सोनिया गांधी की किताब से गरमाई सियासत, बीजेपी ने उठाए 1984 दंगों, इमरजेंसी और ऑपरेशन ब्लू स्टार पर सवाल

BJP on Sonia Book: सोनिया गांधी की किताब ‘बिलॉन्गिंग’ के बाजार में आते ही सियासी बयानबाजी तेज हो गई है। किताब में इमरजेंसी, ऑपरेशन ब्लू स्टार, 1984 के दंगे और राजीव गांधी की आखिरी विदाई जैसे कई घटनाक्रमों का जिक्र है। अब बीजेपी नेताओं ने किताब में लिखी बातों और गांधी परिवार की भूमिका पर सवाल खड़े किए हैं। केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने सोनिया गांधी पर निशाना साधते हुए कहा कि किताब से उनके असली चेहरे उजागर हुए हैं। वहीं बीजेपी के दूसरे नेताओं ने 1984 के सिख विरोधी दंगों और आपातकाल को लेकर कांग्रेस को घेरा है। कुछ नेताओं ने आरोप लगाया कि सोनिया गांधी ने किताब के जरिए अपने परिवार को क्लीन चिट देने की कोशिश की है। दूसरी ओर सोनिया के प्रधानमंत्री पद ठुकराने के दावे पर भी सवाल उठाए गए हैं। यानी एक किताब ने एक बार फिर कांग्रेस और बीजेपी के बीच सियासी टकराव को तेज कर दिया है।
यह भी पढ़ें:- बड़ा रेल हादसा: कोलकाता-सैरांग एक्सप्रेस के 7 डिब्बे पटरी से उतरे, कई यात्री घायल
केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने कहा कि ये अच्छा हुआ कि उन्होंने किताब लिखवाया और दिल की बात लिखी है। उनके असली चेहरे उजागर हुए। इनके आंख में आंसू तभी आता है, जब बाबरी, बाटला हाउस जैसी घटना होती है। गोधरा जैसी घटना होती है, तब इनके आंसू सूख जाते हैं। पहलगाम में हिंदू लोगों को गोली मारी जाती है, तब इनके आंसू नहीं बहते हैं। मनमोहन सिंह ने इनके नेतृत्व में कहा था कि देश के संसाधन पर पहला अधिकार मुसलमानों का है। इनके आंसू बस उन्हीं के लिए बहते हैं। उत्तर प्रदेश सरकार में मंत्री दया शंकर सिंह ने कहा कि कुछ लोग कह रहे हैं कि उन्होंने आपातकाल पर भी लिखा है, आपातकाल में लोकतंत्र की हत्या हुई, संविधान की धज्जिया उड़ गई, निर्दोष लोगों को जेलों में बंद किया गया, हमारी माताओं-बहनों तक को नहीं छोड़ा गया, यदि उन्होंने सच लिखा होगा तो अच्छी बात है, अब क्या लिखा है वो तो जब पढ़ा जाएगा तभी पता चलेगा। उत्तर प्रदेश सरकार में मंत्री संजय कुमार निषाद ने कहा कि स्वतंत्र भारत में हर आदमी को लिखने, पढ़ने और बोलने का अधिकार है। मगर जो भी कुछ घटनाएं हैं, बिना तथ्यों के आरोप-प्रत्यारोप नहीं करना चाहिए, क्योंकि जब उसे पढ़ा जाता है तो उसका असर आता है। राजनीतिक व्यक्ति जब भी कोई काम करेगा तो उसे राजनीति की दृष्टि से देखा जाएगा। राजनीतिक रूप से ये लोग छुपने के लिए छापते रहते हैं। इनकी गलतियां छिपती रहे इसलिए छापते रहते हैं। (BJP on Sonia Book)

हरियाणा सरकार के मंत्री अनिल विज ने कहा कि वो बिल्कुल गलत कह रही हैं, क्योंकि हम अपने देश में दूसरे देश के नागरिकों को वही अधिकार देते हैं, जो अधिकार उस देश में हमारे नागरिकों को दिया जाता है। इटली में उनके संविधान के सेक्शन 84 के तहत कोई भी गैर इटली शख्स वहां पर प्रधानमंत्री या राष्ट्रपति नहीं बन सकता है। इसलिए हम भी उन्हें प्रधानमंत्री नहीं बना सकते थे। वो तो तैयार थी। किताब में 1984 के दंगो के जिक्र पर कहा कि उन्होंने दुख जाहिर किया, ठीक है, लेकिन उनके पति ने तो कहा था कि जब कोई बड़ा पेड़ गिरता है तो धरती हिलती है। उन्होंने अपने पति को क्यों नहीं समझाया। वहां पर क्यों इतना कत्लेआम हुआ? अभी तक लोग उन जख्मों को लेकर घूम रहे हैं। बिहार सरकार में मंत्री विजय कुमार सिन्हा ने कहा कि सभी को अपनी आत्मकथा लिखनी चाहिए और अपनी जिंदगी में लोगों ने जो किया है, अंतिम समय में उसकी समीक्षा भी करनी चाहिए और बताना चाहिए कि हमसे क्या गलती हुई और हम अच्छा क्या कर सकते थे? पश्चिम बंगाल सरकार में मंत्री दिलीप घोष ने कहा कि PM मोदी जब से पीएम बने हैं वे बॉर्डर पर जाकर सैनिकों के साथ दीवाली मनाते हैं, उत्सव मनाते हैं। उनकी पूरी जिंदगी जनसंपर्क में बीत गई है। क्या सोनिया गांधी और उनका परिवार किसी आम आदमी से मिला है?

