परिवार के लोगों ने ही मां-बेटे को उतारा मौत के घाट, जादू-टोने के शक में एक बार फिर डबल मर्डर

Dongargarh Double Murder: राजनांदगांव जिले के डोंगरगढ़ थाना क्षेत्र के चौथना गांव में हुए डबल मर्डर का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस के मुताबिक जादू-टोने के शक में परिवार के ही लोगों ने धारदार हथियार से हमला कर कमला सोनकर और उनके बेटे खुमेन्द्र सोनकर की जान ले ली, जबकि उनकी बेटी ममता सोनकर पर भी जानलेवा हमला किया, जिससे वो गंभीर रूप से घायल हो गईं। पुलिस ने मामले में तीन आरोपी हेमंत कुमार सोनकर (36), सोनू सोनकर (34) और केशर सोनकर (55) को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक परिवार में कुछ लोगों की तबीयत खराब रहने को लेकर जादू-टोना करने का शक था। इसी बात को लेकर विवाद चल रहा था।
यह भी पढ़ें:- छत्तीसगढ़ हॉकी लीग के फ्रेंचाइजीस और टीमों का ऐलान, सभी टीमों की जर्सी लॉन्च
पुलिस के मुताबिक चौथना गांव की कमला सोनकर का परिवार सब्जी बेचने का काम करता है। परिवार के भीतर जादू-टोने के शक को लेकर विवाद चल रहा था। आरोप है कि इसी विवाद के चलते आरोपियों ने वारदात को अंजाम दिया। बताया जा रहा है कि 9 अक्टूबर की रात आरोपियों ने घर में घुसकर कमला सोनकर पर धारदार हथियार से हमला कर दिया। इसके बाद उनके बेटे खुमेन्द्र सोनकर पर भी हमला किया गया। हमले में मां और बेटे की मौत हो गई, जबकि बेटी ममता सोनकर गंभीर रूप से घायल हो गई। वारदात के समय कमला सोनकर के पति सुखी सोनकर घर से बाहर थे। जब वे घर पहुंचे तो अंदर पत्नी और बेटे के शव पड़े मिले। बेटी गंभीर हालत में घायल पड़ी थी। घर के भीतर का यह दृश्य देखकर परिवार और गांव में हड़कंप मच गया।
घटना की जानकारी मिलने के बाद ग्रामीणों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। गंभीर रूप से घायल ममता सोनकर को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र डोंगरगढ़ में भर्ती कराया गया। ममता की हालत गंभीर होने के कारण प्राथमिक इलाज के बाद डॉक्टरों ने उन्हें बेहतर इलाज के लिए रायपुर रेफर कर दिया। पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए और मामले की जांच शुरू की। पुलिस की जांच में सामने आया कि परिवार के कुछ सदस्यों की तबीयत खराब रहने को लेकर जादू-टोना करने का शक था। पुलिस के मुताबिक केशर सोनकर को शक था कि उनके देवर सुखी सोनकर की पत्नी कमला सोनकर जादू-टोना करती हैं और इसी वजह से परिवार के लोग बीमार पड़ रहे हैं। (Dongargarh Double Murder)
जांच के लिए बनाई गई संयुक्त टीम
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने जांच के लिए संयुक्त टीम बनाई। टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और वहां से मिले साक्ष्यों के आधार पर जांच आगे बढ़ाई। इसके साथ ही परिवार के सदस्यों और संदिग्धों से जुड़ी जानकारी जुटाई गई। जांच के दौरान पुलिस को परिवार में चल रहे विवाद और जादू-टोने के शक के बारे में जानकारी मिली। इसके बाद पुलिस ने संदेह के आधार पर हेमंत कुमार सोनकर की तलाश शुरू की। वह घटना के बाद से फरार बताया जा रहा था। पुलिस के अनुसार हेमंत कुमार सोनकर को 12 अक्टूबर को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। पूछताछ और घटनास्थल से मिले साक्ष्यों के आधार पर उसके भाई सोनू सोनकर और मां केशर सोनकर की भूमिका भी सामने आई। इसके बाद पुलिस ने तीनों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस का कहना है कि संदिग्धों से पूछताछ और घटनास्थल से मिले साक्ष्यों के आधार पर मामले की कड़ियां जोड़ी गईं।
पुलिस के मुताबिक वारदात के बाद आरोपियों ने सबूत मिटाने की कोशिश भी की। आरोप है कि घटना के समय पहने गए कपड़ों और वारदात में इस्तेमाल की गई लोहे की कुल्हाड़ी के लकड़ी के बेंट को जलाने का प्रयास किया गया। जांच के दौरान पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल की गई लोहे की कुल्हाड़ी और मोटरसाइकिल बरामद की है। इसके अलावा, कपड़ों और हथियार के लकड़ी के बेंट को जलाने के प्रयास से जुड़े अवशेष भी मिलने की बात कही गई है। एसडीओपी केसरी नंदन नायक ने बताया कि मामले में हेमंत कुमार सोनकर, सोनू सोनकर और केशर सोनकर को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने 12 अक्टूबर को तीनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया। पुलिस के मुताबिक मामले की जांच के दौरान संदिग्धों की तलाश, पूछताछ और घटनास्थल से मिले साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की भूमिका का पता लगाया गया। (Dongargarh Double Murder)





