मन की बात में PM मोदी का ‘वोकल फॉर लोकल’ पर जोर, बोले- भारतीय उत्पाद दुनिया के बाजारों में बना रहे पहचान

Mann Ki Baat : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को अपने मासिक रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ (Mann Ki Baat) के 139वें एपिसोड में स्वदेशी उत्पादों, प्राकृतिक खेती, पर्यावरण संरक्षण और स्वच्छता जैसे मुद्दों पर चर्चा की। त्योहारों के मौसम का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि देश में ‘वोकल फॉर लोकल’ की भावना मजबूत हो रही है। भारतीय उत्पाद अब दुनिया के बाजारों तक पहुंच रहे हैं और स्थानीय कारीगरों व उत्पादकों को नई पहचान मिल रही है।
प्रधानमंत्री ने लोगों से अपील की कि वे त्योहारों पर खरीदारी करते समय स्थानीय कारीगरों और स्वदेशी उत्पादों को प्राथमिकता दें। उन्होंने कहा कि स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा देने से पारंपरिक कला, कारीगरी और रोजगार के अवसरों को मजबूती मिलती है।
आदिवासी उत्पादों की पैकेजिंग को मिला जापान का सम्मान
पीएम मोदी ने महाराष्ट्र के आदिवासी समुदायों के उत्पादों और उनकी आकर्षक पैकेजिंग का उल्लेख किया। उन्होंने बताया कि ‘शबरी नेचुरल्स’ के माध्यम से शहद, महुआ, चीड़ और बांस से बने उत्पादों को बाजार तक पहुंचाया जा रहा है। इन उत्पादों की पैकेजिंग में आदिवासी कला और संस्कृति की झलक दिखाई देती है। (Mann Ki Baat)
प्रधानमंत्री के अनुसार, इस पैकेजिंग को जापान का प्रतिष्ठित ‘गुड डिजाइन अवॉर्ड’ मिला है। उन्होंने इसे स्थानीय उत्पादों की गुणवत्ता, रचनात्मकता और पारंपरिक कला को वैश्विक पहचान मिलने का उदाहरण बताया।
प्राकृतिक खेती से कपास उत्पादन को बढ़ावा
‘मन की बात’ में प्रधानमंत्री ने पंजाब के मालवा क्षेत्र में प्राकृतिक कपास की खेती को बढ़ावा देने के प्रयासों की भी चर्चा की। उन्होंने बताया कि ‘खेती विरासत मिशन’ नाम की संस्था जैविक और पारंपरिक कृषि पद्धतियों को फिर से लोकप्रिय बनाने के लिए काम कर रही है। इस पहल को ‘नव-त्रिंजन’ नाम दिया गया है।
इस पहल के तहत बिना रासायनिक पदार्थों के इस्तेमाल के जैविक कपास उगाने पर जोर दिया जा रहा है। प्राकृतिक रंगों वाली कपास से तैयार धागों और कपड़ों को रंगने के लिए अलग से रासायनिक रंगों की जरूरत भी कम हो सकती है। प्रधानमंत्री ने कहा कि इस तरह के प्रयास पर्यावरण संरक्षण में योगदान देते हैं और पारंपरिक कृषि पद्धतियों को नया जीवन देते हैं।
मखाना, अरहर दाल और खादी को मिल रहे नए बाजार
प्रधानमंत्री ने कहा कि भारत के स्थानीय उत्पादों की पहुंच लगातार बढ़ रही है। बिहार के मखाने और कर्नाटक की अरहर दाल जैसे उत्पादों को नए बाजार मिल रहे हैं। वहीं, खादी की बढ़ती लोकप्रियता से उन कारीगरों को सहारा मिल रहा है, जो पारंपरिक हुनर के जरिए देश की सांस्कृतिक विरासत को आगे बढ़ा रहे हैं।
उन्होंने लोगों से अपील की कि वे स्थानीय कारीगरों के बनाए उत्पाद खरीदकर ‘वोकल फॉर लोकल’ अभियान को मजबूत करें। उनके मुताबिक, स्वदेशी उत्पादों को अपनाना स्थानीय अर्थव्यवस्था और पारंपरिक कौशल को प्रोत्साहित करने का एक महत्वपूर्ण माध्यम है।
हेवल नदी को पुनर्जीवित करने के लिए ग्रामीणों ने किया प्रयास
पीएम मोदी ने उत्तराखंड के टिहरी गढ़वाल क्षेत्र में हेवल नदी को फिर से जीवंत करने के लिए किए गए सामूहिक प्रयासों का भी जिक्र किया। उन्होंने बताया कि नदी का जलस्तर घटने और आसपास के प्राकृतिक जल स्रोतों के सूखने की समस्या के बाद स्थानीय प्रशासन और ग्रामीणों ने मिलकर अभियान शुरू किया।
इस अभियान के तहत वर्षा जल संचयन, भूजल स्तर बढ़ाने और बड़े पैमाने पर पौधरोपण जैसे कदम उठाए गए। प्रधानमंत्री ने कहा कि सामूहिक प्रयासों से नदी और आसपास के प्राकृतिक जल स्रोतों को बहाल करने में मदद मिली। उन्होंने इसे जल संरक्षण और जनभागीदारी का प्रेरक उदाहरण बताया।
दिवाली और छठ से पहले स्वच्छता पर जोर
त्योहारी सीजन का उल्लेख करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि दिवाली और छठ जैसे पर्वों से पहले कई स्थानों पर स्वच्छता अभियान चलाए जा रहे हैं। उन्होंने लोगों से अपने घरों के साथ-साथ आसपास के सार्वजनिक स्थलों को भी साफ रखने की अपील की।
पीएम मोदी ने कहा कि स्वच्छता के लिए किए गए छोटे-छोटे प्रयास भी बड़े बदलाव ला सकते हैं। त्योहारों के दौरान साफ-सफाई बनाए रखना हर नागरिक की जिम्मेदारी है।
12 साल पहले शुरू हुआ था ‘मन की बात’ का सफर
प्रधानमंत्री ने कार्यक्रम के 12 साल पूरे होने का उल्लेख करते हुए कहा कि विजयादशमी के अवसर पर शुरू हुआ ‘मन की बात’ का सफर लगातार जारी है। उन्होंने श्रोताओं को इस यात्रा का सहभागी और मार्गदर्शक बताया।
पीएम मोदी ने कहा कि यह कार्यक्रम देश के आम नागरिकों की मेहनत, साहस, संकल्प, समर्पण और सेवा भावना को सामने लाने का माध्यम रहा है। उन्होंने ‘मन की बात’ को तीर्थयात्रा जैसा अनुभव बताते हुए कहा कि इसके जरिए उन्हें देशवासियों के प्रयासों को करीब से जानने और उनके योगदान के प्रति सम्मान व्यक्त करने का अवसर मिलता है। (Mann Ki Baat)



