Google Analytics —— Meta Pixel

उत्तराखंड में दो बड़े सड़क हादसे: ऋषिकेश-बदरीनाथ हाईवे पर खाई में गिरी बस, 6 की मौत; रुद्रप्रयाग में 4 ने गंवाई जान

देहरादून। उत्तराखंड में आज मंगलवार सुबह दो अलग-अलग सड़क हादसों ने मातम पसरा दिया। ऋषिकेश-बदरीनाथ हाईवे पर गूलर बाजार के पास यात्रियों से भरी बस पुल से करीब 100 मीटर नीचे गहरी खाई में गिर गई। हादसे में अब तक छह लोगों की मौत की खबर है, जबकि करीब 20 घायलों को रेस्क्यू कर अस्पताल पहुंचाया गया है। बस में लगभग 30 से 35 यात्री सवार बताए जा रहे हैं। वहीं, रुद्रप्रयाग जिले में शादी समारोह से लौट रहा मैक्स वाहन खाई में गिर गया। इस हादसे में चार लोगों की मौत हो गई और छह अन्य घायल हुए हैं।

गूलर बाजार के पास पुल से नीचे गिरी बस

जानकारी के मुताबिक, बस हरिद्वार से जोशीमठ जा रही थी। मंगलवार सुबह गूलर बाजार के पास पुल पर चालक का वाहन से नियंत्रण बिगड़ गया और बस पुल से करीब 100 मीटर नीचे पानी में जा गिरी। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। स्थानीय लोगों ने पुलिस और बचाव दल को सूचना दी।

सूचना मिलते ही एसडीआरएफ की टीमें मौके पर पहुंचीं और राहत-बचाव अभियान शुरू किया। अब तक करीब 20 यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकालकर एंबुलेंस की मदद से अस्पताल भेजा गया है। हादसे में छह लोगों की मौत की पुष्टि की गई है। अन्य यात्रियों की तलाश के लिए रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है।

ब्यासी और ढालवाला से पहुंचीं एसडीआरएफ की टीमें

एसडीआरएफ के अनुसार, हादसे की सूचना मिलते ही ब्यासी और ढालवाला पोस्ट से बचाव दल रवाना किए गए। घटनास्थल पर पहुंचकर टीमों ने खाई में उतरकर यात्रियों को निकालने का काम शुरू किया। हादसे की गंभीरता को देखते हुए एसडीआरएफ कमांडेंट अर्पण यदुवंशी के निर्देश पर अतिरिक्त टीमें भी भेजी गईं। पुलिस बल भी मौके पर मौजूद है और संयुक्त रूप से राहत एवं बचाव कार्य किया जा रहा है।

रुद्रप्रयाग में शादी से लौट रहा मैक्स वाहन खाई में गिरा, चार की मौत

उत्तराखंड में दूसरा हादसा रुद्रप्रयाग जिले की क्यूंजा घाटी में कंडारा के पास हुआ। सोमवार रात करीब 9 बजे पोखरी में शादी समारोह से लौट रहा मैक्स वाहन अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरा। वाहन में कुल 10 लोग सवार थे।

हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों की मदद से रेस्क्यू अभियान चलाकर सभी घायलों को बाहर निकाला गया। दुर्घटना में चार लोगों की मौत हो गई, जबकि छह लोग घायल हुए हैं। घायलों में चार की हालत गंभीर होने पर उन्हें बेहतर इलाज के लिए श्रीनगर बेस अस्पताल रेफर किया गया।

दो हादसों से उत्तराखंड में शोक की लहर

लगातार हुए इन दो सड़क हादसों ने कई परिवारों को गहरे सदमे में डाल दिया है। एक ओर हाईवे पर यात्रियों से भरी बस के खाई में गिरने से जनहानि हुई, वहीं दूसरी ओर शादी समारोह से लौट रहे लोगों का वाहन दुर्घटनाग्रस्त हो गया। दोनों घटनाओं में पुलिस और बचाव दलों ने राहत एवं बचाव अभियान चलाया।

Back to top button
error: Content is protected !!