Google Analytics —— Meta Pixel

दिवाली की सेल में बड़े डिस्काउंट के पीछे छिपा है बड़ा खेल, ऑनलाइन शॉपिंग में इन 7 गलतियों से बचें

Diwali Sale Scams: दिवाली पर घर सजाने से लेकर नए इलेक्ट्रॉनिक्स और कपड़े खरीदने तक बाजारों में खरीदारी का माहौल बन चुका है। ऑनलाइन शॉपिंग प्लेटफॉर्म भी ग्राहकों को आकर्षित करने के लिए बड़े-बड़े ऑफर दे रहे हैं। कहीं 80 प्रतिशत तक डिस्काउंट का दावा है तो कहीं बैंक कार्ड पर अतिरिक्त छूट और नो-कॉस्ट EMI की सुविधा दी जा रही है। स्मार्टफोन, लैपटॉप, टीवी और दूसरे महंगे सामान खरीदने वालों के लिए ये ऑफर आकर्षक जरूर हैं, लेकिन इनके पीछे छिपी शर्तों को समझना भी जरूरी है। दिवाली की सेल में कई बार ग्राहक सिर्फ छूट देखकर सामान खरीद लेते हैं। बाद में पता चलता है कि प्रोडक्ट की कीमत पहले भी लगभग इतनी ही थी या फिर ऑफर का फायदा उठाने के लिए कई शर्तें पूरी करनी थी। इसके अलावा नकली रिव्यू, फर्जी वेबसाइट और साइबर ठगी का खतरा भी बना रहता है। इसलिए दिवाली की ऑनलाइन शॉपिंग के दौरान इन सात बातों का ध्यान रखना जरूरी है।

यह भी पढ़ें:- दिवाली की खरीदारी में बचाएं हजारों रुपए, फोन-TV से लेकर घर के सामान तक अपनाएं ये स्मार्ट ट्रिक्स, शॉपिंग से पहले बना लें लिस्ट

80 प्रतिशत डिस्काउंट देखकर तुरंत न करें खरीदारी

दिवाली सेल में कई उत्पादों पर भारी छूट दिखाई जाती है, लेकिन एमआरपी पर मिलने वाला डिस्काउंट हमेशा वास्तविक बचत नहीं होता। कई बार उत्पाद की वास्तविक बाजार कीमत और विज्ञापन में दिखाई गई कीमत के बीच बड़ा अंतर हो सकता है। इसलिए किसी भी प्रोडक्ट को खरीदने से पहले उसकी कीमत दूसरे ई-कॉमर्स प्लेटफॉर्म और आधिकारिक ब्रांड वेबसाइट पर जांचें। प्राइस हिस्ट्री देखने वाले टूल की मदद से पिछले तीन से छह महीनों की कीमत का रिकॉर्ड भी देखा जा सकता है। इससे यह समझने में मदद मिलेगी कि दिवाली सेल में कीमत वास्तव में कम हुई है या सिर्फ बड़ा डिस्काउंट दिखाया जा रहा है। (Diwali Sale Scams)

बैंक डिस्काउंट की शर्तें जरूर पढ़ें

दिवाली सेल में 10 प्रतिशत इंस्टेंट बैंक डिस्काउंट जैसे ऑफर आम तौर पर ग्राहकों को आकर्षित करते हैं। लेकिन कई बार इस छूट के लिए न्यूनतम खरीदारी की सीमा और अधिकतम डिस्काउंट तय होता है। उदाहरण के लिए एक लाख रुपए का लैपटॉप खरीदने पर 10 प्रतिशत छूट का दावा होने के बावजूद बैंक की अधिकतम डिस्काउंट लिमिट कम हो सकती है। कुछ ऑफर सिर्फ चुनिंदा बैंक के क्रेडिट कार्ड या डेबिट कार्ड पर लागू होते हैं। इसलिए पेमेंट से पहले ऑफर की पूरी शर्तें पढ़ें और अंतिम कीमत की गणना करें।

नो-कॉस्ट EMI के पीछे छिपे चार्ज समझें

दिवाली पर महंगे स्मार्टफोन, लैपटॉप और टीवी खरीदने वालों के लिए नो-कॉस्ट EMI आकर्षक विकल्प हो सकता है। हालांकि इसमें भी कुछ मामलों में प्रोसेसिंग फीस और उस पर लागू जीएसटी देना पड़ सकता है। उदाहरण के लिए अगर किसी बैंक की EMI योजना में 199 से 299 रुपए तक की प्रोसेसिंग फीस है, तो उस पर लागू टैक्स भी कुल खर्च में जुड़ेगा। यह शुल्क बैंक और ऑफर के अनुसार अलग हो सकता है। इसलिए EMI चुनने से पहले मासिक किस्त, कुल भुगतान और अतिरिक्त चार्ज की जानकारी जरूर लें।

