Google Analytics —— Meta Pixel

रायपुर में दिनदहाड़े युवक की चाकू मारकर हत्या, बालोद में 5-6 लोगों पर धारदार हथियार से हमला

Murder in Raipur: छत्तीसगढ़ में चाकूबाजी और हिंसा की दो घटनाएं सामने आई हैं। राजधानी रायपुर में पुरानी रंजिश के चलते तीन नाबालिगों ने 18 साल के युवक की चाकू मारकर हत्या कर दी। आरोपियों ने युवक पर उसके परिजनों के सामने हमला किया। वहीं बालोद जिले के डौंडीलोहारा थाना क्षेत्र में एक युवक ने धारदार हथियार से 5 से 6 लोगों पर हमला कर दिया। घायलों में बच्चे और बुजुर्ग भी शामिल हैं। दोनों घटनाओं के बाद पुलिस ने आरोपियों को पकड़ लिया है। दरअसल, राजधानी रायपुर के माना थाना क्षेत्र में बुधवार शाम 18 साल के युवक सावन सेन की चाकू मारकर हत्या कर दी गई। वारदात माना स्थित बाल संप्रेक्षण गृह के बाहर हुई। पुलिस के मुताबिक तीन नाबालिगों ने पुरानी रंजिश का बदला लेने के लिए सावन को निशाना बनाया। आरोपियों ने उस पर आधा दर्जन से ज्यादा बार चाकू से वार किए। गंभीर रूप से घायल सावन को मेकाहारा अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

यह भी पढ़ें:- अमेरिका में ट्रंप की सियासी जमीन खिसकी, संसद के दोनों सदनों में डेमोक्रेट्स का कब्जा, मिडटर्म चुनाव में मिली करारी हार

मृतक सावन सेन पुरानी बस्ती के अश्विनी नगर का रहने वाला था। बुधवार शाम करीब 4 बजे वह अपने परिवार के 6 सदस्यों के साथ माना बाल संप्रेक्षण गृह पहुंचा था। यहां हत्या के एक पुराने मामले में निरुद्ध एक अपचारी से मिलने के बाद जैसे ही वह बाहर निकला, तीनों नाबालिगों ने उसे घेर लिया और चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। वारदात के समय उसकी बहन और अन्य रिश्तेदार भी मौजूद थे। पुलिस की पूछताछ में सामने आया है कि इस हत्याकांड के पीछे करीब तीन महीने पुरानी चाकूबाजी की घटना थी। पुरानी बस्ती थाना क्षेत्र में हुए उस विवाद के दौरान सावन ने आरोपियों में से एक पर चाकू से हमला किया था। इसमें मुख्य आरोपी घायल हुआ था। इसी घटना के बाद दोनों पक्षों के बीच रंजिश चल रही थी। बताया जा रहा है कि तीनों नाबालिग इस घटना का बदला लेने के लिए करीब तीन महीने से मौके की तलाश में थे। बुधवार को उन्हें सावन के माना संप्रेक्षण गृह पहुंचने की जानकारी मिली। इसके बाद तीनों शहर से उसका पीछा करते हुए संप्रेक्षण गृह तक पहुंचे और बाहर निकलते ही हमला कर दिया।

दो घंटे के भीतर पुलिस ने तीनों नाबालिगों को पकड़ा

घटना की सूचना मिलते ही डायल 112 की टीम और माना थाना पुलिस मौके पर पहुंची। घायल सावन को अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन उसकी जान नहीं बचाई जा सकी। वारदात के बाद तीनों आरोपी मौके से फरार हो गए थे। पुलिस ने घेराबंदी कर सरस्वती नगर थाना क्षेत्र के देवार डेरा से तीनों को पकड़ लिया। पुलिस के अनुसार, तीनों आरोपी 16 से 17 साल के हैं। वारदात के करीब दो घंटे के भीतर उन्हें अभिरक्षा में ले लिया गया। हत्या में इस्तेमाल चाकू और बाइक बरामद करने की कार्रवाई की जा रही है। मामले में पुलिस आगे की जांच कर रही है। इधर, बालोद जिले के डौंडीलोहारा थाना क्षेत्र के बगईकोन्हा गांव में भी हिंसा की घटना सामने आई है। यहां एक युवक ने धारदार हथियार से 5 से 6 लोगों पर हमला कर दिया। अचानक हुए हमले में बच्चे और बुजुर्ग भी घायल हुए हैं। घटना के बाद गांव में अफरा-तफरी मच गई। सभी घायलों को तत्काल डौंडीलोहारा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है। (Murder in Raipur)

दिवाली से पहले कानून व्यवस्था पर सवाल

घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी युवक को पकड़ लिया। फिलहाल हमले के कारणों और घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच की जा रही है। राजधानी रायपुर में पुरानी रंजिश के चलते युवक की हत्या और बालोद में कई लोगों पर धारदार हथियार से हमले की घटनाओं ने कानून-व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े किए हैं। रायपुर में तीनों नाबालिग आरोपियों को अभिरक्षा में लेकर हत्या में इस्तेमाल हथियार की बरामदगी की जा रही है, जबकि बालोद में आरोपी को पकड़कर पुलिस घायलों और हमले के कारणों से जुड़ी जानकारी जुटा रही है। इस तरह छत्तीसगढ़ में एक ही दिन चाकूबाजी की दो गंभीर घटनाओं ने सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। रायपुर में पुरानी रंजिश ने 18 साल के युवक की जान ले ली तो बालोद में एक युवक के हमले से बच्चे और बुजुर्ग तक घायल हो गए। दोनों ही मामलों में आरोपी पुलिस की पकड़ में हैं, लेकिन सवाल यही है कि आखिर मामूली विवाद और पुरानी दुश्मनी का बदला लेने के लिए हिंसा का रास्ता कब तक अपनाया जाता रहेगा? (Murder in Raipur)

Back to top button
error: Content is protected !!