स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 में छत्तीसगढ़ का जलवा, बिल्हा देश में नंबर-1, बिलासपुर को दूसरा स्थान, रायपुर राज्य में अव्वल

Swachh Survekshan 2025-26: स्वच्छता और नगरीय प्रबंधन के क्षेत्र में छत्तीसगढ़ ने राष्ट्रीय स्तर पर बड़ी उपलब्धि हासिल की है। भारत सरकार के आवासन और शहरी कार्य मंत्रालय की ओर से आयोजित स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 में प्रदेश के तीन नगरीय निकायों को राष्ट्रीय पुरस्कार से सम्मानित किया गया है। इनमें बिलासपुर जिले की नगर पंचायत बिल्हा ने 20 हजार से कम आबादी वाले शहरों की श्रेणी में देशभर में पहला स्थान हासिल किया है। वहीं बिलासपुर नगर निगम को स्वच्छ रिवर फ्रंट टाउन श्रेणी में राष्ट्रीय स्तर पर दूसरा स्थान मिला है। इसके अलावा रायपुर नगर निगम को स्वच्छता के क्षेत्र में प्रदेश में प्रथम पुरस्कार से नवाजा गया है। नई दिल्ली के विज्ञान भवन में आयोजित पुरस्कार वितरण समारोह में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने छत्तीसगढ़ के नगरीय निकायों को राष्ट्रीय पुरस्कार प्रदान किए।
यह भी पढ़ें:- छत्तीसगढ़ वाणिज्यिक कर विभाग में बड़ा फेरबदल, कई अधिकारियों-कर्मचारियों के तबादले
डिप्टी CM, नगरीय प्रशासन और विकास मंत्री अरुण साव, विभाग के प्रमुख सचिव सोनमणि बोरा के साथ संबंधित नगरीय निकायों के महापौर और आयुक्तों ने पुरस्कार ग्रहण किए। कार्यक्रम में केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य मंत्री मनोहर लाल खट्टर और केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू भी मौजूद रहे। बिलासपुर जिले की नगर पंचायत बिल्हा के लिए यह उपलब्धि खास रही। 20 हजार से कम आबादी वाले शहरों की श्रेणी में देश में पहला स्थान हासिल कर बिल्हा ने राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बनाई है। यह उपलब्धि दर्शाती है कि सीमित संसाधनों के बावजूद बेहतर प्रबंधन, स्वच्छता के प्रति प्रतिबद्धता और नागरिकों की सहभागिता से छोटे नगरीय निकाय भी देशभर में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर सकते हैं। वहीं बिलासपुर नगर निगम को स्वच्छ रिवर फ्रंट टाउन श्रेणी में दूसरा स्थान मिला है। दूसरी ओर राजधानी रायपुर नगर निगम ने स्वच्छता के क्षेत्र में राज्य स्तर पर पहला स्थान प्राप्त किया है। (Swachh Survekshan 2025-26)

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने इस उपलब्धि पर प्रदेशवासियों, नगरीय निकायों के जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और स्वच्छता कर्मियों को बधाई दी है। उन्होंने कहा कि स्वच्छ सर्वेक्षण में छत्तीसगढ़ को मिले राष्ट्रीय सम्मान प्रदेश के शहरों की बदलती तस्वीर और स्वच्छता के प्रति नागरिकों की सामूहिक प्रतिबद्धता का प्रमाण हैं। बिल्हा का देश में पहला स्थान प्राप्त करना और बिलासपुर का स्वच्छ रिवर फ्रंट टाउन श्रेणी में दूसरा स्थान हासिल करना पूरे प्रदेश के लिए गर्व की बात है। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार का लक्ष्य केवल स्वच्छता की रैंकिंग में आगे बढ़ना नहीं, बल्कि ऐसी स्थायी व्यवस्था विकसित करना है, जिसमें स्वच्छता हर नागरिक की आदत और हर शहर की पहचान बने। जनभागीदारी, आधुनिक नगरीय सुविधाओं और प्रभावी प्रबंधन के माध्यम से स्वच्छ, स्वस्थ और विकसित छत्तीसगढ़ के संकल्प को साकार करने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। (Swachh Survekshan 2025-26)

डिप्टी CM अरुण साव ने भी तीन नगरीय निकायों को राष्ट्रीय स्तर पर सम्मान मिलने पर खुशी जाहिर की। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि नगरीय निकायों के जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, स्वच्छता कर्मियों और आम नागरिकों के सामूहिक प्रयासों का परिणाम है। उन्होंने बिल्हा की उपलब्धि को विशेष बताते हुए कहा कि छोटे नगरीय निकाय भी बेहतर प्रबंधन और जनसहभागिता के दम पर राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बना सकते हैं। समारोह में रायपुर नगर निगम की महापौर मीनल चौबे, बिलासपुर नगर निगम की महापौर पूजा विधानी और नगर पंचायत बिल्हा की अध्यक्ष वंदना जेंड्रे मौजूद रहीं। इनके अलावा राज्य शहरी विकास अभिकरण (SUDA) के मिशन डायरेक्टर और मुख्य कार्यपालन अधिकारी सुमीत अग्रवाल, रायपुर नगर निगम आयुक्त संबित मिश्रा और बिलासपुर नगर निगम आयुक्त प्रकाश कुमार सर्वे समेत अन्य अधिकारी भी समारोह में शामिल हुए। स्वच्छ सर्वेक्षण में प्रदेश के तीन नगरीय निकायों को मिले ये सम्मान छत्तीसगढ़ में स्वच्छता व्यवस्था को बेहतर बनाने, नागरिक सहभागिता बढ़ाने और नगरीय सेवाओं को मजबूत करने की दिशा में किए जा रहे प्रयासों को राष्ट्रीय पहचान देते हैं।




