शराब के नशे में मां की बेरहमी से हत्या, कलयुगी बेटे अधजली लकड़ी से पीट-पीटकर ली जान, खाना मांगने पर हुआ था विवाद

Son Kills Mother: जिस मां ने 9 महीने तक अपनी कोख में रखकर बेटे को जन्म दिया, उसे पाल-पोसकर बड़ा किया और जिंदगी भर उसकी खुशियों की दुआएं मांगती रही, उसी मां की जिंदगी का अंत उसके अपने बेटे के हाथों हो गया, जिस घर में मां अपने बच्चों के लिए खाना बनाती थी, उसी घर में मामूली बात पर उठा विवाद खौफनाक वारदात में बदल गया। शराब के नशे में घर पहुंचे बेटे ने खाना मांगने को लेकर हुए विवाद में अपनी मां पर अधजली लकड़ी से ताबड़तोड़ वार कर दिए। मां को बचाने आई बहन को भी उसने नहीं बख्शा और डंडे से उसकी पिटाई कर दी। गंभीर रूप से घायल मां ने अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। दिल दहला देने वाली यह घटना छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले की है।
यह भी पढ़ें:- जल्दी अमीर बनने की चाह में 5 साल के मासूम की हत्या, आरोपी ने किडनी-फेफड़े और आंखें निकाली, अंग बेचने की थी योजना
घटना के बाद आरोपी बेटा मौके से फरार हो गया था। हालांकि पुलिस ने जांच के बाद उसे गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। आरोपी की पहचान रोशन मिंज उर्फ जिंदल (22) के रूप में हुई है। वह कॉलेज में बीकॉम प्रथम वर्ष का छात्र है। मामला सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र के गढ़ाटोली का है। जानकारी के मुताबिक मृतिका के पति सुरेंद्र मिंज 7 नवंबर की शाम डोडकाचौरा में एक निर्माणाधीन मकान की रखवाली करने गए थे। घर पर उनकी पत्नी वेनेदिक्ता कुजूर और बच्चे मौजूद थे। इसी दौरान रात करीब 11 से 12 बजे के बीच उनका बड़ा बेटा रोशन मिंज उर्फ जिंदल अपने दोस्तों के साथ शराब पीकर घर पहुंचा। घर पहुंचते ही उसने मां से खाना मांगा। इस पर मां ने उसे दिन का खाना रखा होने की बात कहते हुए निकालकर खाने को कहा। इसी मामूली बात पर मां-बेटे के बीच विवाद शुरू हो गया। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि आरोपी ने आपा खो दिया और मां पर हमला कर दिया। (Son Kills Mother)
चूल्हे के पास पड़ी अधजली लकड़ी से मां को पीटा
खाना देने की बात पर गुस्साए रोशन ने घर में चूल्हे के पास पड़ी अधजली लकड़ी उठा ली। इसके बाद उसने मां के हाथ, पैर और पीठ पर कई वार किए। हमले में महिला गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर पड़ी। मां की चीख-पुकार सुनकर घर में सो रही उसकी बेटी बीच-बचाव करने पहुंची, लेकिन आरोपी ने मां को बचाने आई अपनी बहन पर भी डंडे से हमला कर दिया और उसकी पिटाई की। इसके बाद वह छोटे भाई के पास पहुंचा और खाना नहीं बचाने की बात को लेकर उसे भी धमकाया। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी घर से भागकर जुरगुम की ओर चला गया। घटना के बाद घर में मौजूद बच्चों ने एंबुलेंस की मदद से गंभीर रूप से घायल वेनेदिक्ता को जिला अस्पताल जशपुर पहुंचाया। यहां डॉक्टरों की निगरानी में उनका इलाज शुरू किया गया। (Son Kills Mother)
कॉलेज में बीकॉम प्रथम वर्ष का छात्र है आरोपी
8 नवंबर की सुबह करीब 7 बजे मृतका के पति सुरेंद्र मिंज को एक परिचित के माध्यम से घटना की जानकारी मिली। सूचना मिलते ही वह अस्पताल पहुंचे और पत्नी से घटना के संबंध में जानकारी ली। इसके बाद वह बेटी की दवाई लेने घर चले गए। जब वापस अस्पताल पहुंचे तो पता चला कि गंभीर चोटों के कारण उनकी पत्नी की इलाज के दौरान मौत हो गई है। परिवार में इस घटना के बाद मातम छा गया। पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी रोशन मिंज उर्फ जिंदल शासकीय नवीन महाविद्यालय मनोरा में बीकॉम प्रथम वर्ष का छात्र है। वह मनोरा स्थित पोस्ट मैट्रिक छात्रावास में रहता है। बताया गया कि 2-3 नवंबर को वह अपने घर गढ़ाटोली आया था। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर गवाहों की मौजूदगी में पूछताछ की। पूछताछ के दौरान उसने 7 नवंबर की रात शराब पीकर घर आने और खाना नहीं मिलने की बात पर मां से विवाद होने के बाद अधजली लकड़ी से हमला करने की बात स्वीकार की।
आरोपी की निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल लकड़ी जब्त
आरोपी ने पुलिस को बताया कि वारदात में इस्तेमाल की गई अधजली लकड़ी उसने घटनास्थल पर ही छोड़ दी थी। उसकी निशानदेही पर पुलिस ने लकड़ी जब्त कर ली। इसके साथ ही पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर जरूरी साक्ष्य जुटाए और शव का पोस्टमॉर्टम कराया। पति की रिपोर्ट पर सिटी कोतवाली पुलिस ने पहले मर्ग कायम कर जांच शुरू की। जांच में हत्या के पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद आरोपी के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया गया। पुलिस ने रोशन मिंज उर्फ जिंदल को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया। एसएसपी डॉ. लाल उमेद सिंह ने बताया कि सिटी कोतवाली क्षेत्र में महिला की हत्या के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी बेटे को गिरफ्तार कर लिया है। उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है। (Son Kills Mother)



