजरत निजामुद्दीन एक्सप्रेस का संचालन अब प्रत्येक मंगलवार और गुरुवार को किया जाएगा।
यह भी पढ़ें:- छत्तीसगढ़ के जंगलों को ग्लोबल टूरिज्म मॉडल से जोड़ेंगे CM साय, सिंगापुर के Mandai Wildlife Reserve में देखी व्यवस्थाएं
ट्रेन अंबिकापुर से सुबह 7.30 बजे रवाना होगी। वहीं गाड़ी संख्या 22408 हजरत निजामुद्दीन-अंबिकापुर एक्सप्रेस प्रत्येक रविवार और मंगलवार को रात 11 बजे हजरत निजामुद्दीन से रवाना होगी। सेवा आवृत्ति बढ़ाए जाने से सरगुजा संभाग के यात्रियों को राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र के लिए हफ्ते में एक अतिरिक्त सीधी रेल सेवा उपलब्ध हो गई है। सांसद चिंतामणि महाराज ने कहा कि अंबिकापुर से दिल्ली के लिए हफ्ते में दो दिन ट्रेन संचालन की मांग लंबे समय से की जा रही थी। इसके लिए लगातार प्रयास किए जा रहे थे। उन्होंने कहा कि रेल सेवा की आवृत्ति बढ़ने से पूरे सरगुजा संभाग के लोगों को आवागमन में सुविधा मिलेगी। उन्होंने कहा कि पहले हफ्ते में एक दिन ट्रेन चलने के कारण सभी यात्रियों को यात्रा का अवसर नहीं मिल पाता था। अब अतिरिक्त फेरा शुरू होने से यात्रियों को बेहतर सुविधा मिलेगी। उन्होंने बताया कि प्रथम दिन भी यात्रियों में नई सेवा को लेकर उत्साह दिखाई दिया।

रायगढ़, जशपुर क्षेत्र समेत अन्य स्थानों से भी यात्री इस ट्रेन से यात्रा करने पहुंचे। उन्होंने इस सुविधा के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव और मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के प्रति सरगुजा संभाग की जनता की ओर से आभार व्यक्त किया। डीआरएम राकेश रंजन ने बताया कि क्षेत्र के लोगों की ओर से लंबे समय से दिल्ली के लिए संचालित रेल सेवा को हफ्ते में एक दिन से बढ़ाकर दो दिन करने की मांग की जा रही थी। जनप्रतिनिधियों की मांग के आधार पर रेल मंत्रालय की ओर से ट्रेन की आवृत्ति बढ़ाकर हफ्ते में दो दिन की गई है। उन्होंने कहा कि इससे न केवल अंबिकापुर बल्कि ट्रेन के मार्ग में आने वाले अलग-अलग स्टेशनों के यात्रियों को भी लाभ मिलेगा। उन्होंने उम्मीद जताई कि क्षेत्र के लोग इस अतिरिक्त रेल सेवा का ज्यादा से ज्यादा उपयोग करेंगे। (Rail facilities in Sarguja)
अंबिकापुर रेलवे स्टेशन में बढ़ेंगी सुविधाएं
डीआरएम रंजन ने अंबिकापुर रेलवे स्टेशन में किए जा रहे विकास कार्यों की जानकारी देते हुए बताया कि स्टेशन में नया प्लेटफॉर्म बनाया जा रहा है। रेलवे लाइनों का विस्तार करने के साथ ही बड़े फुट ओवरब्रिज (एफओबी) का निर्माण भी कराया जा रहा है। इसके अतिरिक्त कोचिंग सुविधाओं में सुधार का कार्य किया जा रहा है। भविष्य में अंबिकापुर से और ट्रेनों के संचालन की आवश्यकता को ध्यान में रखते हुए जरूरी अधोसंरचना और सुविधाओं के विस्तार पर कार्य किया जा रहा है। नगर निगम महापौर अंबिकापुर के मंजूषा भगत ने कहा कि अंबिकापुर से दिल्ली के लिए हफ्ते में दो दिन सीधी ट्रेन की सुविधा मिलना नगरवासियों और पूरे क्षेत्र के यात्रियों के लिए उपयोगी है। इससे दिल्ली आने-जाने वाले विद्यार्थियों, मरीजों, व्यापारियों समेत अन्य यात्रियों को आवागमन में सहूलियत मिलेगी। उन्होंने इस रेल सुविधा के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के प्रति नगरवासियों की ओर से आभार व्यक्त किया। (Rail facilities in Sarguja)



