Google Analytics —— Meta Pixel

CG NEWS : जेल की ऊंची दीवार भी नहीं रोक पाई बंदियों को! कंबलों के सहारे फरार हुए 4 कैदी

महासमुंद जिला जेल से सोमवार सुबह चार विचाराधीन बंदी कंबलों की मदद से दीवार फांदकर फरार हो गए। तीन NDPS और एक चोरी के मामले में बंद था। पुलिस तलाश में जुटी।

महासमुंद। छत्तीसगढ़ के महासमुंद जिला जेल में आज सोमवार तड़के सुरक्षा व्यवस्था को धता बताते हुए चार विचाराधीन बंदी फरार हो गए। बंदियों ने जेल की ऊंची दीवार पार करने के लिए कंबलों का सहारा लिया और अंधेरे का फायदा उठाकर परिसर से बाहर निकल गए। घटना सुबह करीब 4 बजे की बताई जा रही है। वहीं, उनके साथ भागने की कोशिश कर रहा पांचवां बंदी दीवार से नीचे गिर गया, जिसके चलते वह फरार होने में नाकाम रहा। घटना सामने आते ही जेल प्रशासन में हड़कंप मच गया। पुलिस और जेल प्रशासन की टीमें फरार बंदियों की तलाश में जुट गई हैं।

कंबलों को जोड़कर बनाई रस्सी, फिर दीवार फांदकर हुए फरार

प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, पांच बंदियों ने एक साथ जेल से भागने की योजना बनाई थी। सोमवार तड़के करीब 4 बजे उन्होंने जेल में उपलब्ध कंबलों को आपस में बांधकर दीवार पार करने का रास्ता तैयार किया। इसके बाद एक-एक कर दीवार चढ़ने की कोशिश की गई। इनमें से चार बंदी जेल की दीवार पार कर भागने में सफल रहे, जबकि पांचवां बंदी नीचे गिर गया और जेल परिसर से बाहर नहीं निकल सका।

तीन गांजा तस्करी और एक चोरी के मामले में था बंद

जेल से फरार हुए चारों बंदी अलग-अलग आपराधिक मामलों में विचाराधीन थे। इनमें तीन बंदी NDPS एक्ट यानी मादक पदार्थों की तस्करी से जुड़े मामलों में जेल में बंद थे, जबकि चौथा चोरी के आरोप में निरुद्ध था।

जानकारी के अनुसार, फरार बंदियों में दो मध्यप्रदेश के जबलपुर, एक राजस्थान और एक महासमुंद जिले का निवासी बताया जा रहा है। अलग-अलग राज्यों से जुड़े आरोपियों के फरार होने के बाद पुलिस उनके संभावित ठिकानों और संपर्कों की जानकारी जुटा रही है।

जेल की सुरक्षा व्यवस्था पर खड़े हुए गंभीर सवाल

एक साथ चार बंदियों के जेल से फरार होने की घटना ने महासमुंद जिला जेल की सुरक्षा और निगरानी व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। सबसे बड़ा सवाल यह है कि बंदियों ने भागने की योजना कब बनाई और कंबलों की मदद से दीवार पार करने की तैयारी के दौरान सुरक्षा कर्मियों को इसकी भनक क्यों नहीं लगी।

जेल प्रशासन अब पूरे घटनाक्रम की जांच कर रहा है। साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि सुरक्षा व्यवस्था में कहां और किस स्तर पर चूक हुई।

फरार बंदियों की तलाश में पुलिस की टीमें सक्रिय

घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस और जेल प्रशासन ने फरार बंदियों की तलाश शुरू कर दी है। उनके संभावित ठिकानों पर दबिश देने के साथ अन्य जरूरी जानकारियां भी जुटाई जा रही हैं। फिलहाल पुलिस की प्राथमिकता चारों बंदियों को जल्द से जल्द गिरफ्तार करना है। जांच के बाद ही जेल से फरार होने की पूरी साजिश और सुरक्षा में हुई चूक का खुलासा हो सकेगा।

Back to top button
error: Content is protected !!