Google Analytics —— Meta Pixel

राहुल गांधी की दिवाली पार्टी में शामिल हुए छत्तीसगढ़ कांग्रेस के दिग्गज, PCC चीफ दीपक बैज रहे नदारद

Rahul Gandhi Diwali Party: कांग्रेस सांसद राहुल गांधी के दिल्ली स्थित आवास पर आयोजित दिवाली मिलन समारोह में छत्तीसगढ़ कांग्रेस के कई दिग्गज नेता शामिल हुए। पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, पूर्व डिप्टी CM टीएस सिंहदेव और विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष चरणदास महंत ने कार्यक्रम में शिरकत की। इनके अलावा छत्तीसगढ़ कांग्रेस के प्रदेश प्रभारी सुखदेव भगत और सह-प्रभारी विजय जांगिड़ भी मौजूद रहे। हालांकि प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज इस आयोजन में शामिल नहीं हुए। छत्तीसगढ़ के इन वरिष्ठ नेताओं की एक साथ मौजूदगी को प्रदेश कांग्रेस की राजनीति के लिहाज से अहम माना जा रहा है। राहुल गांधी के आवास पर आयोजित इस कार्यक्रम में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे समेत कांग्रेस शासित राज्यों के मुख्यमंत्री, पूर्व मुख्यमंत्री, कांग्रेस वर्किंग कमेटी के सदस्य, सांसद और अलदग-अलग राज्यों के प्रदेश प्रभारी सहित बड़ी संख्या में वरिष्ठ नेता पहुंचे।

यह भी पढ़ें:- रामभक्तों पर गोली चलाने वाले पहले माफी मांगें, फिर अयोध्या आएं: CM योगी का अखिलेश यादव पर तीखा हमला

दिवाली से पहले आयोजित इस मिलन समारोह का उद्देश्य पार्टी नेताओं के बीच मुलाकात और संवाद का अवसर देना था। हालांकि कार्यक्रम के दौरान देश के मौजूदा राजनीतिक हालात और केंद्र सरकार की नीतियों को लेकर भी चर्चा देखने को मिली। छत्तीसगढ़ से भूपेश बघेल, टीएस सिंहदेव और चरणदास महंत की मौजूदगी खास रही। तीनों नेता प्रदेश कांग्रेस के प्रमुख चेहरों में शामिल हैं। वहीं प्रदेश प्रभारी सुखदेव भगत और सह-प्रभारी विजय जांगिड़ की मौजूदगी से प्रदेश संगठन के नेताओं को राष्ट्रीय नेतृत्व के साथ मुलाकात का मौका मिला। हालांकि प्रदेश अध्यक्ष दीपक बैज का कार्यक्रम में नहीं पहुंचना भी चर्चा का विषय रहा। राष्ट्रीय स्तर पर आयोजित इस समारोह में अलग-अलग राज्यों के नेताओं की मौजूदगी के बीच छत्तीसगढ़ के नेताओं की एकजुट उपस्थिति को संगठनात्मक और राजनीतिक दृष्टि से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। (Rahul Gandhi Diwali Party)

दिवाली मिलन के बहाने BJP पर कांग्रेस का हमला

कार्यक्रम सिर्फ त्योहार की शुभकामनाओं और आपसी मुलाकात तक सीमित नहीं रहा। कांग्रेस नेताओं ने देशभर में BJP के प्रदर्शनों, मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण यानी SIR और दिल्ली-NCR में बढ़ते वायु प्रदूषण को लेकर केंद्र सरकार पर सवाल उठाए। राजस्थान के पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने BJP के सड़कों पर उतरकर प्रदर्शन करने पर टिप्पणी की। उन्होंने कहा कि करीब 80 साल में पहली बार राजनीतिक भूमिकाएं बदली हुई दिखाई दे रही हैं। विपक्ष के बजाय सत्तारूढ़ पार्टी ‘लोकतंत्र बचाओ’ और ‘अराजकता खत्म करो’ जैसे नारे लगा रही है। वहीं कांग्रेस सांसद पवन खेड़ा ने SIR प्रक्रिया को लेकर गंभीर आशंकाएं जताईं। उन्होंने आरोप लगाया कि इस प्रक्रिया के जरिए मतदाताओं को उनके मतदान के अधिकार से वंचित किया जा सकता है। खेड़ा ने कहा कि अगर किसी व्यक्ति को भारतीय नागरिक के रूप में ही मान्यता नहीं मिलेगी, तो उसके पास क्या बचेगा। उन्होंने मतदाता सूची के पुनरीक्षण की प्रक्रिया पर पारदर्शिता और जवाबदेही को लेकर सवाल उठाए।

कांग्रेस नेता उदित राज ने दिल्ली-NCR में बढ़ते प्रदूषण और मौसमी धुंध के लिए सरकार को जिम्मेदार ठहराया। उन्होंने कहा कि जब BJP सत्ता में नहीं थी, तब वह हर जिम्मेदारी विपक्ष पर डालती थी, लेकिन अब केंद्र सरकार, राज्य सरकार, उपराज्यपाल के अधीन प्रशासन और स्थानीय नगर निकायों पर BJP का नियंत्रण है। ऐसे में प्रदूषण की स्थिति के लिए जिम्मेदारी भी उसी की बनती है। राहुल गांधी इससे पहले 13 अक्टूबर को INDIA ब्लॉक के नेताओं को अपने आवास पर हाई-टी के लिए आमंत्रित कर चुके हैं। हालांकि इस बार का आयोजन विशेष रूप से कांग्रेस नेताओं के लिए रखा गया था। दिवाली मिलन समारोह के जरिए पार्टी के राष्ट्रीय नेतृत्व, राज्यों के वरिष्ठ नेताओं और संगठन के पदाधिकारियों को एक मंच पर आने का अवसर मिला। दिवाली के उत्सवी माहौल में हुई इस मुलाकात के दौरान जहां नेताओं ने एक-दूसरे को शुभकामनाएं दी। वहीं राजनीतिक मुद्दों पर भी अपनी राय रखी। छत्तीसगढ़ कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं की मौजूदगी और प्रदेश अध्यक्ष दीपक बैज की अनुपस्थिति ने इस आयोजन को प्रदेश की सियासत के लिहाज से भी चर्चा में ला दिया।

Back to top button
error: Content is protected !!