Google Analytics —— Meta Pixel

छत्तीसगढ़ राज्योत्सव का आज से भव्य आगाज, मनसुख मांडविया करेंगे शुभारंभ, 3 नवंबर को गृहमंत्री अमित शाह होंगे शामिल

Chhattisgarh Rajyotsav 2026: छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर प्रदेश का तीन दिवसीय भव्य राज्योत्सव आज यानी 1 नवंबर से नवा रायपुर अटल नगर में शुरू होने जा रहा है। राज्योत्सव 2026 के माध्यम से प्रदेश की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, जनजातीय परंपराओं, लोककलाओं, विकास यात्रा और भविष्य की संभावनाओं की झलक एक ही मंच पर देखने को मिलेगी। इस साल राज्योत्सव की थीम ‘सशक्त नारी, युवा उड़ान’ रखी गई है। आयोजन 1 से 3 नवंबर तक नवा रायपुर स्थित डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी उद्योग और व्यापार परिसर यानी मेला ग्राउंड में होगा। राज्योत्सव का शुभारंभ केंद्रीय युवा कार्यक्रम, खेल, श्रम और रोजगार मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया करेंगे। उद्घाटन समारोह की अध्यक्षता मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय करेंगे। कार्यक्रम में विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह, केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू, डिप्टी CM अरुण साव और विजय शर्मा समेत प्रदेश सरकार के मंत्री, सांसद, विधायक और अन्य जनप्रतिनिधि शामिल होंगे।

यह भी पढ़ें:- बलौदाबाजार के जंगल में खून से लथपथ मिला अज्ञात युवक का शव, सीने और कंधे पर धारदार हथियार के निशान; हत्या की आशंका

तीन दिवसीय राज्योत्सव के दूसरे दिन 2 नवंबर को राज्यपाल रमेन डेका मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। इस दिन आयोजित कार्यक्रम की अध्यक्षता पर्यटन और संस्कृति मंत्री राजेश अग्रवाल करेंगे। वहीं 3 नवंबर को केंद्रीय गृह और सहकारिता मंत्री अमित शाह राज्योत्सव के समापन समारोह के मुख्य अतिथि होंगे। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय कार्यक्रम की अध्यक्षता करेंगे। इस अवसर पर राज्य अलंकरण समारोह का भी आयोजन होगा, जिसमें अलग-अलग क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाली प्रतिभाओं को सम्मानित किया जाएगा। राजधानी रायपुर के साथ प्रदेश के सभी जिला मुख्यालयों में भी 2 नवंबर को राज्योत्सव के जिला स्तरीय कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इनमें स्थानीय संस्कृति, कलाकारों और जिलों की विकास उपलब्धियों को प्रदर्शित किया जाएगा।

45 से ज्यादा स्टॉल में दिखेगी छत्तीसगढ़ की विकास यात्रा

राज्योत्सव स्थल पर अलग-अलग विभागों के लगभग 30 और अन्य संस्थानों के 15 समेत 45 से ज्यादा स्टॉल लगाए गए हैं। इन प्रदर्शनियों में शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं, विकास कार्यों, उपलब्धियों और भविष्य की योजनाओं की जानकारी मिलेगी। ईज ऑफ डूइंग बिजनेस, मानव पूंजी विकास, विकसित भारत और अंजोर छत्तीसगढ़ मिशन जैसे विषयों पर केंद्रित प्रदर्शनियां भी आकर्षण का केंद्र रहेंगी। शिल्पग्राम में छत्तीसगढ़ की पारंपरिक ढोकरा कला, बेलमेटल शिल्प, सजावटी कलाकृतियों और पारंपरिक हस्तशिल्प का प्रदर्शन किया जाएगा। यहां प्रदेश की पारंपरिक छत्तीसगढ़ी संस्कृति और लोकजीवन से जुड़े कलात्मक स्वरूप देखने को मिलेंगे। (Chhattisgarh Rajyotsav 2026)

सेंध लेक पर सारंग टीम का एयर शो होगा आकर्षण

राज्योत्सव के दूसरे दिन 2 नवंबर को सुबह 11 बजे नवा रायपुर के सेंध लेक क्षेत्र में भारतीय वायुसेना की सारंग हेलीकॉप्टर डिस्प्ले टीम एयर शो प्रस्तुत करेगी। पांच स्वदेशी ध्रुव हेलीकॉप्टरों के साथ टीम के पायलट सामूहिक उड़ान भरते हुए आकर्षक हवाई संरचनाओं और रोमांचक करतबों का प्रदर्शन करेंगे। ग्रुप कैप्टन अभिजीत कुमार के नेतृत्व वाली टीम में महिला पायलट स्क्वाड्रन लीडर अंकिता और स्क्वाड्रन लीडर अक्षया भी शामिल हैं। मोर से प्रेरित रंग-सज्जा वाले हेलीकॉप्टरों का सटीक तालमेल और हवाई प्रदर्शन दर्शकों के लिए विशेष आकर्षण रहेगा। छत्तीसगढ़ का गठन 1 नवंबर 2000 को पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी के नेतृत्व में हुआ था। राज्योत्सव राज्य निर्माण के ऐतिहासिक योगदान को याद करने और प्रदेश की विकास यात्रा का उत्सव मनाने का अवसर है। राज्य गठन के 26 वर्ष पूरे होने के अवसर पर आयोजित यह समारोह छत्तीसगढ़ की सांस्कृतिक पहचान, उपलब्धियों और विकसित भविष्य के संकल्प को सामने रखेगा।

तीनों दिन होंगी सांस्कृतिक संध्याएं

‘सशक्त नारी, युवा उड़ान’ थीम के माध्यम से महिलाओं की आर्थिक आत्मनिर्भरता, युवाओं की प्रतिभा, ऊर्जा, नवाचार और आजीविका के नए अवसरों को प्रोत्साहित करने का संदेश दिया जाएगा। राज्योत्सव में प्रतिदिन स्थानीय, राज्य स्तरीय और राष्ट्रीय कलाकारों की प्रस्तुतियां होंगी। पहले दिन 1 नवंबर को पार्श्व गायिका पलक मुच्छल अपनी प्रस्तुति देंगी। 2 नवंबर को गायिका स्वास्ति मेहुल और 3 नवंबर को गायक अभिजीत भट्टाचार्य अपनी आवाज से दर्शकों का मनोरंजन करेंगे। तीन दिनों तक लोककलाओं, जनजातीय परंपराओं, संगीत, नृत्य और आधुनिक सांस्कृतिक प्रस्तुतियों का संगम देखने को मिलेगा। राज्योत्सव के जरिए छत्तीसगढ़ की सांस्कृतिक पहचान को राष्ट्रीय स्तर पर प्रस्तुत करने के साथ स्थानीय कलाकारों को भी बड़ा मंच उपलब्ध कराया जाएगा। (Chhattisgarh Rajyotsav 2026)

Back to top button
error: Content is protected !!