Google Analytics —— Meta Pixel

आरंग में 8 साल के बच्चे का अपहरण, 15 लाख की फिरौती मांगी; 2 आरोपी गिरफ्तार

रायपुर। छत्तीसगढ़ के रायपुर जिले के आरंग में 8 साल के बच्चे के अपहरण और 15 लाख रुपये की फिरौती मांगने का मामला सामने आया है। मेडिकल स्टोर के बाहर से लापता हुए बच्चे को पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सकुशल बरामद कर लिया। मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि एक नाबालिग को हिरासत में लिया गया है। पुलिस ने आरोपियों के पास से घटना में इस्तेमाल की गई दो मोटरसाइकिल और मोबाइल फोन भी बरामद किए हैं।

पुलिस के मुताबिक, घटना 16 अक्टूबर की सुबह इंदिरा चौक स्थित मेडप्लस मेडिकल स्टोर के पास हुई। बच्चे के पिता इसी मेडिकल स्टोर में काम करते हैं, जबकि उसकी मां नर्स हैं। बच्चा सुबह करीब 9 बजे साइकिल चलाने और खेलने की बात कहकर दुकान से बाहर निकला था। काफी देर तक वापस नहीं लौटने पर परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। कोई जानकारी नहीं मिलने पर शाम करीब 4 बजे आरंग थाने में शिकायत दर्ज कराई गई।

बच्चे को छोड़ने के लिए मांगी 15 लाख रुपये की फिरौती

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने वरिष्ठ अधिकारियों को सूचना देकर इलाके में नाकेबंदी कराई। पुलिस की टीमें बच्चे की तलाश और संदिग्धों की पहचान में जुटी थीं। इसी दौरान बच्चे के पिता के मोबाइल पर अज्ञात लोगों का फोन आया। कॉल करने वालों ने बच्चे को छोड़ने के बदले 15 लाख रुपये की फिरौती मांगी।

इसके बाद पुलिस ने रेंज साइबर सेल की मदद से तकनीकी सर्विलांस शुरू किया। संभावित रास्तों पर सघन जांच की गई और संदिग्धों की तलाश तेज कर दी गई। पुलिस की घेराबंदी बढ़ने पर आरोपी बच्चे को ग्राम समोदा स्थित पेट्रोल पंप के पास छोड़कर फरार हो गए। पुलिस ने बच्चे को सुरक्षित बरामद कर परिजनों के सुपुर्द कर दिया।

बलौदाबाजार जिले में दबिश देकर पकड़े गए आरोपी

तकनीकी सर्विलांस से मिले इनपुट के आधार पर पुलिस टीम ने बलौदाबाजार जिले के गिधपुरी थाना क्षेत्र के ग्राम दतरेंगी में दबिश दी। यहां घेराबंदी कर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया और एक विधि से संघर्षरत बालक को हिरासत में लिया गया।

पुलिस के अनुसार, पूछताछ के दौरान आरोपियों ने अपहरण और फिरौती मांगने में शामिल होने की बात स्वीकार की। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान हेमंत उर्फ छोटू निषाद (25), पिता बुधुराम निषाद, और मिथलेश ध्रुव उर्फ भुरू (20), पिता भक्तु ध्रुव, दोनों निवासी ग्राम दतरेंगी, थाना गिधपुरी, जिला बलौदाबाजार के रूप में हुई है। मामले में एक नाबालिग भी शामिल बताया गया है।

दो मोटरसाइकिल और मोबाइल फोन जब्त

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल की गई दो मोटरसाइकिल और मोबाइल फोन जब्त किए हैं। पुलिस का कहना है कि प्रारंभिक जांच में आरोपियों का कोई पुराना आपराधिक रिकॉर्ड सामने नहीं आया है।

मामले में आरोपियों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की गई है। पुलिस के अनुसार, उन्हें न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक रिमांड की प्रक्रिया की जा रही है। बच्चे की सकुशल बरामदगी के बाद परिजनों ने राहत की सांस ली। पुलिस अब मामले से जुड़े अन्य तथ्यों की जांच कर रही है।

Back to top button
error: Content is protected !!