कैंसर की 543 ब्रांडेड दवाओं के घटे दाम, 80 हजार का इंजेक्शन अब 7,150 रुपए में मिलेगा, 9 नवंबर से नई कीमतें लागू

Cancer Drug Prices: कैंसर के इलाज पर होने वाले भारी खर्च के बीच मरीजों के लिए राहत की खबर है। राष्ट्रीय औषधीय मूल्य निर्धारण प्राधिकरण यानी NPPA ने कैंसर रोधी 543 ब्रांड की दवाओं की संशोधित अधिकतम खुदरा कीमत (MRP) जारी की है। नई कीमतें 9 नवंबर 2026 से लागू होंगी। कई दवाओं की कीमतों में बड़ी कटौती की गई है। इनमें कुछ दवाएं ऐसी हैं, जिनके दाम 90 प्रतिशत से भी ज्यादा घटाए गए हैं। NPPA की ओर से जारी सूची के मुताबिक 543 ब्रांड और पैक में से 397 की कीमतों में कमी की गई है। इनमें 217 दवाओं के दाम आधे से भी कम रह गए हैं। वहीं 97 ब्रांड की कीमतों में 70 प्रतिशत से ज्यादा और 50 ब्रांड की कीमतों में 80 प्रतिशत से ज्यादा की कटौती हुई है। पांच दवाओं की कीमतें 90 प्रतिशत से ज्यादा घटाई गई हैं। हालांकि 146 ब्रांड-पैक की कीमतों में कोई बदलाव नहीं किया गया है।
यह भी पढ़ें:- अखंडता का संकल्प: सरदार पटेल और मजबूत भारत का सपना
नई कीमतों में सबसे बड़ी कटौती कुछ महंगी कैंसर रोधी दवाओं में देखने को मिली है। सैमटेपा इंजेक्शन की कीमत करीब 80,071 रुपए से घटाकर 7,150 रुपए कर दी गई है। वहीं पैलबोप्रो दवा के 21 कैप्सूल वाले पैक की कीमत करीब 40,421 रुपए से घटकर 2,720 रुपए हो गई है। इसी तरह एनास्ट्रोज़ोल की एक ब्रांडेड दवा एनार्ज़ोल की 1 एमजी की 10 गोलियों का पैक 695.76 रुपए से घटकर 73 रुपए हो गया है। एज़ासाइटिन इंजेक्शन की कीमत 6,337 रुपए से कम होकर 1,495.04 रुपए रह गई है। बेवाकिज़ाब इंजेक्शन की कीमत 21,767.70 रुपए से घटाकर 5,930.13 रुपए की गई है। दवाओं की कीमतों में इस कटौती से उन मरीजों को राहत मिलने की उम्मीद है, जिन्हें लंबे समय तक कैंसर का इलाज कराना पड़ता है। हालांकि वास्तविक बचत मरीज की बीमारी, डॉक्टर की ओर से लिखी गई दवा, ब्रांड और इलाज की अवधि पर निर्भर करेगी।
137 कैंसर रोधी दवाओं के व्यापार मार्जिन पर सरकार का फैसला
केंद्र सरकार ने 17 अक्टूबर 2026 को 137 गैर-अनुसूचित कैंसर रोधी दवाओं के व्यापार मार्जिन को तर्कसंगत बनाने का फैसला किया था। इसका उद्देश्य दवा की खरीद कीमत और मरीज को बेची जाने वाली कीमत के बीच के अंतर को नियंत्रित करना है। इस व्यवस्था के तहत संबंधित दवाओं का व्यापार मार्जिन अधिकतम खुदरा मूल्य के 30 प्रतिशत तक सीमित किया गया है। इन दवाओं में इम्यूनोथेरेपी की कुछ दवाएं, डेनोसुमैब, पेगफिलग्रैस्टिम और बेवाकिज़ुमैब शामिल हैं। इनका इस्तेमाल अलग-अलग प्रकार के कैंसर के इलाज में किया जाता है। NPPA ने कंपनियों से संशोधित कीमतों की जानकारी मांगी थी। अब 27 अक्टूबर तक प्राप्त जानकारी के आधार पर 543 ब्रांड की संशोधित एमआरपी जारी की गई है। सूची को आगे भी अपडेट किया जाएगा। (Cancer Drug Prices)
