‘मैं भी मांझी की बेटी हूं’, मुरिया दरबार में राष्ट्रपति मुर्मु ने दिया आदिवासी समाज को संदेश
जगदलपुर। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने कहा कि बस्तर की आदिवासी संस्कृति और पारंपरिक सामाजिक व्यवस्था से उनका गहरा जुड़ाव है। उन्होंने कहा, “मैं भी मांझी की बेटी हूं। मेरे दादा, पिता और भाई मांझी थे। इसलिए मैं इस सामाजिक व्यवस्था और परंपरा को अच्छी तरह समझती हूं।” राष्ट्रपति ने आदिवासी समाज से अपनी गौरवशाली परंपराओं, सांस्कृतिक पहचान और आपसी भाईचारे को बनाए रखने की अपील की।
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु शुक्रवार को अपने बस्तर प्रवास के दौरान जगदलपुर के सिरहासार भवन में आयोजित पारंपरिक मुरिया दरबार में शामिल हुईं। इस दौरान उन्होंने मांझी-चालकियों और जनजातीय समाज के प्रतिनिधियों से मुलाकात कर उनकी बातें सुनीं। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कार्यक्रम में राष्ट्रपति का स्वागत किया।
शासन व्यवस्था बदली, लेकिन आदिवासी परंपराएं आज भी जीवित
मुरिया दरबार को संबोधित करते हुए राष्ट्रपति ने कहा कि समय के साथ शासन व्यवस्था और कानूनों में बदलाव आया है। पहले राजाओं का शासन था, फिर ब्रिटिश शासन आया और अब देश में लोकतांत्रिक व्यवस्था है। इसके बावजूद आदिवासी समाज ने अपनी पारंपरिक सामाजिक व्यवस्था और सांस्कृतिक विरासत को जीवित रखा है।
उन्होंने कहा कि बस्तर की परंपराएं समाज को एकजुट रखने और आपसी सहयोग की भावना को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। इस विरासत को आने वाली पीढ़ियों तक पहुंचाना सभी की जिम्मेदारी है।
गांव की समस्याओं का संवाद से निकालें समाधान
राष्ट्रपति मुर्मु ने मुरिया दरबार की ऐतिहासिक परंपरा को बनाए रखने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि आदिवासी समाज की खूबसूरती आपसी भाईचारे और मिल-बैठकर समस्याओं का समाधान निकालने में है। गांवों में मांझी और परगना की व्यवस्था के माध्यम से सामाजिक मामलों पर चर्चा कर समाधान निकालने की परंपरा रही है।
उन्होंने कहा कि छोटे-छोटे विवादों के लिए थाना और अदालतों तक पहुंचने पर कई बार मामलों के निपटारे में लंबा समय लग जाता है और लोगों को आर्थिक नुकसान भी उठाना पड़ता है। इसलिए सामाजिक मामलों में आपसी बातचीत, संवाद और सहमति को महत्व देना चाहिए।
राष्ट्रपति ने मुरिया दरबार को एक मजबूत पारंपरिक सामाजिक व्यवस्था बताते हुए कहा कि इसे निरंतर बनाए रखना चाहिए। साथ ही उन्होंने स्पष्ट किया कि अपनी सांस्कृतिक पहचान, परंपराओं और सामाजिक एकता को सुरक्षित रखना समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है।
‘मिलकर बोझ उठाने’ से मजबूत होगा समाज
राष्ट्रपति ने आदिवासी समाज को एकजुटता का संदेश देते हुए सामूहिक प्रयासों के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि समाज की समस्याओं का समाधान मिलकर करना चाहिए। आपसी सहयोग और एकता से बड़ी से बड़ी चुनौती का सामना किया जा सकता है।
उन्होंने कहा कि आदिवासी समाज की परंपरा सुख, शांति और आनंद के साथ मिल-जुलकर रहने की रही है। गांव की भलाई के लिए लोग सामूहिक रूप से पूजा-पाठ करते हैं और त्योहारों तथा खुशियों में एक-दूसरे के साथ शामिल होते हैं। इस भावना को आगे भी बनाए रखना जरूरी है।
बच्चों की शिक्षा पर दें विशेष ध्यान
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने जनजातीय समाज से बच्चों की शिक्षा को प्राथमिकता देने की अपील की। उन्होंने कहा कि बच्चों को पढ़ने और जीवन में आगे बढ़ने के पर्याप्त अवसर मिलने चाहिए। अपनी संस्कृति और परंपराओं को सुरक्षित रखते हुए नई पीढ़ी को शिक्षा से जोड़ना भी उतना ही जरूरी है।
उन्होंने मुरिया दरबार की परंपरा को कभी बंद नहीं होने देने और इसे लगातार आगे बढ़ाने का आह्वान किया। राष्ट्रपति ने आदिवासी समाज को भरोसा दिलाया कि सरकार उनके विकास और कल्याण के लिए साथ खड़ी है।
मां दंतेश्वरी मंदिर में भी की पूजा-अर्चना
मुरिया दरबार में शामिल होने से पहले राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने जगदलपुर स्थित मां दंतेश्वरी मंदिर पहुंचकर विधि-विधान से पूजा-अर्चना की और देवी का आशीर्वाद लिया। बस्तर की आराध्य देवी मां दंतेश्वरी के प्रति क्षेत्र के लोगों की गहरी आस्था है।
राष्ट्रपति का बस्तर दौरा क्षेत्र की समृद्ध जनजातीय संस्कृति, पारंपरिक सामाजिक व्यवस्था और ऐतिहासिक विरासत को राष्ट्रीय स्तर पर सामने लाने के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।



