Google Analytics —— Meta Pixel

चक्रवात ‘अर्नब’ से फसल नुकसान पर किसानों को मिलेगी राहत, CM साय ने कलेक्टरों को दिए सर्वे के निर्देश

अन्नदाताओं के हितों की रक्षा और उन्हें हरसंभव संबल प्रदान करने के लिए हमारी सरकार प्रतिबद्ध : मुख्यमंत्री साय

रायपुर। छत्तीसगढ़ में चक्रवात ‘अर्नब’ के प्रभाव से फसलों को हुए नुकसान के बाद राज्य सरकार ने प्रभावित किसानों को राहत देने की तैयारी शुरू कर दी है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने प्रदेश के सभी जिला कलेक्टरों को फसल क्षति का तत्काल सर्वेक्षण कराने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने स्पष्ट किया है कि नुकसान का आकलन करने से लेकर सहायता राशि के वितरण तक किसी भी स्तर पर अनावश्यक देरी नहीं होनी चाहिए।

मुख्यमंत्री ने जिला प्रशासन को निर्देशित किया है कि प्रभावित क्षेत्रों में फसलों को हुए नुकसान का जल्द से जल्द आकलन किया जाए। सर्वेक्षण के बाद राजस्व पुस्तक परिपत्र (RBC) 6-4 के प्रावधानों और निर्धारित मानदंडों के अनुसार पात्र किसानों को सहायता राशि उपलब्ध कराई जाए।

समय पर किसानों तक पहुंचे राहत राशि

मुख्यमंत्री साय ने कहा है कि प्राकृतिक आपदा से प्रभावित किसानों को राहत दिलाना प्रशासन की प्राथमिकता होनी चाहिए। इसके लिए सभी जिला कलेक्टर और संबंधित अधिकारी पूरी संवेदनशीलता एवं तत्परता से काम करें। उन्होंने यह भी सुनिश्चित करने को कहा है कि सर्वेक्षण और राहत वितरण की प्रक्रिया में किसी तरह की अनावश्यक देरी न हो।

किसानों के हितों की रक्षा के लिए सरकार प्रतिबद्ध

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि अन्नदाताओं के हितों की रक्षा और संकट के समय उन्हें हरसंभव सहयोग देना राज्य सरकार की प्रतिबद्धता है। उन्होंने अधिकारियों को प्रभावित किसानों की समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए समय पर सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं।

सरकार के इन निर्देशों के बाद अब प्रभावित जिलों में फसल नुकसान के सर्वेक्षण और पात्र किसानों को राहत राशि उपलब्ध कराने की प्रक्रिया तेज होने की उम्मीद है।

Back to top button
error: Content is protected !!