Google Analytics —— Meta Pixel

सिंगापुर दौरे के आखिरी दिन छत्तीसगढ़ को बड़ी निवेश सौगात, कौशल विकास के लिए समझौता और ₹350 करोड़ के एग्रो-फूड प्रोसेसिंग हब की तैयारी

CM Sai in Singapore: मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की सिंगापुर यात्रा के अंतिम दिन छत्तीसगढ़ ने निवेश, कौशल विकास, कृषि प्रसंस्करण, तकनीक और वैश्विक औद्योगिक साझेदारी के क्षेत्र में कई महत्वपूर्ण उपलब्धियां हासिल की। सिंगापुर दौरे के दौरान प्रदेश को मिले प्रत्यक्ष विदेशी निवेश के प्रस्तावों की कुल राशि बढ़कर ₹43,600 करोड़ हो गई है। वहीं अंतिम दिन युवाओं को उद्योगों की जरूरत के अनुरूप तैयार करने के लिए सिंगापुर की आईटीई एजुकेशन सर्विसेज के साथ समझौता किया गया। इसके अलावा एग्रो और फूड प्रोसेसिंग क्षेत्र में ₹350 करोड़ के निवेश प्रस्ताव सामने आए हैं। मुख्यमंत्री साय ने सिंगापुर के विदेश मंत्री डॉ. विवियन बालाकृष्णन से मुलाकात कर छत्तीसगढ़ और सिंगापुर के बीच निवेश, कौशल विकास, शहरी नियोजन और तकनीकी सहयोग बढ़ाने की संभावनाओं पर चर्चा की। 

यह भी पढ़ें:- साइबर और डिजिटल फ्रॉड से निपटने के लिए टेक्नोलॉजी आधारित समाधान जरूरी: PM मोदी

वहीं 15 से ज्यादा वैश्विक कंपनियों के प्रतिनिधियों के साथ हुई बैठक में प्रौद्योगिकी, बैंकिंग, कृषि व्यवसाय, मत्स्य पालन और खाद्य प्रसंस्करण के क्षेत्र में निवेश और साझेदारी के अवसरों पर विस्तार से विचार-विमर्श हुआ। छत्तीसगढ़ ने भारत सरकार के विदेश मंत्रालय के नामांकन पर पहली बार सिंगापुर-इंडिया नेटवर्क फॉर ग्रोथ (सिंग) फोरम 2026 में भी भाग लिया। इस दौरान प्रदेश ने अपनी औद्योगिक क्षमता, निवेश-अनुकूल नीतियों और उपलब्ध संसाधनों को वैश्विक निवेशकों के सामने प्रस्तुत किया। सिंगापुर यात्रा के अंतिम दिन मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की मौजूदगी में छत्तीसगढ़ सरकार और आईटीई एजुकेशन सर्विसेज, सिंगापुर के बीच तकनीकी और व्यावसायिक शिक्षा और प्रशिक्षण के क्षेत्र में समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किए गए। इस समझौते का उद्देश्य छत्तीसगढ़ के युवाओं को उद्योगों की वास्तविक जरूरत के अनुरूप आधुनिक और रोजगारपरक प्रशिक्षण उपलब्ध कराना है। (CM Sai in Singapore)

 

मुख्यमंत्री और प्रतिनिधिमंडल ने सिंगापुर के आईटीई कॉलेज का भ्रमण कर वहां संचालित उद्योग आधारित प्रशिक्षण मॉडल को समझा।सिंगापुर में सिस्को, बीवाईडी और सिंगापुर एयरलाइंस जैसी प्रमुख कंपनियां आईटीई कॉलेजों के साथ मिलकर पाठ्यक्रम तैयार करने, प्रशिक्षण देने और आवश्यक उपकरण उपलब्ध कराने में सहयोग करती हैं। छत्तीसगढ़ में भी इसी तरह उद्योगों और प्रशिक्षण संस्थानों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने की दिशा में काम किया जाएगा। इससे प्रदेश में उद्योगों की आवश्यकता के अनुसार पाठ्यक्रम तैयार करने, प्रशिक्षकों की क्षमता बढ़ाने और युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर विकसित करने में मदद मिलेगी। मुख्यमंत्री साय ने कहा कि निवेश से उद्योग आते हैं और कुशल युवा उन उद्योगों की ताकत बनते हैं। सिंगापुर ने कौशल विकास का प्रभावी मॉडल विकसित किया है और छत्तीसगढ़ चाहता है कि प्रदेश के युवाओं को भी उद्योगों की जरूरत के अनुरूप आधुनिक प्रशिक्षण मिले, ताकि वे अपने ही प्रदेश में बेहतर करियर बना सकें।

