पलक मुच्छल, स्वास्ति मेहुल और अभिजीत भट्टाचार्य के सुरों से गूंजेगा राज्योत्सव, तीन दिन 30 लोक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां भी होंगी

Chhattisgarh Rajyotsav Celebration: छत्तीसगढ़ राज्योत्सव 2026 में इस बार प्रदेश की लोकसंस्कृति और बॉलीवुड संगीत का अनूठा संगम देखने को मिलेगा। 1 से 3 नवंबर तक नवा रायपुर अटल नगर स्थित राज्योत्सव मैदान में आयोजित होने वाले तीन दिवसीय समारोह में जहां प्रदेश के अलग-अलग अंचलों के लोककलाकार अपनी प्रस्तुतियां देंगे, वहीं राष्ट्रीय स्तर के प्रसिद्ध पार्श्व गायक और गायिकाएं अपनी आवाज से सांस्कृतिक संध्याओं को यादगार बनाएंगे। पहले दिन पलक मुच्छल, दूसरे दिन स्वास्ति मेहुल और तीसरे दिन अभिजीत भट्टाचार्य मुख्य मंच पर प्रस्तुति देंगे। राज्योत्सव का शुभारंभ 1 नवंबर को केंद्रीय मंत्री मनसुख मांडविया करेंगे। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय कार्यक्रम की अध्यक्षता करेंगे। वहीं दूसरे दिन 2 नवंबर को राज्यपाल रमेन डेका मुख्य अतिथि होंगे और पर्यटन मंत्री राजेश अग्रवाल कार्यक्रम की अध्यक्षता करेंगे। 3 नवंबर को केंद्रीय गृह और सहकारिता मंत्री अमित शाह के मुख्य आतिथ्य में समापन समारोह आयोजित किया जाएगा।
यह भी पढ़ें:- छत्तीसगढ़ राज्योत्सव का आज से भव्य आगाज, मनसुख मांडविया करेंगे शुभारंभ, 3 नवंबर को गृहमंत्री अमित शाह होंगे शामिल
राज्योत्सव के पहले दिन 1 नवंबर को मुख्य मंच पर शाम 5 बजे से सांस्कृतिक कार्यक्रम शुरू होंगे। शाम 5 से 6 बजे तक दक्षिण मध्य क्षेत्र सांस्कृतिक केंद्र के कलाकार प्रादेशिक और राज्य स्तरीय लोकसंगीत की प्रस्तुति देंगे। शाम 6 बजे रायपुर के कलाकार अनुराग शर्मा अपनी संगीतमय प्रस्तुति देंगे। शाम 6.30 से 8 बजे तक राज्योत्सव का उद्घाटन समारोह आयोजित होगा। इसके बाद रात 8 बजे से बॉलीवुड की प्रसिद्ध पार्श्व गायिका पलक मुच्छल अपनी सुरीली आवाज में लोकप्रिय गीत प्रस्तुत करेंगी। 2 नवंबर को राज्योत्सव के दूसरे दिन सांस्कृतिक कार्यक्रमों में नाटक और संगीत का संगम देखने को मिलेगा। शाम 6 से 7 बजे तक ‘मैं अयोध्या हूं’ नाट्य प्रस्तुति का मंचन होगा। यह प्रस्तुति अयोध्या की ऐतिहासिक और आध्यात्मिक विरासत के साथ भारतीय सांस्कृतिक चेतना को मंच पर अभिव्यक्त करेगी। इसके बाद शाम 7 से 8 बजे तक रायपुर के कलाकार सुनील सोनी प्रस्तुति देंगे।

तीसरे दिन पद्मश्री उषा बारले की प्रस्तुति
रात 8 बजे से बॉलीवुड पार्श्व गायिका स्वास्ति मेहुल अपने गीतों से दर्शकों का मनोरंजन करेंगी। राज्योत्सव के आखिरी दिन 3 नवंबर को दक्षिण मध्य क्षेत्र सांस्कृतिक केंद्र के कलाकार शाम 6 से 6.30 बजे तक लोकसंगीत प्रस्तुत करेंगे। इसके बाद शाम 6.30 से 7 बजे तक छत्तीसगढ़ की प्रसिद्ध पंथी कलाकार पद्मश्री उषा बारले की प्रस्तुति होगी। शाम 7 से रात 9 बजे तक राज्य अलंकरण समारोह आयोजित किया जाएगा। इसमें अलग-अलग क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाली प्रतिभाओं को सम्मानित किया जाएगा। इसके बाद रात 9 बजे से बॉलीवुड के प्रसिद्ध पार्श्व गायक अभिजीत भट्टाचार्य अपने लोकप्रिय गीतों की प्रस्तुति देंगे। (Chhattisgarh Rajyotsav Celebration)
