Google Analytics —— Meta Pixel

छत्तीसगढ़ में IT का मेगा एक्शन, 16 टीमों ने एक साथ संभाला मोर्चा; कई उद्योग जांच के घेरे में

छत्तीसगढ़ में आयकर विभाग की बड़ी कार्रवाई। रायपुर, रायगढ़ समेत पांच जिलों में 16 टीमों ने कारोबारियों और उद्योगपतियों के ठिकानों पर एक साथ छापेमारी की।

रायपुर। छत्तीसगढ़ में आज बुधवार सुबह आयकर विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए प्रदेश के पांच जिलों में एक साथ छापेमारी की। रायपुर, रायगढ़, दुर्ग, बिलासपुर और जांजगीर-चांपा में विभाग की अलग-अलग टीमों ने कारोबारियों, उद्योगपतियों और औद्योगिक प्रतिष्ठानों से जुड़े ठिकानों पर दबिश दी। सुबह-सुबह शुरू हुई इस कार्रवाई से व्यापारिक और औद्योगिक जगत में हड़कंप मच गया है।

जानकारी के मुताबिक, आयकर विभाग ने इस पूरी कार्रवाई के लिए करीब 16 टीमें गठित की थीं। सभी टीमें बुधवार तड़के एक साथ निर्धारित ठिकानों पर पहुंचीं और जांच शुरू की। अधिकारियों की ओर से संबंधित परिसरों में दस्तावेज, वित्तीय लेन-देन, टैक्स रिकॉर्ड और कारोबारी गतिविधियों से जुड़े कागजातों की पड़ताल की जा रही है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, कार्रवाई कर संबंधी अनियमितताओं और संभावित टैक्स चोरी की आशंका के आधार पर की जा रही है।

रायगढ़ में बड़े उद्योग समूहों के ठिकानों पर दबिश

इस कार्रवाई में रायगढ़ जिला खास तौर पर चर्चा में है। यहां बर्बरीक कंपनी, सन स्टील और रायगढ़ इस्पात से जुड़े कार्यालयों और औद्योगिक परिसरों में आयकर विभाग की टीमें जांच कर रही हैं। रायगढ़ इस्पात से जुड़े श्रवण अग्रवाल और कमल अग्रवाल के आवासों के अलावा कार्यालय और उद्योग परिसर भी जांच के दायरे में बताए जा रहे हैं।

सूत्रों के मुताबिक, अधिकारियों की टीमें सुबह करीब 5 बजे ही संबंधित ठिकानों पर पहुंच गई थीं। इसके बाद से ही दस्तावेजों और कारोबारी लेन-देन से जुड़े रिकॉर्ड की जांच जारी है। हालांकि, कार्रवाई के दौरान अब तक क्या-क्या सामने आया है, इसकी आधिकारिक जानकारी विभाग की ओर से साझा नहीं की गई है।

राजधानी रायपुर में भी कई ठिकानों पर जांच

आयकर विभाग की कार्रवाई राजधानी रायपुर में भी व्यापक स्तर पर जारी है। चंदखुरी के बहनाकाड़ी गांव स्थित एक फैक्ट्री में अधिकारियों की टीम पहुंची है। वहीं, तेलीबांधा रिंग रोड-1 स्थित PRA ग्रुप के कार्यालय में भी जांच की जा रही है।

इसके अलावा रिंग रोड, शंकर नगर और खम्हारडीह क्षेत्र के कुछ अन्य ठिकानों पर भी आयकर अधिकारियों के पहुंचने की जानकारी सामने आई है। एक साथ कई स्थानों पर कार्रवाई शुरू होने से कारोबारियों के बीच चर्चाओं का दौर तेज हो गया है।

दुर्ग, बिलासपुर और जांजगीर-चांपा भी जांच के दायरे में

रायपुर और रायगढ़ के अलावा दुर्ग, बिलासपुर तथा जांजगीर-चांपा जिलों में भी आयकर विभाग की टीमें सक्रिय हैं। इन जिलों में कारोबारियों और औद्योगिक प्रतिष्ठानों से जुड़े परिसरों की जांच की जा रही है। विभाग की टीमें वित्तीय दस्तावेजों और अन्य महत्वपूर्ण रिकॉर्ड के आधार पर संबंधित मामलों की पड़ताल में जुटी हैं।

जांच के बाद सामने आएगी कार्रवाई की वजह

पांच जिलों में एक साथ की गई इस कार्रवाई को आयकर विभाग का बड़ा अभियान माना जा रहा है। फिलहाल अलग-अलग ठिकानों पर जांच जारी है। कार्रवाई के पीछे किन वित्तीय अनियमितताओं की आशंका है और जांच में कितनी गड़बड़ियां सामने आई हैं, इसे लेकर विभाग ने अभी तक कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया है।

अब सबकी नजर आयकर विभाग की जांच पर टिकी है। जांच पूरी होने और आधिकारिक जानकारी सामने आने के बाद ही इस कार्रवाई की वास्तविक वजह और इससे जुड़े अन्य तथ्यों का खुलासा हो सकेगा।

Back to top button
error: Content is protected !!