साथ ही प्रदेश में आने वाले उद्योगों को आवश्यकतानुसार प्रशिक्षित मानव संसाधन स्थानीय स्तर पर उपलब्ध कराया जा सके। सिंगापुर यात्रा के दौरान कृषि क्षेत्र में मूल्य संवर्धन और किसानों की आय बढ़ाने की दिशा में भी महत्वपूर्ण पहल हुई। मुख्यमंत्री साय ने सिंगापुर की वैलेन्सी इंटरनेशनल प्राइवेट लिमिटेड को छत्तीसगढ़ में लगभग ₹350 करोड़ के निवेश का आमंत्रण दिया। 22 देशों में कारोबार करने वाली यह कंपनी छत्तीसगढ़ में एकीकृत कृषि और खाद्य प्रसंस्करण तथा निर्यात केंद्र स्थापित करने की दिशा में काम करेगी।प्रस्तावित केंद्र में काजू, तिल, दलहन और मूंगफली जैसी कृषि उपज का प्रसंस्करण किया जाएगा। इससे प्रदेश में ही कृषि उत्पादों का मूल्य संवर्धन होगा और किसानों को उनकी उपज के लिए बड़े और नए बाजार उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी। (CM Sai in Singapore)

सिंगापुर के विदेश मंत्री से मुख्यमंत्री साय की मुलाकात

इसके साथ ही प्रसंस्करण, पैकेजिंग, भंडारण और निर्यात से जुड़े क्षेत्रों में स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर भी पैदा होंगे। इससे छत्तीसगढ़ की कृषि अर्थव्यवस्था को वैश्विक बाजार से जोड़ने में मदद मिलने की उम्मीद है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने सिंगापुर के विदेश मंत्री डॉ. विवियन बालाकृष्णन से मुलाकात की। बैठक में छत्तीसगढ़ और सिंगापुर के बीच निवेश और आर्थिक सहयोग के साथ-साथ कौशल विकास, शहरी नियोजन और तकनीक के क्षेत्र में साझेदारी बढ़ाने पर चर्चा हुई। मुख्यमंत्री ने सिंगापुर के विकास मॉडल और उसकी विशेषज्ञता का उपयोग छत्तीसगढ़ के विकास में करने की संभावनाओं पर भी विचार-विमर्श किया। विशेष रूप से शहरी विकास, आधुनिक तकनीक, कौशल निर्माण और निवेश के क्षेत्र में सहयोग को लेकर चर्चा हुई।

15 से ज्यादा वैश्विक कंपनियों के साथ निवेश पर मंथन

मुख्यमंत्री साय ने सिंगापुर में आयोजित मुख्य कार्यकारी अधिकारी गोलमेज बैठक में 15 से ज्यादा वैश्विक कंपनियों के प्रतिनिधियों के साथ संवाद किया। बैठक में टीसीएस, एसएमबीसी, टोलाराम समूह, एग्रोकार्प, इंडियन ओशन ग्रुप और ब्लू एक्वा समेत कई प्रमुख कंपनियों के प्रतिनिधि शामिल हुए। मुख्यमंत्री ने वैश्विक कंपनियों के प्रतिनिधियों को छत्तीसगढ़ की निवेश क्षमता, प्रगतिशील औद्योगिक नीति, सुधार आधारित प्रशासन और निवेश-अनुकूल कारोबारी वातावरण की जानकारी दी। बैठक में प्रौद्योगिकी, बैंकिंग, कृषि व्यवसाय, जलीय कृषि और खाद्य प्रसंस्करण समेत अलग-अलग क्षेत्रों में भविष्य की साझेदारी और निवेश की संभावनाओं पर चर्चा हुई। मुख्यमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ वैश्विक कंपनियों का स्वागत करने के लिए तैयार है। प्रदेश में उपलब्ध प्राकृतिक संसाधन, बेहतर औद्योगिक नीतियां, मानव संसाधन और निवेश-अनुकूल वातावरण राज्य को देश के प्रमुख निवेश केंद्रों में शामिल करने की दिशा में महत्वपूर्ण आधार प्रदान करते हैं।

