सोनिया गांधी की किताब में जिंदगी के अनकहे किस्से, पहले बेटे की मौत से राजीव की आखिरी विदाई तक 544 पन्नों में बयां की कहानी

Sonia Gandhi Book: कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी की किताब ‘बिलॉन्गिंग: अ जर्नी ऑफ लव’ बाजार में आ गई है। बिना किसी औपचारिक लॉन्च के किताब की बिक्री शुरू कर दी गई है। हार्पर कॉलिन्स इंडिया से प्रकाशित इस किताब में सोनिया गांधी ने अपनी निजी जिंदगी, प्रेम, शादी, परिवार और राजनीतिक सफर के कई अनकहे पहलुओं को साझा किया है। 544 पन्नों की इस किताब को 7 चैप्टर में बांटा गया है। इसके पहले संस्करण की एक लाख प्रतियां प्रकाशित की गई हैं। किताब के कवर पर लगी तस्वीर 1966 में राजीव गांधी ने खींची थी। सोनिया ने इसे राजनीतिक किताब के बजाय अपना निजी मेमॉयर बताया है। किताब में सोनिया गांधी ने अपनी जिंदगी के कई ऐसे अनुभव साझा किए हैं, जिनके बारे में अब तक सार्वजनिक रूप से ज्यादा चर्चा नहीं हुई थी।
यह भी पढ़ें:- छत्तीसगढ़ में बड़ी लूट! ज्वेलर्स से चाकू की नोक पर छीना 2 करोड़ का सोना, जंगल में भागे बदमाश
उन्होंने बताया कि जनवरी 1969 में उन्होंने समय से पहले एक बेटे को जन्म दिया था, लेकिन जन्म के कुछ ही घंटों बाद बच्चे की मौत हो गई। इस घटना ने उन्हें गहरे सदमे में डाल दिया और वे अवसाद में चली गईं। इसके करीब डेढ़ साल बाद 19 जून 1970 को राहुल गांधी का जन्म हुआ। उनके जन्म से पूरा परिवार और खासतौर पर दादी इंदिरा गांधी बेहद खुश थी। सोनिया गांधी ने किताब में राजीव गांधी से पहली मुलाकात का जिक्र करते हुए बताया कि 1960 के दशक के मध्य में वे अंग्रेजी की पढ़ाई के लिए इटली से कैम्ब्रिज पहुंची थीं। नए देश, अनजान भाषा, ठंडे मौसम और ब्रिटिश खानपान के बीच तालमेल बैठाने की कोशिश कर रही सोनिया की मुलाकात एक ग्रीक रेस्टोरेंट ‘द वर्सिटी’ में राजीव गांधी से हुई। जनवरी 1965 में कॉमन फ्रेंड क्रिश्चियन वॉन स्टिग्लिट्ज ने दोनों का परिचय कराया। सोनिया के मुताबिक यह मुलाकात दोनों के लिए पहली नजर के प्यार जैसी थी। (Sonia Gandhi Book)
भारत पहुंची सोनिया, खादी की गुलाबी साड़ी पहनकर की शादी
राजीव गांधी ने अपनी मां इंदिरा गांधी को चिट्ठी लिखकर सोनिया के बारे में बताया। शुरुआत में इंदिरा थोड़ी चिंतित थी, लेकिन जून 1965 में लंदन में सोनिया से मिलने के लिए तैयार हो गईं। दूसरी ओर सोनिया के पिता इस रिश्ते को लेकर सहज नहीं थे। उन्होंने सोनिया को कैम्ब्रिज से हटाकर लेनिनग्राद भेजने की कोशिश भी की, लेकिन मां और अन्य लोगों के समझाने पर वे मान गए। नवंबर 1966 में राजीव गांधी सोनिया के माता-पिता से मिलने इटली पहुंचे। सोनिया के पिता उनकी सादगी और ईमानदारी से प्रभावित हुए, लेकिन उन्होंने शादी से पहले सोनिया के 21 साल की होने तक इंतजार करने को कहा। जनवरी 1968 में सोनिया 21 साल की हुईं और भारत आने का फैसला किया। सोनिया 13 जनवरी 1968 को दिल्ली पहुंची। उस दौरान वे लोगों की नजरों से बचने के लिए राजीव के पारिवारिक मित्र कवि हरिवंश राय बच्चन और उनकी पत्नी तेजी बच्चन के घर ठहरी थीं। 26 जनवरी को राजीव और सोनिया की सगाई हुई और 25 फरवरी 1968 को 1 सफदरजंग रोड के बगीचे में सादे समारोह में दोनों विवाह बंधन में बंध गए। शादी के दौरान सोनिया ने जवाहरलाल नेहरू के काते हुए सूत से बनी खादी की गुलाबी साड़ी पहनी थी।