भाजपा सांसद तरुण चुघ ने कहा कि कांग्रेस का इतिहास सिखों और पंजाबियों के जख्म और लोकतंत्र के दमन से भरा पड़ा है। सोनिया गांधी 1975 में जब देश में आपातकाल लगाया था, तब इंदिरा गांधी के क्या हाव-भाव थे, ये भी देश को बताइए। जब 1 लाख लोगों को जेल में डाला था, बोलने की आजादी, संविधान; सब कुछ छीन लिया गया था, देश की चुनी हुई सरकार को भंग करके या उनके कार्यकाल को बढ़ा दिया गया था तो उस समय इंदिरा गांधी के क्या हाव-भाव थे? श्री हरिमंदिर साहिब पर सैन्य कार्रवाई हुई… देश भूल नहीं सकता कि पवित्र श्री हरिमंदिर साहिब में टैंक किसने चलाए थे, तोपें किसने चलाई थी, श्री हरिमंदिर साहिब को खंडहर किसने बनाया था? कांग्रेस पार्टी ने देश के 52 शहरों को श्मशान बना दिया और सिखों को जिंदा जला दिया, उस समय आपका, आपके पति का क्या इंप्रेशन था? आप 1984 के हाव-भाव बताकर आज भी सिखों के जख्मों पर नमक छिड़कने का काम कर रही हैं। भाजपा सांसद गुलाम अली खटाना ने कहा कि जिस तरह से कांग्रेस ने पिछले 70 सालों में एक प्रतिभा को हतोत्साहित किया है, कुछ प्रतिभावान नेता थे जो देश का नेतृत्व कर सकते थे। उनका अलग विजन था। बहुत सारे लोगों ने तो अपनी पार्टियां बना ली। किस तरह से कांग्रेस उन्हें जलील करते हैं, किस तरह से उन्हें स्थान नहीं दिया जाता है, ये पूरा देश जानता है। (BJP on Sonia Book)

सोनिया गांधी की किताब पर उन्होंने कहा कि मैंने ये किताब पढ़ी नहीं है, लेकिन ये बात साफ है कि कांग्रेस के DNA में सिख विरोधी मानसिकता है। सिखों के साथ उन्होंने जैसा अत्याचार किया है, उसकी मिसाल दुनिया में नहीं मिलती है। कांग्रेस किस मुंह से पंजाब या बाकी जगहों पर, इस किताब को जारी कर रही है, वे क्या संदेश देना चाहते हैं, ये वही बता सकती है, लेकिन ये बात तय है कि उनका DNA सिखों के खिलाफ है। भाजपा नेता एच.एस. फूलका ने कहा कि सोनिया गांधी की जो किताब आई है, उसमें उन्होंने अपने परिवार को ‘सेल्फ क्लीन चिट’ देने की कोशिश की है, यहां तक कि सिखों के नरसंहार के मामले में भी। अपनी किताब में उन्होंने कहा कि 31 अक्टूबर की रात को राजीव गांधी ने सेना प्रमुख जनरल वैद्य को सेना बुलाने का निर्देश दिया था। उनका कहना है कि जनरल वैद्य ने खुद दिल्ली के पास तैनात सेना की टुकड़ियों का इस्तेमाल न करने का फैसला लिया, क्योंकि उसमें कथित तौर पर सिख सैनिक शामिल थे और इसके बजाय देहरादून जैसी दूर की जगहों से सैनिकों को बुलाया। उनका सुझाव है कि यह जनरल वैद्य का निजी फैसला था और सैनिकों के आने में हुई देरी के कारण उन्हें तैनात करने में भी देरी हुई। यह बयान पूरी तरह से तथ्यों के खिलाफ है।