कंपनियों और अस्पतालों को नई कीमतें करनी होंगी लागू
नई कीमतें 9 नवंबर से लागू होने के बाद दवा कंपनियों को अपनी वेबसाइट पर संशोधित एमआरपी प्रदर्शित करनी होगी। उन्हें मेडिकल स्टोर और अस्पतालों तक भी नई कीमतों की जानकारी पहुंचानी होगी। मेडिकल स्टोर और अस्पतालों को संबंधित दवाएं नई दरों पर बेचनी होंगी और अपनी फार्मेसी में संशोधित कीमतों की सूची दिखानी होगी। अस्पतालों को अपनी वेबसाइट पर भी नई कीमतें प्रदर्शित करनी होंगी। सरकार ने स्पष्ट किया है कि कैंसर की दवाओं की बड़ी मात्रा सीधे अस्पतालों और चिकित्सा संस्थानों को दी जाती है, इसलिए संशोधित कीमतों को लागू कराने में उनकी महत्वपूर्ण जिम्मेदारी होगी। कीमतों में बड़ी कटौती के बावजूद सभी कैंसर रोधी दवाएं सस्ती नहीं हुई हैं। कीट्रूडा की कीमत 2,16,500 रुपए पर बनी हुई है। विशेषज्ञों के मुताबिक पेटेंट वाली दवाओं की कीमतें कम करना आसान नहीं होता। इनके विकास में नई तकनीक और शोध पर बड़ा खर्च होता है। साथ ही कंपनियों के पास पेटेंट अधिकार होते हैं। कीमतों में बदलाव के दौरान इन पहलुओं का असर भी पड़ता है। हालांकि किसी दवा की कीमत में कटौती या उसे बाजार में उपलब्ध कराने के फैसले का वास्तविक असर संबंधित कंपनी और नियामकीय व्यवस्था पर निर्भर करता है। (Cancer Drug Prices)
मरीज नई कीमतों की जानकारी कहां से लें ?
स्तन कैंसर के इलाज में इस्तेमाल होने वाली रिबोसाइक्लिब की कीमत भी 24,435 रुपए है। इसके अलावा टैग्रिसो, टेसेंट्रिक, डार्जालेक्स और इम्फिंजी जैसी कुछ महंगी दवाओं के दामों में भी बदलाव नहीं हुआ है। इससे स्पष्ट है कि व्यापार मार्जिन सीमित करने से उन दवाओं में ज्यादा कटौती संभव है, जिनकी कीमत में वितरण और बिक्री के दौरान बड़ा मार्जिन शामिल रहा है। वहीं, कुछ महंगी दवाओं की कीमतों पर इस व्यवस्था का असर सीमित हो सकता है। कैंसर के मरीज और उनके परिजन NPPA की आधिकारिक वेबसाइट और फार्मा सही दाम ऐप के जरिए दवाओं की कीमतों की जानकारी ले सकते हैं।

दवा खरीदते समय ब्रांड, खुराक, पैक का आकार और एमआरपी का मिलान करना जरूरी है। अगर संशोधित कीमत लागू होने के बाद भी मेडिकल स्टोर या अस्पताल ज्यादा कीमत वसूलता है तो मरीज बिल और दवा के पैक के साथ संबंधित प्राधिकरण में शिकायत कर सकते हैं। कैंसर की दवा का ब्रांड या खुराक केवल कीमत कम होने के कारण डॉक्टर की सलाह के बिना नहीं बदलना चाहिए। इलाज में किसी भी तरह का बदलाव करने से पहले संबंधित डॉक्टर से सलाह लेना जरूरी है। NPPA के इस फैसले से कई कैंसर रोधी दवाओं की कीमतों में बड़ी कमी आई है। अब यह देखना महत्वपूर्ण होगा कि 9 नवंबर से नई कीमतें कितनी प्रभावी ढंग से लागू होती हैं और मरीजों को इसका कितना वास्तविक लाभ मिलता है।



