Google Analytics —— Meta Pixel

होटल कारोबारी दीपक टंडन पर बढ़ता शिकंजा, एक हफ्ते में 6 FIR, ठगी, धमकी और ब्लैकमेलिंग के आरोपों में घिरा

Deepak Tandon Fraud Case: रायपुर के होटल कारोबारी दीपक टंडन उर्फ अंबेडकर टंडन की मुश्किलें लगातार बढ़ती जा रही हैं। उसके खिलाफ एक हफ्ते के भीतर छठी FIR दर्ज हुई है। ताजा मामला कोरबा जिले के दीपका का है, जहां कोयला कारोबारी के पिता से 27 लाख 90 हजार रुपए की धोखाधड़ी करने का आरोप लगा है। शिकायतकर्ता का आरोप है कि रकम लौटाने के नाम पर 5 लाख रुपए का चेक दिया गया, लेकिन बैंक में पता करने पर चेक पहले से ही होल्ड मिला। पैसे मांगने पर गाली-गलौज करने, जान से मारने और एससी-एसटी एक्ट में फंसाने की धमकी देने का भी आरोप है। दीपका पुलिस ने 13 नवंबर 2026 को शिकायत के आधार पर FIR दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

यह भी पढ़ें:- महादेव सट्टा ऐप के प्रमोटर सौरभ चंद्राकर से ED ने आज से शुरू की पूछताछ, डिजिटल सबूतों और हवाला नेटवर्क पर सवाल

दीपका के वार्ड नंबर-9 निवासी कोयला कारोबारी अंकित सिंह (32) के मुताबिक दीपक टंडन ने उनके पिता महेंद्र सिंह से 27 लाख 90 हजार रुपए लिए थे। इस मामले में 2020 में दीपका थाने में मामला दर्ज हुआ था। अंकित का आरोप है कि बाद में दीपक ने उन्हें भरोसे में लेकर शपथ पत्र के माध्यम से समझौता किया। उसने कुछ दिनों के भीतर 5 लाख रुपए देने और बाकी रकम धीरे-धीरे लौटाने का वादा किया था। शिकायतकर्ता के मुताबिक बार-बार रकम मांगने पर दीपक टंडन ने 20 मई 2023 को यस बैंक का 5 लाख रुपए का चेक दिया। हालांकि करीब 10 से 12 दिन बाद जब अंकित ने बैंक में चेक के संबंध में जानकारी ली तो पता चला कि चेक पहले से ही होल्ड कराया गया है। इसके बाद भी आरोपी रकम लौटाने में टालमटोल करता रहा। (Deepak Tandon Fraud Case)

पैसे मांगने पर गाली-गलौज और धमकी का आरोप

अंकित का आरोप है कि दीपक ने 10 जुलाई 2024 को कटघोरा कोर्ट में पेशी के दौरान पैसे देने की बात कही थी। इसी दिन शाम करीब 4 बजे उसने अपने एक साथी के माध्यम से अंकित को दीपका के बुधवारी चौक बुलाया। अंकित के मुताबिक बुधवारी चौक पहुंचने पर दीपक टंडन रकम मांगने की बात पर नाराज हो गया। आरोप है कि उसने गाली-गलौज करते हुए जान से मारने और एससी-एसटी एक्ट में फंसाने की धमकी दी। डर के कारण अंकित ने उस समय पुलिस में शिकायत नहीं की। उसने घटना की जानकारी अपने पिता और साथी गौतम गौते को दी थी। शिकायतकर्ता के अनुसार कुछ दिन पहले बिलासपुर पुलिस ने दीपक टंडन को गिरफ्तार किया था। इसके बाद उसने हिम्मत जुटाकर 13 नवंबर 2026 को दीपका थाने में लिखित शिकायत दी और कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

एक हफ्ते में दीपक टंडन पर 6 FIR

दीपक टंडन के खिलाफ अलग-अलग जिलों में धोखाधड़ी, होटल पर कब्जा, वाहन बेचने के नाम पर ठगी और आपत्तिजनक सामग्री तैयार कर ब्लैकमेलिंग जैसे आरोपों में मामले दर्ज हुए हैं। ताजा FIR के साथ उसके खिलाफ दर्ज मामलों की संख्या 6 हो गई है। पहला मामला होटल पर कब्जे और धमकी देने से जुड़ा है। पहला मामला होटल पर कब्जे और धमकी देने से जुड़ा है। रायपुर के तेलीबांधा थाना में सरिता वाजपेयी की शिकायत पर दीपक टंडन और उसकी पत्नी बरखा टंडन के खिलाफ मामला दर्ज है। आरोप है कि वीआईपी रोड स्थित साधना मंडप यानी होटल वेलकम श्री की लीज समाप्त होने के बाद भी उन्होंने होटल का कब्जा नहीं छोड़ा। नगर निगम की सील तोड़कर जबरन प्रवेश करने, गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी देने के आरोप भी लगाए गए हैं। (Deepak Tandon Fraud Case)

