Google Analytics —— Meta Pixel

माइक्रोसॉफ्ट की सर्विस 15 घंटे से ठप, दुनियाभर में मचा हड़कंप, ईमेल से लेकर ऑनलाइन मीटिंग तक प्रभावित

Microsoft Global Outage: दुनियाभर में माइक्रोसॉफ्ट की कई जरूरी ऑनलाइन सेवाएं करीब 15 घंटे से ठप हैं। इस तकनीकी खराबी के चलते ईमेल भेजने, ऑनलाइन मीटिंग करने और क्लाउड पर फाइल सेव करने जैसे जरूरी काम प्रभावित हुए हैं। माइक्रोसॉफ्ट आउटलुक, टीम्स, शेयरपॉइंट, कोपायलट 365 और एक्सचेंज ऑनलाइन जैसी सेवाओं में आई दिक्कत का असर सिर्फ दफ्तरों तक सीमित नहीं रहा, बल्कि स्कूल, अस्पताल और सरकारी कामकाज भी प्रभावित हुए हैं। जानकारी के मुताबिक भारतीय समयानुसार गुरुवार रात करीब 9 बजकर 45 मिनट पर इस आउटेज की शुरुआत हुई। खराबी शुरू होने के महज एक घंटे के भीतर इसका असर दुनिया के 74 देशों तक पहुंच गया। गुरुवार रात करीब 11:30 बजे आउटलुक से जुड़ी शिकायतें बढ़कर 1 लाख 40 हजार से ज्यादा हो गईं, जो सामान्य स्तर से करीब 2 हजार गुना ज्यादा थी।

यह भी पढ़ें:- अंडमान में चक्रवात की आहट, उत्तर भारत में ठंड और कोहरा, दुनियाभर में दिल्ली की हवा सबसे जहरीली

भारत में भी बड़ी संख्या में यूजर्स को परेशानी का सामना करना पड़ा। 12 नवंबर की रात करीब 11:42 बजे शिकायतों का आंकड़ा 2 हजार 157 तक पहुंच गया था। अगले दिन सुबह 9 बजे के आसपास भी करीब 1 हजार 960 शिकायतें दर्ज की गईं। भारतीय यूजर्स को मुख्य रूप से आउटलुक एप खोलने, ईमेल भेजने और प्राप्त करने के साथ लॉगिन करने में परेशानी हुई। माइक्रोसॉफ्ट की सेवाएं बाधित होने से कई जरूरी काम अटक गए। कई स्कूलों में ऑनलाइन कक्षाएं नहीं हो सकी, जबकि कुछ डॉक्टर मरीजों को ऑनलाइन परामर्श नहीं दे पाए। कंपनियों में सामान के ऑर्डर प्रोसेस करने और कर्मचारियों के बीच फाइल साझा करने में परेशानी आई। इसके अलावा ईमेल आधारित वेरिफिकेशन, नए अकाउंट बनाने और ऑनलाइन सेवाओं तक पहुंचने में भी दिक्कतें सामने आईं।

साइबर अटैक नहीं, सॉफ्टवेयर अपडेट में गड़बड़ी बनी वजह

माइक्रोसॉफ्ट के मुताबिक इस आउटेज की वजह सॉफ्टवेयर अपडेट में आई तकनीकी गड़बड़ी है। कंपनी ने साइबर अटैक या हैकिंग की आशंका से इनकार किया है। कंपनी का कहना है कि सिस्टम को ठीक करने के लिए किए गए शुरुआती बदलाव उम्मीद के मुताबिक काम नहीं कर रहे हैं। ऐसे में अब दूसरे तकनीकी विकल्पों की टेस्टिंग की जा रही है, ताकि सिस्टम पर अतिरिक्त दबाव डाले बिना ज्यादा से ज्यादा यूजर्स को दोबारा सेवाओं से जोड़ा जा सके। इस खराबी का असर इसलिए भी बड़ा माना जा रहा है, क्योंकि दुनियाभर में 43 करोड़ से ज्यादा लोग माइक्रोसॉफ्ट 365 एप्स का इस्तेमाल करते हैं। ट्रैकिंग प्लेटफॉर्म्स के आंकड़ों के मुताबिक 30 से 40 लाख कंपनियां अपने रोजमर्रा के कामकाज के लिए इन सेवाओं पर निर्भर हैं। वहीं दुनिया की 90 प्रतिशत से ज्यादा फॉर्च्यून 500 कंपनियां माइक्रोसॉफ्ट के एआई चैटबॉट कोपायलट का इस्तेमाल करती हैं। (Microsoft Global Outage)

डिजिटल दुनिया की निर्भरता पर उठे सवाल

ऑस्ट्रेलिया के साइबर सुरक्षा विशेषज्ञ ट्रॉय हंट के मुताबिक इस खराबी का असर सिर्फ माइक्रोसॉफ्ट यूजर्स तक सीमित नहीं रहेगा। ईमेल आधारित वेरिफिकेशन, ऑनलाइन खरीदारी, अपॉइंटमेंट की जानकारी और दूसरी डिजिटल सेवाओं पर भी इसका प्रभाव पड़ सकता है। माइक्रोसॉफ्ट की इस तकनीकी खराबी ने एक बार फिर दुनिया की डिजिटल व्यवस्था की निर्भरता को उजागर कर दिया है। एक सॉफ्टवेयर अपडेट में आई गड़बड़ी ने करोड़ों यूजर्स के कामकाज को प्रभावित कर दिया। सवाल अब सिर्फ सर्विस बहाल होने का नहीं, बल्कि यह भी है कि भविष्य में ऐसी तकनीकी गड़बड़ियों से निपटने के लिए कंपनियों के पास वैकल्पिक व्यवस्था कितनी मजबूत है। फिलहाल दुनियाभर के यूजर्स को माइक्रोसॉफ्ट की सेवाएं पूरी तरह सामान्य होने का इंतजार है। (Microsoft Global Outage)

Back to top button
error: Content is protected !!