Google Analytics —— Meta Pixel

बलौदाबाजार के जंगल में खून से लथपथ मिला अज्ञात युवक का शव, सीने और कंधे पर धारदार हथियार के निशान; हत्या की आशंका

बलौदाबाजार। छत्तीसगढ़ के बलौदाबाजार जिले में एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। मुरूमडीह और रायतुम गांव के बीच स्थित जंगल में एक अज्ञात युवक का खून से लथपथ शव मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। मृतक के शरीर पर गंभीर चोटों के निशान मिले हैं। शुरुआती जांच में धारदार हथियार से हमला किए जाने की आशंका जताई जा रही है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और फॉरेंसिक साइंस लैब (FSL) की टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।

ग्रामीणों ने जंगल में देखा शव, पुलिस को दी सूचना

जानकारी के अनुसार, मुरूमडीह और रायतुम गांव के बीच जंगल से गुजर रहे कुछ ग्रामीणों की नजर खून से लथपथ पड़े युवक के शव पर पड़ी। शव की हालत देखकर ग्रामीणों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। मामला राजादेवरी थाना क्षेत्र की बया चौकी का है।

सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। इसके बाद एफएसएल टीम को भी बुलाया गया, जिसने मौके से महत्वपूर्ण भौतिक साक्ष्य जुटाए।

सीने और कंधे पर मिले गहरे चोट के निशान

पुलिस की शुरुआती जांच में मृतक के सीने और कंधे के पास तीन गहरे चोट के निशान मिले हैं। चोटों की प्रकृति देखकर धारदार हथियार से हमला किए जाने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, मौत की वास्तविक वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।

मृतक के शरीर पर गोदना (टैटू) के निशान भी मिले हैं। पुलिस इन निशानों के आधार पर युवक की पहचान करने की कोशिश कर रही है। फिलहाल उसकी पहचान नहीं हो पाई है।

हत्या समेत सभी पहलुओं से जांच कर रही पुलिस

पुलिस ने घटनास्थल पर पंचनामा कार्रवाई पूरी करने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। एफएसएल टीम ने भी जरूरी साक्ष्य एकत्र किए हैं। पुलिस हत्या की आशंका समेत सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।

फिलहाल सबसे बड़ा सवाल यह है कि युवक कौन है और उसकी हत्या किसने की? पुलिस मृतक की पहचान करने के साथ घटना से जुड़े सुराग तलाश रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और विस्तृत जांच के बाद ही मौत के कारणों तथा वारदात की परिस्थितियों का खुलासा हो सकेगा।

Back to top button
error: Content is protected !!