100 एकड़ के एकीकृत लॉजिस्टिक्स पार्क का प्रस्ताव

मुख्यमंत्री साय ने सिंगापुर में यूनिवर्सल सक्सेस (एस) प्राइवेट लिमिटेड के अध्यक्ष प्रसून मुखर्जी से भी मुलाकात की। कंपनी ने छत्तीसगढ़ में लगभग 100 एकड़ क्षेत्र में एकीकृत लॉजिस्टिक्स पार्क विकसित करने में रुचि दिखाई है। प्रस्तावित परियोजना में करीब ₹700 करोड़ के निवेश का अनुमान है। सिंगापुर की आधुनिक व्यवस्थाओं और सर्वोत्तम कार्यप्रणालियों को आधार बनाकर विकसित किए जाने वाले इस लॉजिस्टिक्स पार्क में आधुनिक भंडारण और शीत-श्रृंखला सुविधाएं उपलब्ध कराने की योजना है। इस परियोजना से प्रदेश की आपूर्ति श्रृंखला को मजबूत करने के साथ कृषि और औद्योगिक उत्पादों के भंडारण समेत परिवहन की व्यवस्था बेहतर होने की उम्मीद है। साथ ही इससे स्थानीय स्तर पर युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर भी पैदा होंगे। (CM Sai in Singapore)

डिजिटल वित्त में युवाओं को प्रशिक्षण देने पर जोर

मुख्यमंत्री साय ने ग्लोबल फाइनेंस एंड टेक्नोलॉजी नेटवर्क के प्रतिनिधियों से भी मुलाकात की। बैठक में समूह के मुख्य कार्यकारी अधिकारी सोपनेंदु मोहंती, भारत, एशिया, जापान और आसियान के मुख्य कार्यकारी अधिकारी जेम्स बोई समेत मुख्य परिचालन अधिकारी एंथनी थॉमस के साथ उनकी टीम शामिल हुई। बैठक में छत्तीसगढ़ के युवाओं को कृत्रिम बुद्धिमत्ता और डिजिटल वित्त के क्षेत्र में प्रशिक्षण देने की संभावनाओं पर चर्चा हुई। इसके अलावा प्रदेश के नवोद्यमों को वैश्विक निवेशकों से जोड़ने और नई तकनीकों के लिए तकनीकी प्रयोगशालाएं स्थापित करने में सहयोग पर भी विचार-विमर्श किया गया। इस पहल से छत्तीसगढ़ के युवाओं को भविष्य की तकनीक आधारित अर्थव्यवस्था के लिए तैयार करने और प्रदेश के नवोद्यमों को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अवसर उपलब्ध कराने में मदद मिल सकती है।

निवेश प्रस्तावों से मजबूत हुई छत्तीसगढ़ की वैश्विक छवि

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की सिंगापुर यात्रा के दौरान छत्तीसगढ़ को कुल ₹43,600 करोड़ के प्रत्यक्ष विदेशी निवेश प्रस्ताव मिले हैं। निवेश प्रस्तावों में कृषि और खाद्य प्रसंस्करण, लॉजिस्टिक्स, तकनीक, बैंकिंग, कृषि व्यवसाय और अन्य औद्योगिक क्षेत्रों में संभावनाएं सामने आई हैं। यात्रा के अंतिम दिन हुए समझौते और निवेश प्रस्ताव इस बात के संकेत हैं कि छत्तीसगढ़ अपनी प्राकृतिक और औद्योगिक क्षमता के साथ-साथ कुशल मानव संसाधन, बेहतर कारोबारी वातावरण और वैश्विक साझेदारी के माध्यम से निवेश आकर्षित करने की दिशा में आगे बढ़ रहा है। मुख्यमंत्री की सिंगापुर यात्रा के दौरान निवेश के साथ-साथ कौशल विकास, तकनीकी शिक्षा, कृत्रिम बुद्धिमत्ता, डिजिटल वित्त, कृषि प्रसंस्करण, लॉजिस्टिक्स और वैश्विक बाजार से जुड़ाव जैसे क्षेत्रों को भी प्राथमिकता दी गई। सिंगापुर दौरे के समापन के साथ छत्तीसगढ़ के लिए निवेश के नए अवसरों के साथ युवाओं के कौशल विकास, किसानों की उपज के मूल्य संवर्धन और आधुनिक तकनीक के उपयोग के नए रास्ते खुलने की उम्मीद है।

Back to top button
error: Content is protected !!