Google Analytics —— Meta Pixel

CG NEWS : पत्नी को फोन कर कहा- आत्महत्या करने जा रहा हूं, कुछ देर बाद फंदे पर मिला 28 वर्षीय युवक

Ambikapur Crime News: छत्तीसगढ़ के अंबिकापुर में एक युवक की आत्महत्या का मामला सामने आया है। शहर के सतीपारा शीतला वार्ड में 28 वर्षीय मुकेश यादव ने अपने घर में फांसी लगाकर जान दे दी। घटना से पहले युवक ने अपनी पत्नी को फोन कर आत्महत्या करने की बात कही थी। पत्नी ने घबराकर तत्काल अपने ससुर को इसकी जानकारी दी, लेकिन परिजन जब तक उसके कमरे तक पहुंचे, तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

पत्नी को फोन कर कही आत्महत्या करने की बात

जानकारी के मुताबिक, सतीपारा शीतला वार्ड निवासी मुकेश यादव (28), पिता कामेश्वर यादव, अपने माता-पिता के साथ रह रहा था। बताया जा रहा है कि उसकी पत्नी पिछले करीब एक महीने से अपने मायके में रह रही थी। इस स्थिति को लेकर मुकेश तनाव में रहता था। हालांकि, आत्महत्या के पीछे की वास्तविक वजह अभी स्पष्ट नहीं हुई है।

मंगलवार रात मुकेश ने अपनी पत्नी को फोन किया और कहा कि वह आत्महत्या करने जा रहा है। पत्नी कुछ समझ पाती और उससे आगे बात कर पाती, इससे पहले ही उसने फोन काट दिया।

खिड़की से देखा तो फंदे पर लटका था बेटा

पति की बात सुनकर घबराई पत्नी ने तत्काल अपने ससुर और अन्य परिजनों को फोन कर इसकी जानकारी दी। सूचना मिलने के बाद मुकेश के पिता उसके कमरे के पास पहुंचे। कमरे का दरवाजा अंदर से बंद था। इसके बाद उन्होंने खिड़की से अंदर झांककर देखा तो मुकेश फांसी के फंदे पर लटका हुआ था।

घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के लोग भी मौके पर पहुंच गए। परिजनों ने कमरे का दरवाजा खोलकर मुकेश को नीचे उतारा और उसे तत्काल मेडिकल कॉलेज अस्पताल लेकर पहुंचे।

मेडिकल कॉलेज अस्पताल में युवक की मौत

अस्पताल में डॉक्टरों ने जांच के बाद मुकेश को मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई शुरू की। बुधवार को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।

युवक की मौत से परिवार में मातम पसरा हुआ है। घटना की जानकारी मिलने के बाद उसकी पत्नी भी मायके से अंबिकापुर पहुंची। पति का शव देखकर उसका रो-रोकर बुरा हाल हो गया।

पुलिस कर रही मामले की जांच

पुलिस परिजनों के बयान के आधार पर मामले की जांच कर रही है। युवक ने आत्महत्या से पहले पत्नी को फोन कर जो बात कही थी, उसके साथ ही परिवार की परिस्थितियों और अन्य पहलुओं की जानकारी जुटाई जा रही है।

फिलहाल, युवक के इस कदम के पीछे की वास्तविक वजह स्पष्ट नहीं है। पुलिस जांच पूरी होने के बाद ही मामले से जुड़ी विस्तृत जानकारी सामने आ सकेगी।

Back to top button
error: Content is protected !!