जमीन और रेस्टोरेंट बेचने के नाम पर ठगी

रायपुर के तेलीबांधा थाने में आशीष जायसवाल की शिकायत पर दीपक टंडन और उसकी पत्नी बरखा टंडन के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज हुआ है। आरोप है कि दोनों ने 16,500 वर्गफीट जमीन और एटमॉस्फिरिया रेस्टोरेंट बेचने का सौदा कर करीब 36 लाख रुपए लिए। शिकायतकर्ता के मुताबिक जिस जमीन और रेस्टोरेंट का सौदा किया गया, वह दीपक और बरखा के नाम पर नहीं था। आशीष जायसवाल की ही शिकायत पर तेलीबांधा थाने में अलग से एक और FIR दर्ज की गई है। आरोप है कि दीपक टंडन ने 2023 मॉडल फॉर्च्यूनर लीजेंडर बेचने का सौदा किया और इसके एवज में 20 लाख रुपए ले लिए, लेकिन न तो वाहन दिया और न ही रकम वापस की। सक्ती के सिटी कोतवाली में किशन शर्मा की शिकायत पर दीपक टंडन के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। आरोप है कि मार्च 2022 में उसने बड़े अधिकारियों से पहचान होने का दावा करते हुए सरकारी कोयला टेंडर दिलाने का भरोसा दिया था। इसके बदले 15 लाख रुपए लिए गए। शिकायत में गारंटी के तौर पर बंद बैंक खाते का चेक देने की बात भी सामने आई है।

AI से आपत्तिजनक फोटो-वीडियो बनाकर ब्लैकमेलिंग का आरोप

बिलासपुर में एक मीडियाकर्मी की शिकायत पर दीपक टंडन के खिलाफ मामला दर्ज किया गया। आरोप है कि उसने AI की मदद से आपत्तिजनक फोटो और वीडियो तैयार कर न्यूज पोर्टल और सोशल मीडिया पर प्रसारित किए। इसके जरिए ब्लैकमेलिंग और भ्रामक सामग्री फैलाने के आरोप भी लगे हैं। इसी मामले में बिलासपुर पुलिस ने दीपक टंडन को गिरफ्तार किया था। ताजा मामला कोरबा जिले के दीपका थाने का है। कोयला कारोबारी अंकित सिंह की शिकायत के मुताबिक, दीपक टंडन ने उनके पिता महेंद्र सिंह से 27 लाख 90 हजार रुपए लिए थे। रकम लौटाने के नाम पर 5 लाख रुपए का चेक दिया, लेकिन बैंक में जांच कराने पर वह पहले से होल्ड मिला। शिकायतकर्ता ने पैसे मांगने पर गाली-गलौज करने, जान से मारने और एससी-एसटी एक्ट में फंसाने की धमकी देने का आरोप लगाया है। इस मामले में 13 नवंबर 2026 को FIR दर्ज की गई है। (Deepak Tandon Fraud Case)

नेताओं और रसूखदारों से संबंधों को लेकर भी चर्चा

दीपक टंडन का नाम केवल धोखाधड़ी और ब्लैकमेलिंग के मामलों में ही नहीं, बल्कि नेताओं और रसूखदार लोगों से संबंधों को लेकर भी चर्चा में रहा है। उसके कई नेताओं के साथ फोटो सोशल मीडिया पर वायरल हुए हैं। इससे पहले दीपक टंडन ने दंतेवाड़ा की तत्कालीन DSP कल्पना वर्मा पर लव ट्रैप में फंसाकर करोड़ों रुपए और गहने लेने का आरोप लगाया था। इस विवाद के बाद भी वह काफी सुर्खियों में रहा। वहीं दीपक की होटल में कपड़े उतरवाकर पिटाई किए जाने का वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। पुलिस के मुताबिक दीपक टंडन पर AI की मदद से लोगों की तस्वीरों के साथ छेड़छाड़ कर आपत्तिजनक सामग्री तैयार करने और उसे न्यूज पोर्टल समेत सोशल मीडिया पर पोस्ट करने के आरोप हैं। इसके बाद खबर हटाने या मामला दबाने के नाम पर पैसे मांगने की शिकायतें सामने आई हैं। फिलहाल बिलासपुर में दर्ज मामले में उसकी गिरफ्तारी हो चुकी है। फिलहाल दीपक टंडन के खिलाफ दर्ज अलग-अलग मामलों में लगाए गए आरोपों की जांच जारी है। कोरबा के ताजा मामले में भी पुलिस शिकायत और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई कर रही है।

Back to top button
error: Content is protected !!