इंदिरा गांधी के घर में सीखी हिंदी
शादी के बाद सोनिया गांधी इंदिरा गांधी के घर के माहौल में ढलने लगीं। किताब में उन्होंने बताया कि इंदिरा की निजी सचिवों एमी कृष्णा और उषा भगत के मार्गदर्शन में उन्होंने घर के बड़े स्टाफ को संभालना सीखा। परिवार के लोगों से बातचीत और साथ बैठकर भोजन करने के लिए उन्होंने हिंदी सीखना भी शुरू किया। इस दौरान वे अपनी सास इंदिरा गांधी के साथ भूटान और सिक्किम की आधिकारिक यात्राओं पर भी गईं। किताब में राजीव गांधी के शौक का भी जिक्र है। राजीव इंडियन एयरलाइंस में पायलट थे और खाली समय में फोटोग्राफी, हैम रेडियो और संगीत का आनंद लेते थे। सोनिया ने राजीव के करीबी दोस्तों और सलाहकारों पीएन हक्सर, एचवाई शारदा प्रसाद और फोरे नेहरू का भी उल्लेख किया है। सोनिया गांधी ने किताब में उस दौर की राजनीतिक घटनाओं को भी याद किया है, जब इंदिरा गांधी और कांग्रेस के सिंडिकेट के बीच टकराव चल रहा था। इसी दौर में बैंकों का राष्ट्रीयकरण हुआ और कांग्रेस पार्टी का विभाजन हुआ। इसके बाद 1971 के चुनाव में इंदिरा गांधी ने ‘गरीबी हटाओ’ के नारे के साथ भारी बहुमत से जीत हासिल की।

सोनिया ने पूर्वी पाकिस्तान के संकट, भारत में करीब एक करोड़ शरणार्थियों के आने और 1971 के युद्ध का भी जिक्र किया है। इस युद्ध के बाद बांग्लादेश का गठन हुआ और इंदिरा गांधी को भारत रत्न से सम्मानित किया गया। किताब में 1975 के आपातकाल से जुड़े घटनाक्रम भी शामिल हैं। 12 जून 1975 को इलाहाबाद हाईकोर्ट ने इंदिरा गांधी के 1971 के चुनाव को रद्द कर दिया था। इसके बाद 25 जून 1975 को देश में आपातकाल घोषित किया गया। विपक्षी नेताओं की गिरफ्तारियां हुईं और प्रेस पर सेंसरशिप लागू की गई। सोनिया ने संजय गांधी के पांच सूत्री कार्यक्रम के तहत परिवार नियोजन और झुग्गी-झोपड़ियों को हटाने के दौरान हुई ज्यादतियों का भी उल्लेख किया है। 1977 के चुनाव में कांग्रेस को करारी हार का सामना करना पड़ा। इंदिरा गांधी और संजय गांधी भी अपनी सीटें हार गए। इसके बाद परिवार को प्रधानमंत्री आवास छोड़ना पड़ा। हालांकि 1980 में कांग्रेस (आई) की सत्ता में वापसी हुई। इसी साल 23 जून को विमान दुर्घटना में संजय गांधी की मौत हो गई। इस घटना ने पूरे परिवार को तोड़कर रख दिया। मां को सहारा देने के लिए राजीव गांधी ने अनिच्छा के बावजूद अपना पायलट करियर छोड़कर राजनीति में कदम रखा और 1981 में अमेठी से उपचुनाव जीता।
इंदिरा गांधी की हत्या के बाद राजीव बने प्रधानमंत्री
