Google Analytics —— Meta Pixel

पाकिस्तान बना दुनिया के महाकर्जदारों का बॉस, खैबर में सेना-पुलिस को दौड़ा-दौड़ा कर पीट रही अवाम

Pakistan Economic Collapse Unrest: पाकिस्तान के हुक्मरानों ने पूरी दुनिया में अपनी एक ऐसी ठोस पहचान बना ली है, जिसे सुनकर किसी भी देश के नागरिकों की शर्म से सिर झुक जाए, लेकिन शहबाज शरीफ और मुनीर साहब सीना चौड़ा करके घूम रहे हैं। ताजा मामला यह है कि पाकिस्तान पर 300 बिलियन डॉलर यानी जीडीपी का 70 फीसदी से ज्यादा कर्ज लादने के बाद अब दुनिया ने उसे कर्जदार देशों के ग्लोबल मंच का अध्यक्ष चुन लिया है। यानी कंगाली में टॉप करने पर पाकिस्तान को एक और फर्जी मेडल मिल गया है। एक तरफ शहबाज सरकार इस अंतरराष्ट्रीय उपलब्धि का ढिंढोरा पीट रही है तो दूसरी तरफ देश के भीतर खैबर पख्तूनवा प्रांत से ऐसी डरावनी तस्वीरें आ रही हैं, जो यह बता रही हैं कि पाकिस्तान अब किसी देश की तरह नहीं, बल्कि एक सुलगते हुए वॉर जोन में तब्दील हो चुका है।

यह भी पढ़ें:- स्कूल की छत ढहने से 27 बच्चों की मौत, 21 घायल

बता दें कि प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ और सेना प्रमुख जनरल असीम मुनीर के दौर में पाकिस्तान पर कर्ज का बोझ बढ़कर लगभग 300 बिलियन डॉलर तक पहुंच चुका है। देश की 25 करोड़ आबादी इस बेहिसाब कर्ज तले बुरी तरह पिस रही है। इसी कंगाली के लंबे तजुर्बे को देखते हुए अब वैश्विक मंच पर पाकिस्तान को दुनिया के सबसे ज्यादा कर्ज में डूबे देशों के संगठन की कमान सौंप दी गई है। एक तरफ पाकिस्तान आर्थिक मोर्चे पर दुनियाभर में फजीहत करा रहा है तो दूसरी तरफ घरेलू मोर्चे पर हालात गृहयुद्ध जैसे बन चुके हैं। बलूचिस्तान और TTP के बाद अब खैबर पख्तूनवा प्रांत में आम जनता और पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान (PTI) के समर्थकों ने पाकिस्तानी फौज और पुलिस के खिलाफ खुला विद्रोह छेड़ दिया है। (Pakistan Economic Collapse Unrest)

ग्लोबल फोरम पर कर्जदारों का बॉस बना पाकिस्तान

शहबाज-मुनीर की जोड़ी की नीतियों के चलते पाकिस्तान के आम नागरिकों की जिंदगी नर्क बन चुकी है, लेकिन कर्ज लेने और उसे चुकाने के जुगाड़ में इस देश का कोई मुकाबला नहीं है। इसी खूबी के चलते पाकिस्तान को एक नया तमगा मिला है, जिसका नाम है गवर्निंग काउंसिल ऑफ बॉरोअर्स। संयुक्त राष्ट्र व्यापार और विकास (UNCTAD) के सहयोग से बने इस नए अंतरराष्ट्रीय मंच की कमान पाकिस्तान को दी गई है। इस काउंसिल को इसी साल अप्रैल में विकासशील देशों और यूएन महासचिव की पहल पर लॉन्च किया गया था। पाकिस्तान के वित्त मंत्री मोहम्मद औरंगजेब खास तौर पर बैंकॉक पहुंचे, जहां उन्हें इस वैश्विक मंच की अध्यक्षता सौंपी गई। इस संगठन के अधिकारिक घोषणा पत्र में माना गया है कि पाकिस्तान के पास कर्ज के मकड़जाल में फंसने और बिना नया भुगतान किए उधार जुटाने का सबसे लंबा अनुभव है, इसलिए वही इस बात की अगुवाई कर सकता है।

खैबर पख्तूनवा बना ‘वॉर जोन’

आंकड़ों के मुताबिक साल 2026 के अंत तक पाकिस्तान का पब्लिक डेट-टू-जीडीपी रेशियो 70.2 फीसदी तक पहुंच चुका है। इसका मतलब है कि देश की कुल अर्थव्यवस्था का 70 प्रतिशत हिस्सा सिर्फ और सिर्फ कर्ज के पैसों पर टिका है। ऐसे में कर्जदारों के संगठन का अध्यक्ष पाकिस्तान नहीं बनता तो और कौन बनता। बाहर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर किरकिरी कराने वाली शहबाज सरकार के पैर अपने ही देश में उखड़ने लगे हैं। खैबर पख्तूनवा में सरकार की ओर से राष्ट्रपति शासन थोपे जाने के बाद हालात पूरी तरह बेकाबू हो चुके हैं। यहां इमरान खान के समर्थकों और स्थानीय नागरिकों ने पाकिस्तानी सेना और पुलिस बल की नाक में दम कर दिया है। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो इस बात गवाही दे रहे हैं कि कैसे गुस्से से तमतमाई भीड़ के आगे पाकिस्तानी पुलिस और सुरक्षाकर्मी अपनी जान बचाकर भागने को मजबूर हैं। आम जनता का गुस्सा अब सीधे तौर पर वर्दी वालों पर फूट रहा है।

सुरक्षाबलों का दमन और खून-खराबा

शहबाज शरीफ के इशारे पर सेना और पुलिस ने प्रदर्शनकारियों पर अंधाधुंध गोलियां और लाठियां बरसाई हैं। कई इलाकों में सुरक्षा बलों की बर्बरता के कारण दर्जनों लोगों के मारे जाने और कई के गंभीर रूप से घायल होने की खबरे हैं। सड़कों पर खून से लथपथ पड़े लोग और अपनों को कंधे पर उठाकर अस्पताल ले जाती जनता वहाँ के खौफनाक हालातों को बयां कर रही है। पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ (PTI) ने इस सैन्य कार्रवाई को पूरी तरह अवैध और तानाशाही करार दिया है। पार्टी ने खैबर पख्तूनवा में लगाए गए राष्ट्रपति शासन के खिलाफ सीधे कोर्ट का दरवाजा खटखटाने का फैसला किया है। एक तरफ दुनियाभर में कर्जदारों के सरदार के रूप में फजीहत हो रही है तो दूसरी तरफ देश के भीतर जनता का आक्रोश और कानूनी मोर्चे पर इमरान खान की पार्टी की चुनौती शहबाज सरकार की नींद उड़ाए हुए है। आने वाले दिनों में यह राजनीतिक भूचाल पाकिस्तान की सत्ता के लिए बहुत भारी साबित हो सकता है। (Pakistan Economic Collapse Unrest)

Back to top button
error: Content is protected !!