BJP के राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने के बाद 15 नवंबर को पहली बार छत्तीसगढ़ आएंगे नितिन नबीन, स्मृति ईरानी भी रहेंगी मौजूद
Nitin Nabin Chhattisgarh Visit: भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन 15 नवंबर को छत्तीसगढ़ दौरे पर आएंगे। राष्ट्रीय अध्यक्ष की जिम्मेदारी संभालने के बाद यह उनका पहला छत्तीसगढ़ प्रवास होगा। वे रायगढ़ जिले के धरमजयगढ़ में आयोजित जनजातीय गौरव दिवस के मुख्य कार्यक्रम में शामिल होंगे। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के आमंत्रण पर नितिन नबीन ने प्रदेश दौरे के लिए सहमति दी है। कार्यक्रम में भाजपा की प्रदेश प्रभारी स्मृति ईरानी भी मौजूद रहेंगी। नितिन नबीन के दौरे को लेकर प्रदेश भाजपा संगठन ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। जानकारी के मुताबिक कार्यक्रम के दौरान राष्ट्रीय अध्यक्ष और प्रदेश प्रभारी पार्टी के प्रदेश पदाधिकारियों के साथ बैठक भी करेंगे। इस बैठक में संगठनात्मक गतिविधियों की समीक्षा, पिछले प्रवास के दौरान हुई चर्चाओं पर फीडबैक और आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा पर चर्चा होगी।
यह भी पढ़ें:- बलौदाबाजार में करंट हादसे ने उजाड़ा पूरा परिवार, पिता-पुत्र के बाद मां की भी मौत; दीपावली की खुशियां मातम में बदलीं
प्रदेश प्रभारी स्मृति ईरानी राष्ट्रीय अध्यक्ष की मौजूदगी में संगठन के कामकाज का अपडेट भी लेंगी। इसके साथ ही प्रदेश पदाधिकारियों को आगे की जिम्मेदारियों और संगठनात्मक गतिविधियों को लेकर दिशा-निर्देश दिए जा सकते हैं। बताया जा रहा है कि स्मृति ईरानी 11 नवंबर को ही छत्तीसगढ़ पहुंचेंगी। वे सीधे धरमजयगढ़ जाकर जनजातीय गौरव दिवस कार्यक्रम की तैयारियों का जायजा लेंगी। इसके बाद 15 नवंबर को राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन के साथ मुख्य आयोजन में शामिल होंगी। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने नितिन नबीन को छत्तीसगढ़ आने का न्योता दिया था, जिसके बाद उन्होंने 15 नवंबर को धरमजयगढ़ पहुंचने की सहमति दी। राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने के बाद उनके पहले प्रदेश दौरे को भाजपा संगठन के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। पार्टी कार्यकर्ताओं में भी उनके आगमन को लेकर उत्साह है। (Nitin Nabin Chhattisgarh Visit)
15 नवंबर को भगवान बिरसा मुंडा की जयंती
बता दें कि हर साल 15 नवंबर को भगवान बिरसा मुंडा की जयंती के अवसर पर जनजातीय गौरव दिवस मनाया जाता है। केंद्र सरकार ने साल 2021 में इस दिन को जनजातीय गौरव दिवस के रूप में मनाने की घोषणा की थी। इसका उद्देश्य देश के आदिवासी स्वतंत्रता सेनानियों के योगदान को याद करने के साथ जनजातीय समाज की संस्कृति, परंपराओं और गौरवशाली इतिहास को सम्मान देना है। भगवान बिरसा मुंडा ने अंग्रेजी हुकूमत के खिलाफ आदिवासी समाज को एकजुट कर उलगुलान आंदोलन का नेतृत्व किया था। उन्होंने जल, जंगल और जमीन के अधिकारों के लिए संघर्ष किया था। जनजातीय गौरव दिवस पर देशभर में बिरसा मुंडा सहित जनजातीय नायकों के संघर्ष और बलिदान को याद किया जाता है।
2024 से दिसंबर 2025 तक थे प्रभारी
नितिन नबीन का छत्तीसगढ़ से पुराना संगठनात्मक जुड़ाव रहा है। नितिन नबीन जुलाई 2024 से दिसंबर 2025 तक छत्तीसगढ़ भाजपा के प्रदेश प्रभारी रहे। इससे पहले वे 2021 से 2024 तक प्रदेश के सह प्रभारी की जिम्मेदारी संभाल चुके थे। उन्हें 14 दिसंबर 2025 को भाजपा का राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष नियुक्त किया गया था। इसके बाद 20 जनवरी 2026 को वे निर्विरोध भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष चुने गए। छत्तीसगढ़ में विधानसभा और लोकसभा चुनावों के दौरान संगठनात्मक रणनीति में उनकी अहम भूमिका रही। अब राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने के बाद पहली बार उनका प्रदेश आगमन हो रहा है। ऐसे में उनके इस दौरे को पुराने संगठनात्मक रिश्तों और नए राष्ट्रीय नेतृत्व के बीच एक महत्वपूर्ण कड़ी के तौर पर देखा जा रहा है। इस दौरे में एक तरफ जनजातीय गौरव दिवस के जरिए आदिवासी समाज के बीच पार्टी अपनी उपस्थिति और संवाद को मजबूत करने की कोशिश करेगी तो दूसरी तरफ संगठन के स्तर पर भी आगामी रणनीति को लेकर मंथन होगा। (Nitin Nabin Chhattisgarh Visit)
23 सितंबर को स्मृति ईरानी को मिला जिम्मा
प्रदेश प्रभारी स्मृति ईरानी की मौजूदगी और राष्ट्रीय अध्यक्ष के साथ होने वाली संगठनात्मक बैठक को भी इसी नजरिए से अहम माना जा रहा है। ऐसे में 15 नवंबर को धरमजयगढ़ में होने वाला आयोजन सिर्फ जनजातीय गौरव दिवस का कार्यक्रम नहीं, बल्कि प्रदेश भाजपा के लिए संगठनात्मक मजबूती, जनजातीय समाज से जुड़ाव और आगामी राजनीतिक दिशा तय करने के लिहाज से भी महत्वपूर्ण रहने वाला है। दरअसल, स्मृति ईरानी को 23 सितंबर 2026 को छत्तीसगढ़ भाजपा का प्रदेश प्रभारी नियुक्त किया गया था। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन ने उन्हें यह जिम्मेदारी सौंपी थी। उनके साथ सिद्धार्थ शंभू को प्रदेश सह-प्रभारी बनाया गया था। प्रदेश प्रभारी की जिम्मेदारी मिलने के बाद अक्टूबर में उन्होंने छत्तीसगढ़ का दौरा कर संगठन के नेताओं और पदाधिकारियों के साथ बैठक की थी। अब नवंबर में उनका यह दूसरा प्रदेश प्रवास होगा। इस दौरान वे जनजातीय गौरव दिवस के आयोजन की तैयारियों का जायजा लेने के साथ संगठनात्मक गतिविधियों की समीक्षा भी करेंगी। 15 नवंबर को राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन की मौजूदगी में होने वाली बैठक में प्रदेश संगठन के कामकाज और आगामी कार्ययोजना पर चर्चा होगी।