किताब में जून 1984 के ऑपरेशन ब्लू स्टार और 31 अक्टूबर 1984 को इंदिरा गांधी की हत्या का भी जिक्र है। इंदिरा गांधी की हत्या के बाद राजीव गांधी ने प्रधानमंत्री पद की शपथ ली। सोनिया ने बताया कि 3 नवंबर 1984 को इंदिरा गांधी के अंतिम संस्कार के बाद राजीव ने उनकी अंतिम इच्छा के अनुसार वायुसेना के विमान से उनकी अस्थियां हिमालय में बिखेरी थीं। किताब का सबसे भावुक हिस्सा राजीव गांधी की हत्या से जुड़ा है। सोनिया गांधी ने 20 मई 1991 की उस आखिरी मुलाकात को याद किया है, जब राजीव चुनाव प्रचार के लिए श्रीपेरंबदूर जाने वाले थे। जाने से पहले राजीव ने सोनिया से पूछा था कि वे उनके साथ क्यों नहीं चलतीं। सोनिया ने थकान की वजह से साथ जाने से इनकार कर दिया। इसके बाद दोनों ने एक-दूसरे को गले लगाकर विदाई ली। सोनिया पर्दे के पीछे से राजीव को जाते हुए देखती रहीं। इसके बाद श्रीपेरंबदूर में LTTE की आत्मघाती हमलावर ने राजीव गांधी की हत्या कर दी। 24 मई 1991 को उनका पार्थिव शरीर वीर भूमि ले जाया गया। उस समय 19 साल के राहुल गांधी ने पिता की चिता को मुखाग्नि दी। बाद में सोनिया ने जब राजीव का बैग खोला तो उसमें कैम्ब्रिज में खींची गई सोनिया की पहली तस्वीर रखी हुई थी। (Sonia Gandhi Book)
राजनीति में आने के फैसले का बच्चों ने किया था विरोध
राजीव गांधी की हत्या के बाद सोनिया लंबे समय तक राजनीति से दूर रहीं। किताब में उन्होंने बताया कि कांग्रेस की कमजोर होती स्थिति और 1992 में बाबरी मस्जिद विध्वंस के बाद उन्होंने राजनीति में आने पर विचार किया था। हालांकि राहुल और प्रियंका गांधी इसके पक्ष में नहीं थे। नए साल की छुट्टियों पर जाने से पहले दोनों बच्चों ने अपनी मां से जल्दबाजी में कोई फैसला नहीं लेने का वादा लिया था। इसके बावजूद 14 मार्च 1998 को सोनिया गांधी कांग्रेस अध्यक्ष बनीं। 1999 के लोकसभा चुनाव में उन्होंने अमेठी और कर्नाटक की बेल्लारी सीट से चुनाव लड़ा और दोनों जगह जीत हासिल की। बाद में उन्होंने अमेठी सीट अपने पास रखी। सोनिया गांधी ने किताब में 2004 के राजनीतिक घटनाक्रम का भी विस्तार से जिक्र किया है। मई 2004 में कांग्रेस गठबंधन ने 218 सीटें जीती थीं। उस समय माना जा रहा था कि सोनिया गांधी प्रधानमंत्री बनेंगी। हालांकि उनके बच्चों ने इस फैसले का विरोध किया। 18 मई की रात गठबंधन के नेताओं के साथ बैठक के बाद सोनिया ने ‘अंतरात्मा की आवाज’ का हवाला देते हुए प्रधानमंत्री पद स्वीकार करने से इनकार कर दिया। इसके बाद उन्होंने अर्थशास्त्री डॉ. मनमोहन सिंह को प्रधानमंत्री पद के लिए नामांकित किया। 22 मई 2004 को मनमोहन सिंह ने प्रधानमंत्री पद की शपथ ली और सोनिया गांधी संयुक्त प्रगतिशील गठबंधन (UPA) की अध्यक्ष बनीं।
अन्ना आंदोलन से लेकर 2024 के चुनाव तक का सफर
सोनिया ने यूपीए सरकार के दूसरे कार्यकाल के दौरान बढ़ते भ्रष्टाचार के आरोपों और सत्ता विरोधी लहर का भी उल्लेख किया है। इसी दौरान अन्ना हजारे के नेतृत्व में इंडिया अगेंस्ट करप्शन आंदोलन शुरू हुआ। इसके बाद 2014 में लोकपाल विधेयक पारित हुआ। 2024 के लोकसभा चुनाव में राहुल और प्रियंका गांधी ने संविधान की रक्षा के मुद्दे पर जोरदार प्रचार किया। 4 जून 2024 को आए चुनाव परिणामों के बाद INDIA गठबंधन के प्रदर्शन पर सोनिया ने खुशी जताई। उन्होंने राहुल और प्रियंका को गले लगाकर उनका स्वागत किया। किताब में सोनिया गांधी ने भारतीय नागरिकता लेने के अनुभव को भी साझा किया है। उन्होंने बताया कि काफी समय तक उन्होंने अपना इटली का पासपोर्ट संभालकर रखा था, क्योंकि वह उनकी पुरानी पहचान का हिस्सा था। लेकिन राजीव गांधी के सार्वजनिक जीवन में आने के बाद उन्हें भारतीय नागरिकता लेना सही लगा। रिकॉर्ड के मुताबिक, उन्होंने 1983 में भारतीय नागरिकता ली थी। नागरिकता छोड़ने की औपचारिक प्रक्रिया इटली के राजदूत के आवास पर हुई थी। इस दौरान दस्तावेज पढ़ते समय उनकी धड़कन तेज हो गई और चेहरा गर्म हो गया। उन्हें महसूस हुआ कि उनकी पुरानी पहचान का बचा हुआ एक हिस्सा भी हमेशा के लिए छूट रहा है।
