प्रधान आरक्षक की पत्नी और बेटी की हत्या मामले में मुख्य आरोपी कुलदीप साहू समेत 3 को फांसी, चौथे को उम्रकैद की सजा
Surajpur Double Murder Verdict: छत्तीसगढ़ के सूरजपुर के बहुचर्चित मां-बेटी हत्याकांड मामले में स्पेशल कोर्ट ने बड़ा फैसला सुनाया है। कोर्ट ने मुख्य आरोपी कुलदीप साहू समेत तीन दोषियों को फांसी की सजा सुनाई है, जबकि चौथे आरोपी आर्यन विश्वकर्मा को मरते दम तक उम्रकैद की सजा दी गई है। मामले की सुनवाई न्यायाधीश आनंद प्रकाश वारियाल की फास्ट ट्रैक कोर्ट में हुई। आरोपियों को हत्या, दुष्कर्म और पॉक्सो एक्ट समेत गंभीर धाराओं में दोषी ठहराया गया था। कोर्ट ने मुख्य आरोपी कुलदीप साहू समेत फूल सिंह उर्फ रिंकू और चंद्रकांत चौधरी को फांसी की सजा सुनाई गई है। वहीं आरोपी आर्यन विश्वकर्मा को उम्रकैद की सजा दी है। फैसले से पहले न्यायाधीश आनंद प्रकाश वारियाल ने मुख्य आरोपी कुलदीप साहू के आचरण को लेकर नाराजगी जताई। मामले की सुनवाई वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए हुई। कोर्ट के फैसले के बाद पुलिस परिवार और स्थानीय लोगों ने खुशी जताई है।
दरअसल, 29 सितंबर को कोर्ट ने इस मामले में चारों आरोपियों को दोषी करार दिया था। इसके बाद सजा के बिंदु पर सुनवाई हुई। पीड़ित पक्ष के अधिवक्ता संजय अंबस्ट ने मामले को रेयरेस्ट ऑफ रेयर श्रेणी का बताते हुए दोषियों के लिए अधिकतम सजा की मांग की थी। कोर्ट के फैसले के बाद अब इस बहुचर्चित मामले में तीन आरोपियों को मृत्युदंड और एक आरोपी को अंतिम सांस तक उम्रकैद की सजा मिली है। यह मामला 2024 में सूरजपुर में सामने आया था, जिसने पूरे प्रदेश को झकझोर दिया था। आरोपियों ने एक हेड कॉन्स्टेबल के परिवार को निशाना बनाया था। पुलिसकर्मी की पत्नी के साथ दुष्कर्म के बाद उसकी हत्या कर दी गई थी। इसके बाद उसकी बेटी की भी धारदार हथियार से हत्या की गई। दोनों के शवों को घर से करीब 5 किलोमीटर दूर ले जाकर फेंक दिया गया था। शव नग्न अवस्था में मिलने के बाद इलाके में भारी आक्रोश फैल गया था। (Surajpur Double Murder Verdict)
हत्या से पहले हुआ था पुलिसकर्मियों से विवाद
हेड कॉन्स्टेबल जब ड्यूटी के बाद रात में घर पहुंचा तो वहां खून ही खून बिखरा हुआ था। पत्नी और बेटी घर पर नहीं थी। घर की दीवारों और फर्श पर खून के निशान थे। इसके बाद उसने दोनों की तलाश शुरू की। अगले दिन घर से करीब 5 किलोमीटर दूर मां-बेटी के शव बरामद हुए। पूरे हत्याकांड की शुरुआत एक पुराने विवाद से जुड़ी बताई गई। 9 अक्टूबर 2024 की रात शहनाज अख्तर के जगराता कार्यक्रम के दौरान मुख्य आरोपी कुलदीप साहू के भाई संदीप साहू का नवापारा के कुछ युवकों से विवाद हुआ था। इसके दो दिन बाद पुलिस संदीप साहू को अपने साथ ले गई। आरोप लगाया गया कि थाने में उसके साथ मारपीट की गई थी। इस घटना के बाद कुलदीप साहू नाराज था। पुलिस के मुताबिक वह अपने भाई के साथ हुई मारपीट का बदला लेना चाहता था, जिस पुलिसकर्मी के परिवार को बाद में निशाना बनाया गया, उससे कुलदीप का पहले से भी विवाद हुआ था। इसी पुरानी रंजिश और बदले की भावना को हत्याकांड की मुख्य वजह माना गया।
