Google Analytics —— Meta Pixel

रायपुर में रूह कंपाने वाला हादसा, ट्रक के पहियों के नीचे आया युवक, शरीर के कई हिस्से हुए अलग, सड़क पर पड़ा मिला दिल 

Road Accident in Raipur: छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में शुक्रवार 9 अक्टूबर की सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ है। तेलीबांधा ओवरब्रिज के नीचे ट्रक की चपेट में आने से घनश्याम साहू नाम के शख्स की मौके पर ही मौत हो गई। हादसा सुबह करीब 9 बजे हुआ, जब घनश्याम अपने दोस्त लक्ष्मीकांत साहू के साथ स्कूटी पर सवार था। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक ट्रक के पहियों के नीचे आने से मृतक का शरीर बुरी तरह क्षत-विक्षत हो गया। घटना के बाद ट्रक चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया। हादसे के कारण राष्ट्रीय राजमार्ग पर लंबा जाम लग गया और सुबह काम पर निकलने वाले लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।

यह भी पढ़ें:- सड़क पर मौत का तांडव, गुजरात में 7 मजदूरों की मौत, उमरिया में तीन की गई जान, हादसों ने बढ़ाई चिंता

जानकारी के मुताबिक हादसा तेलीबांधा थाना क्षेत्र में ओवरब्रिज के नीचे हुआ। स्कूटी लक्ष्मीकांत चला रहा था, जबकि घनश्याम पीछे बैठा था। दोनों सड़क के किनारे से गुजर रहे थे। इसी दौरान घनश्याम अचानक स्कूटी से नीचे गिर गया और पीछे से आ रहे ट्रक की चपेट में आ गया। स्कूटी चला रहे लक्ष्मीकांत को शुरुआत में इस बात का पता नहीं चला कि उसका दोस्त सड़क पर गिर गया है और हादसे का शिकार हो चुका है। लक्ष्मीकांत के मुताबिक कुछ दूर जाने के बाद उसे स्कूटी हल्का लगा। इसके बाद जब उसने पीछे मुड़कर देखा तो घटनास्थल पर लोगों की भीड़ जमा थी। वापस लौटने पर उसे पता चला कि उसका दोस्त ट्रक की चपेट में आ गया है।

साथ पढ़े थे दोनों दोस्त, आसपास ही रहते थे

हादसे में जान गंवाने वाले घनश्याम साहू और लक्ष्मीकांत साहू दोस्त थे, जो आसपास ही रहते थे। लक्ष्मीकांत ने बताया कि दोनों ने साथ में मैट्रिक तक की पढ़ाई की थी। सुबह हुए इस हादसे ने परिवार और परिचितों को झकझोर दिया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक स्कूटी से गिरने के बाद घनश्याम पीछे से आ रहे ट्रक की चपेट में आ गया। बताया जा रहा है कि ट्रक उसे कुछ दूरी तक घसीटता हुआ ले गया। ट्रक के पहियों के नीचे आने से उसका शरीर बुरी तरह क्षत-विक्षत हो गया। हादसा इतना गंभीर था कि घटनास्थल पर मौजूद लोगों के लिए स्थिति संभालना मुश्किल हो गया। शव की स्थिति को देखते हुए सड़क पर रेत डालकर उसे ढंकना पड़ा। हादसे के बाद मौके पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई शुरू की। (Road Accident in Raipur)

कई घंटों तक सड़क पर पड़ा रहा शव

लोगों के मुताबिक हादसा सुबह करीब 9 बजे हुआ था, लेकिन शव करीब 11:30 बजे तक घटनास्थल पर पड़ा रहा। इस दौरान वहां से गुजरने वाले लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। हादसे की गंभीरता और शव की स्थिति के कारण घटनास्थल पर अफरा-तफरी का माहौल बना रहा। लोगों के मुताबिक जब शख्स स्कूटी से गिरा तो पीछे से आ रहा ट्रक उसे रौंदते हुए आधा से एक मीटर तक घसीटता चला गया। ट्रक के सभी चक्के घनश्याम साहू के शरीर से गुजरते हुए निकले, जिसके चलते उसका शरीर कई हिस्सों में बंट गया, जिसे रेत डालकर ढंका गया। शरीर का अलग-अलग हिस्सा सड़क पर बिखरा पड़ा था, कहीं सिर, कहीं हाथ तो कहीं पैर पड़े थे। हादसा इतना भयानक था कि उसका दिल भी बाहर निकल गया था, जो सड़क पर पड़ा हुआ था, जिसे उठाकर एंबुलेंस में डाला गया। हादसे के चलते कई घंटों तक लंबा जाम लगा रहा, जिससे लोगों को आने-जाने में काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा।

नेशनल हाईवे पर जाम से आवागमन प्रभावित

हादसे के बाद तेलीबांधा ओवरब्रिज के नीचे नेशनल हाईवे पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। घटनास्थल पर जुटी भीड़ और सड़क पर हुई दुर्घटना के चलते यातायात प्रभावित हुआ। सुबह के व्यस्त समय में जाम लगने से कार्यालय जाने वाले लोगों और अन्य वाहन चालकों को परेशानियों का सामना करना पड़ा। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति संभालने और यातायात व्यवस्था सामान्य करने की कार्रवाई की। हादसा करीब 9 बजे हुआ, लेकिन मृतक शव करीब 11.30 तक सड़क पर पड़ा रहा, जिससे बदबू भी आने लगी थी। लोगों को अपने नाक पर कपड़ा रखकर गुजरना पड़ा। सुबह 9 से 11 बजे के बीच बड़ी संख्या में लोग अपने कामकाज के लिए घरों से निकलते हैं। ऐसे में हादसे के कारण सड़क पर लोगों की भीड़ और वाहनों का दबाव बढ़ गया, जिसके चलते लोगों को ट्रैफिक में फंसकर परेशान होना पड़ा। (Road Accident in Raipur)

शहर में भारी वाहनों की आवाजाही पर उठे सवाल

इस हादसे के बाद शहर में भारी वाहनों की आवाजाही और यातायात नियमों के पालन को लेकर सवाल उठने लगे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि अलग भारी वाहनों को शहर के भीतर प्रवेश की अनुमति दी जाती है तो उनके संचालन के लिए स्पष्ट नियम और प्रभावी निगरानी व्यवस्था होनी चाहिए। लोगों ने मांग की है कि भारी वाहनों की आवाजाही के लिए निर्धारित समय, मार्ग और सुरक्षा नियमों का सख्ती से पालन कराया जाए, ताकि व्यस्त सड़कों पर इस तरह के हादसे दोबारा ना हो। तेलीबांधा ओवरब्रिज के नीचे हुए इस हादसे ने एक बार फिर सड़क सुरक्षा और भारी वाहनों की आवाजाही को लेकर चिंता बढ़ा दी है। लोगों से अपील की गई है कि सड़क पर वाहन चलाते समय सतर्क रहें, निर्धारित गति सीमा का पालन करें और दोपहिया वाहन चलाते समय विशेष सावधानी बरतें। एक पल की चूक ने घनश्याम साहू की जान ले ली। अब जरूरत है कि भारी वाहनों की आवाजाही के नियमों का सख्ती से पालन कराया जाए, ताकि सड़कों पर लापरवाही किसी और की जिंदगी न छीन सके।

Back to top button
error: Content is protected !!