फूलका ने आगे कहा कि पहली बात, यह दावा कि जनरल वैद्य ने सिख सैनिकों को तैनात न करने का फैसला लिया और यह कि दिल्ली के पास कोई अन्य सैनिक उपलब्ध नहीं थे। पूरी तरह से तथ्यों से अलग है। 31 अक्टूबर और 1 नवंबर की सुबह, केवल दिल्ली में ही सेना के 6,000 जवान मौजूद थे। मिश्रा आयोग ने बताया कि शहर में लगभग 6,000 सैनिक मौजूद थे, फिर भी उन्हें तैनात नहीं किया गया। इसके अलावा, मिश्रा आयोग ने कहा कि अगर 1 नवंबर की सुबह इन सैनिकों में से 5,000 सैनिकों को भी दिल्ली की सड़कों पर मार्च करने के लिए तैनात किया गया होता, तो कम से कम 2,000 सिखों की जान बचाई जा सकती थी। यह बात मिश्रा आयोग की रिपोर्ट में दर्ज है और नानावटी आयोग ने भी यही बात कही है। उन्होंने कहा कि सोनिया गांधी के उस दावे को देखें,जिसमें उन्होंने अपने परिवार को दोषमुक्त करने की कोशिश की है। उनका यह दावा कि 1 नवंबर को सेना उपलब्ध नहीं थी और इसलिए उसे तैनात नहीं किया जा सका, आधिकारिक रिकॉर्ड के बिल्कुल विपरीत है। मिश्रा आयोग की रिपोर्ट के मुताबिक राजीव गांधी ने जनरल वैद्य को सतर्क तो किया था, लेकिन सेना को तैनात करने का काम सेना प्रमुख का नहीं होता। (BJP on Sonia Book)

भाजपा नेता ने कहा कि यह नागरिक प्रशासन की जिम्मेदारी है। इसके अलावा मिश्रा आयोग ने यह भी कहा कि अगर वे 5,000 सैनिक जो 1 नवंबर को पहले से ही दिल्ली में मौजूद थे, उन्हें तैनात कर दिए गए होते तो 2,000 सिखों की जान बचाई जा सकती थी। उस समय राजीव गांधी प्रधानमंत्री थे। उन्होंने क्या कदम उठाए? अगर राजीव गांधी को खुद जिम्मेदार नहीं माना जाता तो फिर उन्होंने सिखों के इस नरसंहार के लिए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ क्या कार्रवाई की। उन लोगों के खिलाफ, जिन्होंने सेना को नहीं बुलाया, जबकि वह 1 नवंबर को दिल्ली में ही मौजूद थी? अपनी पहली ही रैली में दिए गए भाषण में राजीव गांधी ने कहा था कि ‘जब कोई बड़ा पेड़ गिरता है तो धरती हिलती है।’ उन्होंने एक तरह से पूरे नरसंहार को सही ठहराने की कोशिश की। भाजपा नेता शाहनवाज हुसैन ने कहा कि सोनिया गांधी की किताब ने पुराने जख्म पर नमक छिड़कने का काम किया है। उस पर प्रतिक्रिया तो आएगी, क्योंकि सोनिया गांधी ने बहुत सारी बातें नहीं लिखी है और कई सारी बातें लिखी हैं तो ऑपरेशन ब्लू स्टार हो या फिर 1984 के दंगे हो या फिर कांग्रेस के किए गए कृत्य हो, देश सब पर चर्चा करेगा।

किताब में भाजपा पर हमले पर उन्होंने कहा कि आपातकाल लगाने वाली कांग्रेस और उसके नेता भाजपा की सरकार पर उंगली उठा रहे हैं, जबकि कांग्रेस ने आपातकाल लगाकर पूरे लोकतांत्रिक ढांचे को कमजोर किया था। अब जब कांग्रेस विपक्ष में है तो भी लोकतांत्रिक ढांचे को कमजोर कर रही है और संवैधानिक संस्थाओं पर हमला कर रही है। भाजपा नेता आरपी सिंह ने कहा कि वो कह रही हैं कि बाद में ऑपरेशन ब्लू स्टार की तस्वीरें देखकर इंदिरा गांधी काफी चिंतित थी, लेकिन सच यह है कि वो ऑपरेशन ब्लू स्टार के विकल्प थे, जिसमें वहां आए श्रद्धालुओं को मरने से बचाया जा सकता था। मगर कहीं न कहीं इंदिरा गांधी के दिमाग में एक रचना रच गई थी। एक प्रकार का षडयंत्र रचा गया, जिसमें देश के सबसे बड़े राष्ट्रभक्त कौम को देशद्रोही साबित करके चुनाव जीतने का प्लान बन गया था। उसके चक्कर में ऑपरेशन ब्लू स्टार किया गया। उसी के चक्कर में 1980 के दशक से लेकर 1990 तक जो भी हुआ, वो सब उसी घटनाचक्र का हिस्सा है।