तीन दिनों तक होंगी 30 सांस्कृतिक प्रस्तुतियां
मुख्य मंच के साथ राज्योत्सव के शिल्पग्राम में भी स्थानीय कलाकारों की प्रस्तुतियां आकर्षण का केंद्र रहेंगी। यहां प्रतिदिन दोपहर 3 बजे से सांस्कृतिक कार्यक्रम शुरू होंगे। तीन दिनों में कुल 30 प्रस्तुतियों के जरिए छत्तीसगढ़ की पारंपरिक लोककला, लोकसंगीत, नृत्य, नाट्य और अलग-अलग सांस्कृतिक विधाओं को मंच मिलेगा। इन प्रस्तुतियों में पंडवानी, पंथी, सुआ नृत्य, कथक, ओडिसी, लोकमंच, लोकगीत, भजन, सूफी संगीत, गजल, शास्त्रीय नृत्य और आदिवासी लोकसंगीत शामिल हैं। 1 नवंबर को शिल्पग्राम मंच पर लोकसंगीत और गिटार वादन के साथ सांस्कृतिक कार्यक्रमों की शुरुआत होगी। रायपुर के शिवेन्द्र मंडावी लोकसंगीत और गिटार वादन प्रस्तुत करेंगे। राजीव श्रीवास्तव का रिदम बैंड और संतोष कुमार सिंहा का फ्यूजन बैंड भी प्रस्तुति देंगे। (Chhattisgarh Rajyotsav Celebration)
दूसरे दिन ओडिसी, कथक और सुआ नृत्य की धूम
पंडवानी गायन परंपरा को दुर्ग के चेतन देवांगन और रायपुर की दुर्गा साहू अपनी प्रस्तुतियों से जीवंत करेंगे। अनुष्का सुल्ताना शास्त्रीय नृत्य, दुर्ग की रजनी रजक लोकमंच, ढोलामारू, बिलासपुर की वंदिता साहू लोकसंगीत और पायल साहू लोकमंच की प्रस्तुति देंगी। 2 नवंबर को शिल्पग्राम मंच पर 11 सांस्कृतिक प्रस्तुतियां होंगी। प्रसन्ना अवस्थी लोकसंगीत एवं नृत्य, सुष्मिता दास ओडिसी नृत्य और दुर्ग की समप्रिया पूजा निषाद पंडवानी गाथा प्रस्तुत करेंगी। बिलासपुर के अंकित निर्मलकर सूफी, गजल और सुगम गायन करेंगे। गरियाबंद की मिलवंतीन बाई सुआ नृत्य प्रस्तुत करेंगी। रायपुर की मेघा बोस ताम्रकार पारंपरिक लोकसंगीत, आंचल पांडेय कथक नृत्य और धमतरी की रुखमनी दीवान लोकमंच प्रस्तुत करेंगी। इसके अलावा आदित्य मिश्रा बैंड, विनीता त्रिपाठी का कथक और तेजराम साहू का लोकमंच भी कार्यक्रम में शामिल रहेगा। (Chhattisgarh Rajyotsav Celebration)
अंतिम दिन पंथी और आदिवासी लोकनृत्य का होगा प्रदर्शन
3 नवंबर को शिल्पग्राम मंच पर दस सांस्कृतिक प्रस्तुतियां आयोजित होंगी। रायपुर की आस्था भट्ट भजन गायन करेंगी। दुर्ग की आरती बारले पंथी नृत्य और कबीरधाम के राकेश सेन लोकमंच प्रस्तुत करेंगे। रायपुर के दिनेश कुमार जांगड़े पंथी नृत्य, पूर्णिमा साहू जसगीत एवं जगराता भजन और अभिषेक सोनकर आदिवासी लोकसंगीत एवं नृत्य प्रस्तुत करेंगे। दीपाली पाण्डेय कथक समूह नृत्य, वृद्धुमन वचस्पति भारती सूफी संगीत और अनुष्णा रॉय चौधरी कथक नृत्य करेंगी। आनंदकुमार पाण्डेय की नाट्य प्रस्तुति भी आकर्षण का केंद्र रहेगी। राज्योत्सव के सांस्कृतिक कार्यक्रमों में स्थानीय कलाकारों को राष्ट्रीय स्तर के कलाकारों के साथ अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिलेगा। पंडवानी, पंथी, सुआ और आदिवासी लोकनृत्य जैसी विधाएं छत्तीसगढ़ की सांस्कृतिक पहचान का महत्वपूर्ण हिस्सा हैं। इनके प्रदर्शन से नई पीढ़ी को प्रदेश की परंपराओं और लोकजीवन से परिचित कराने के साथ सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण एवं संवर्धन को बढ़ावा मिलेगा।



