पिकअप के गुप्त चैंबर में छिपे थे 4 करोड़ रुपये, पुलिस की जांच में बड़ा खुलासा
दुर्ग। छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में वाहन जांच के दौरान पुलिस ने बड़ी रकम बरामद की है। खुर्सीपार नेशनल हाईवे पर जांच के दौरान पुलिस ने रायपुर से नागपुर की ओर जा रही एक बोलेरो मैक्स पिकअप को रोका। तलाशी लेने पर वाहन में बनाए गए गुप्त चैंबर से करीब 4 करोड़ रुपये नकद बरामद हुए। इतनी बड़ी रकम मिलने के बाद पुलिस ने वाहन और नकदी को जब्त कर लिया है। मामले की सूचना आयकर विभाग को भी दे दी गई है।
वाहन की तलाशी में मिला गुप्त चैंबर
जानकारी के मुताबिक, खुर्सीपार नेशनल हाईवे पर पुलिस की ओर से वाहनों की जांच की जा रही थी। इसी दौरान रायपुर से नागपुर की ओर जा रही बोलेरो मैक्स पिकअप को जांच के लिए रोका गया। वाहन की बारीकी से तलाशी लेने पर पुलिस को उसमें विशेष रूप से बनाया गया एक गुप्त चैंबर मिला। इस चैंबर में नकदी के बंडल छिपाकर रखे गए थे।
पुलिस ने जब नकदी की जांच की तो उसमें करीब 4 करोड़ रुपये होने की जानकारी सामने आई। इसके बाद पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए वाहन और बरामद नकदी को जब्त कर लिया।
आयकर विभाग को दी गई सूचना, रकम के स्रोत की होगी जांच
वाहन से इतनी बड़ी मात्रा में नकदी मिलने के बाद पुलिस ने मामले की जानकारी आयकर विभाग को दे दी है। अब नकदी कहां से लाई जा रही थी, इसका इस्तेमाल किस उद्देश्य से होना था और रकम से संबंधित वैध दस्तावेज मौजूद हैं या नहीं, इन बिंदुओं की जांच की जाएगी।
फिलहाल, मामले में आगे की जांच जारी है। नकदी के स्रोत और इसके परिवहन से जुड़े तथ्यों का खुलासा जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगा।