क्लिंटन, सरकोजी और प्रिंसेस डायना से जुड़े किस्से भी लिखे
सोनिया गांधी ने किताब में विदेशी नेताओं और चर्चित हस्तियों से जुड़े कुछ निजी अनुभव भी साझा किए हैं। उन्होंने अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति बिल क्लिंटन के 2000 के भारत दौरे का जिक्र करते हुए लिखा कि तत्कालीन प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की ओर से आयोजित रिसेप्शन के दौरान क्लिंटन वहां मौजूद खूबसूरत महिलाओं को चोरी-छिपे देख रहे थे। उन्होंने यह भी लिखा कि क्लिंटन कश्मीर को दुनिया की सबसे खतरनाक जगहों में से एक मानते थे। फ्रांस के पूर्व राष्ट्रपति निकोलस सरकोजी से जुड़ा एक किस्सा भी किताब में शामिल है। 2008 में भारत दौरे के दौरान सरकोजी अपनी पार्टनर कार्ला ब्रूनी के बिना आए थे। डिनर के दौरान उनसे शादी की योजना को लेकर सवाल किया गया तो वे खुलकर अपनी लव लाइफ के बारे में बात करने लगे और फोन पर कार्ला को मैसेज भी कर रहे थे। वहीं प्रिंसेस डायना को याद करते हुए सोनिया ने लिखा कि 1981 में राजीव गांधी के साथ उनकी शादी में शामिल होने के दौरान डायना बेहद खूबसूरत दुल्हन लग रही थीं, लेकिन उनके चेहरे पर परेशानी साफ दिखाई दे रही थी। 1992 में भारत यात्रा के दौरान ताजमहल के सामने अकेले तस्वीर खिंचवाने वाले दिन भी सोनिया की उनसे मुलाकात हुई थी। (Sonia Gandhi Book)
भारत में जिंदगी बिताने का कोई मलाल नहीं: सोनिया गांधी
सोनिया गांधी ने अपनी किताब में जीवन के आठ दशकों के अनुभवों पर विचार करते हुए कहा है कि उन्हें भारत में अपना जीवन बिताने का कोई मलाल नहीं है। उन्होंने लिखा कि राजनीतिक समझौतों और निजी संघर्षों के बावजूद वे अपने परिवार और भारत के लोगों के प्यार से समृद्ध महसूस करती हैं। सोनिया के मुताबिक यह किताब उस जगह की कहानी है जिसे उन्होंने अपना घर माना। उन्होंने अपने परिवार को ईमानदारी से सामने रखने की कोशिश की है। उनका कहना है कि उन्होंने अपनी जिंदगी का बड़ा हिस्सा निजी रखा, लेकिन दुख ने उन्हें राजनीति की ओर खींचा। भारत में पांच दशक से ज्यादा समय बिताते हुए उन्होंने देश को बदलते देखा। शुरुआत में वे इस बदलाव को किनारे से देख रही थीं, लेकिन बाद में खुद इसके केंद्र का हिस्सा बन गईं। सोनिया गांधी की किताब सिर्फ एक राजनीतिक सफर का दस्तावेज नहीं, बल्कि प्यार, परिवार, बिछड़ने और संघर्षों की ऐसी कहानी है, जिसे उन्होंने दशकों तक निजी रखा। राजीव गांधी से पहली मुलाकात और आखिरी विदाई से लेकर पहले बेटे को खोने का दर्द, राजनीति में आने का फैसला और प्रधानमंत्री पद ठुकराने तक किताब में सोनिया ने अपनी जिंदगी के कई अनछुए पहलुओं को सामने रखा है।