पुलिस ने पकड़ने की कोशिश की तो खौलता तेल डाला
हत्याकांड से पहले 13 अक्टूबर 2024 की शाम कुलदीप साहू अपने साथी आर्यन विश्वकर्मा, चंद्रकांत चौधरी और रिंकू सिंह के साथ पुराना बस स्टैंड इलाके में बैठा था। रात करीब 9 बजे आरक्षक घनश्याम सोनवानी की नजर कुलदीप पर पड़ी। जिला बदर किए गए कुलदीप को पकड़ने की कोशिश की गई। आरोप है कि इस दौरान कुलदीप ने आरक्षक पर खौलता हुआ तेल डाल दिया और तलवार से काट देने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गया। पुलिस अधिकारियों के निर्देश पर उसे पकड़ने के लिए हेड कॉन्स्टेबल समेत पुलिस की टीम सक्रिय हुई। इसी दौरान कुलदीप ने पुलिसकर्मियों पर गाड़ी चढ़ाने की कोशिश भी की। पुलिस के मुताबिक विवाद के कुछ ही घंटे बाद कुलदीप और उसके साथियों ने हेड कॉन्स्टेबल के घर को निशाना बनाया। आरोप है कि घर में घुसने के बाद कुलदीप ने हेड कॉन्स्टेबल की पत्नी के साथ दुष्कर्म किया और फिर चाकू से उसकी हत्या कर दी। इसके बाद उसकी बेटी की भी धारदार हथियार से हत्या कर दी गई। आरोपियों ने दोनों शवों को घर से करीब 5 किलोमीटर दूर ले जाकर फेंक दिया। मामले में सबूत मिटाने की कोशिश के भी आरोप लगे। अगले दिन मां-बेटी के शव बरामद होने के बाद पुलिस ने जांच शुरू की और आरोपियों की तलाश तेज कर दी।

पुलिस पर फायरिंग कर भागा था मुख्य आरोपी
वारदात के बाद पुलिस ने आरोपियों को पकड़ने के लिए घेराबंदी की। इसी दौरान मुख्य आरोपी कुलदीप साहू ने तत्कालीन विश्रामपुर थाना प्रभारी की टीम पर फायरिंग कर दी और मौके से भाग निकला। इसके बाद वह झारखंड चला गया था। पुलिस की कार्रवाई और एनकाउंटर की आशंका के बीच कुलदीप वापस लौट रहा था। इसी दौरान बलरामपुर पुलिस की टीम ने उसे बस से उतरते ही बस स्टैंड से गिरफ्तार कर लिया। मामले में अन्य आरोपियों की भी गिरफ्तारी की गई। मुख्य आरोपी कुलदीप साहू को पुलिस ने आदतन अपराधी बताया था। उसके खिलाफ आर्म्स एक्ट, चोरी, मारपीट, शासकीय संपत्ति को नुकसान पहुंचाने समेत अलग-अलग धाराओं में करीब दो दर्जन FIR दर्ज थी। वो सूरजपुर जिले का बड़ा कबाड़ी था। फिल्टर प्लांट समेत अन्य सरकारी संपत्तियों में लगातार चोरी की शिकायतों के बाद नगर पालिका की ओर से उसके खिलाफ जिला बदर का प्रस्ताव पारित किया गया था। इसके बाद सूरजपुर, सरगुजा, कोरबा, कोरिया, बलरामपुर-रामानुजगंज, मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर और मध्यप्रदेश के सिंगरौली जिले में उसके प्रवेश पर एक साल के लिए रोक लगाई गई थी। हालांकि जिला बदर की अवधि पूरी होने से पहले ही वह वापस लौट आया था। पुलिस ने उसे गिरफ्तार किया था, जिसके बाद वह जमानत पर बाहर था।
जांच में सामने आई पांच आरोपियों की भूमिका