पुराने फोन के एक्सचेंज में न खाएं धोख

दिवाली पर नया स्मार्टफोन खरीदने वालों के लिए एक्सचेंज बोनस एक अच्छा विकल्प हो सकता है, लेकिन ऑनलाइन स्क्रीन पर दिखाई जाने वाली अधिकतम एक्सचेंज वैल्यू हर पुराने फोन पर नहीं मिलती। डिवाइस की स्क्रीन, बॉडी, बैटरी और दूसरी स्थितियों के आधार पर उसकी वास्तविक कीमत तय की जा सकती है। अगर फोन की स्क्रीन टूटी है या बॉडी पर स्क्रैच हैं तो एक्सचेंज वैल्यू कम हो सकती है। इसलिए एक्सचेंज ऑफर स्वीकार करने से पहले उसकी शर्तें पढ़ें और पुराने फोन की कीमत दूसरे विकल्पों से भी तुलना करें।

फेक रिव्यू और सेलर की रेटिंग जांचें

ऑनलाइन खरीदारी में ग्राहक अक्सर प्रोडक्ट की स्टार रेटिंग और रिव्यू देखकर फैसला लेते हैं, लेकिन सिर्फ पांच स्टार देखकर किसी उत्पाद की गुणवत्ता का अंदाजा लगाना सही नहीं है। अगर किसी प्रोडक्ट पर एक जैसे छोटे-छोटे कमेंट लगातार दिखाई दे रहे हैं तो सावधान रहें। दो और तीन स्टार वाले रिव्यू पढ़ें, क्योंकि इनमें उत्पाद की कमियों और वास्तविक उपयोग के अनुभव का पता चल सकता है। सेलर की रेटिंग, पुराने ग्राहकों की प्रतिक्रिया और रिटर्न पॉलिसी भी जांचें। (Diwali Sale Scams)

वारंटी, रिटर्न और ओपन-बॉक्स डिलीवरी का रखें ध्यान

दिवाली पर महंगे इलेक्ट्रॉनिक सामान खरीदते समय यह जरूर देखें कि प्रोडक्ट पर आधिकारिक ब्रांड वारंटी मिल रही है या सिर्फ सेलर की वारंटी है। साथ ही रिटर्न पॉलिसी भी पढ़ें। कुछ उत्पादों पर रिफंड मिलता है, कुछ पर सिर्फ रिप्लेसमेंट और कुछ सामान नॉन-रिटर्नेबल होते हैं। अगर स्मार्टफोन या टीवी की डिलीवरी हो रही है और ओपन-बॉक्स डिलीवरी की सुविधा उपलब्ध है, तो डिलीवरी एजेंट के सामने ही पैकेज की जांच करें। उत्पाद का मॉडल, पैकेजिंग और उसकी स्थिति ठीक से देखने के बाद ही प्लेटफॉर्म की प्रक्रिया के अनुसार ओटीपी साझा करें।

दिवाली के नाम पर आने वाले फर्जी लिंक से बचें

दिवाली के दौरान साइबर ठग भी फर्जी ऑफर के जरिए लोगों को निशाना बना सकते हैं। व्हाट्सऐप और एसएमएस पर ऐसे संदेश आ सकते हैं, जिनमें बेहद कम कीमत पर आईफोन, लैपटॉप या दूसरे महंगे उत्पाद देने का दावा किया जाता है। ऐसे अनजान लिंक पर क्लिक करने से बचें। खरीदारी हमेशा आधिकारिक ऐप या वेबसाइट से करें। किसी भी अनजान व्यक्ति के साथ ओटीपी, बैंक डिटेल या यूपीआई पिन साझा न करें। ध्यान रखें कि किसी भी वैध यूपीआई भुगतान को प्राप्त करने के लिए आपको अपना यूपीआई पिन डालने की जरूरत नहीं होती। (Diwali Sale Scams)

दिवाली की शॉपिंग में जल्दबाजी पड़ सकती है महंगी

दिवाली सेल में कई प्लेटफॉर्म सीमित समय के ऑफर और कम स्टॉक होने के संदेश दिखाते हैं। ऐसे संदेशों से प्रभावित होकर ग्राहक कई बार बिना जरूरत भी सामान खरीद लेते हैं। इसे इम्पल्स बाइंग कहा जाता है। खरीदारी से पहले अपनी जरूरत और बजट तय करें। किसी भी प्रोडक्ट को सिर्फ इसलिए न खरीदें कि उस पर भारी छूट मिल रही है। अगर वही सामान बाद में कम कीमत पर उपलब्ध हो या उसकी जरूरत ही न हो, तो डिस्काउंट का कोई फायदा नहीं होगा। दिवाली पर खरीदारी करते समय सावधानी बरतना उतना ही जरूरी है जितना सही ऑफर चुनना। कीमत की तुलना, बैंक ऑफर की शर्तों की जांच, भरोसेमंद सेलर और सुरक्षित पेमेंट के जरिए ग्राहक अपनी दिवाली को खुशहाल बना सकते हैं और ऑनलाइन ठगी से भी बच सकते हैं।

Back to top button
error: Content is protected !!