जांच के दौरान पुलिस ने मामले में पांच आरोपियों की भूमिका सामने आने की बात कही थी। मुख्य आरोपी कुलदीप साहू पर हत्याकांड की साजिश और वारदात को अंजाम देने का आरोप था। चंद्रकांत चौधरी उर्फ सीके चौधरी NSUI नेता है, जिस पर कुलदीप के सहयोगी के रूप में वारदात में शामिल होने, मां-बेटी पर हमला करने और शवों को ठिकाने लगाने में मदद करने का आरोप लगा। फूल सिंह उर्फ रिंकू सिंह को भी कुलदीप का सहयोगी बताया गया। वारदात के बाद वह झारखंड चला गया था और बाद में एनकाउंटर के डर से वापस लौटकर सरेंडर किया। आर्यन विश्वकर्मा उर्फ गोल्डी पर पुलिसकर्मी के ऊपर खौलता तेल डालने का आरोप था। पुलिस के मुताबिक इसी घटना के बाद हत्याकांड की वारदात को अंजाम दिया गया। वहीं सूरज साहू पर मुख्य आरोपी और उसके साथियों को झारखंड भागने में मदद करने समेत पुलिस से जानकारी छिपाने का आरोप लगाया गया था। (Surajpur Double Murder Verdict)
वारदात के बाद भड़का था भारी आक्रोश
मां-बेटी की हत्या की खबर सामने आने के बाद सूरजपुर में भारी आक्रोश फैल गया था। आरोपी की गिरफ्तारी की मांग को लेकर लोग सड़कों पर उतर आए थे। भीड़ ने चक्काजाम किया और मुख्य आरोपी के एनकाउंटर की मांग तक उठी थी। गुस्साई भीड़ ने कुलदीप साहू के घर और उसके गोदाम के बाहर खड़ी गाड़ियों में आग लगा दी थी। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस बल तैनात किया गया था। हालात को देखते हुए सरगुजा आईजी ने पुलिस अधिकारियों और जवानों के साथ इलाके में मार्च भी निकाला था। 29 सितंबर को जब कोर्ट ने चारों आरोपियों को दोषी करार दिया था, तब कोर्ट से बाहर निकलते समय मुख्य आरोपी कुलदीप साहू के व्यवहार ने भी काफी सुर्खियां बटोरी थी। वह हंसते हुए कोर्ट परिसर से बाहर निकला था और उसने पत्रकारों की ओर स्माइली साइन बनाकर वीडियो बनाने के लिए कहा था। इसके बाद उसके इस व्यवहार को लेकर भी काफी चर्चा हुई थी। (Surajpur Double Murder Verdict)
अब कोर्ट के फैसले के बाद क्या ?
मामले की जांच के दौरान पुलिस ने केस से जुड़े करीब 50 लोगों से पूछताछ की थी। मुख्य आरोपी की गिरफ्तारी के बाद उसके अवैध निर्माण पर भी बुलडोजर कार्रवाई की गई थी। वहीं वारदात के बाद फरार आरोपियों की तलाश के लिए अलग-अलग पुलिस टीमों को लगाया गया था। करीब दो साल पुराने इस बहुचर्चित हत्याकांड में अब ट्रायल कोर्ट ने तीन दोषियों को फांसी और एक को मरते दम तक उम्रकैद की सजा सुनाई है। मामले में हत्या, दुष्कर्म और नाबालिग से जुड़े पॉक्सो एक्ट की गंभीर धाराएं शामिल थीं। कोर्ट के फैसले के बाद यह मामला एक बार फिर चर्चा में है। अब दोषियों के पास उच्च न्यायालय में फैसले के खिलाफ अपील का कानूनी रास्ता भी रहेगा। सूरजपुर के बहुचर्चित दोहरे हत्याकांड में कोर्ट के इस फैसले के बाद पीड़ित परिवार और स्थानीय लोगों ने राहत की सांस ली है। तीन दोषियों को फांसी और एक को उम्रकैद की सजा सुनाए जाने के साथ ही इस मामले में लंबे समय से चल रही कानूनी प्रक्रिया में एक अहम पड़ाव आया है।




