छत्तीसगढ़ बोर्ड परीक्षा 2027 का टाइम टेबल जारी, 12 मार्च से शुरू होंगी 12वीं की परीक्षाएं, 13 मार्च से 10वीं का एग्जाम

Chhattisgarh Board Exam: छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल यानी CGBSE ने हाईस्कूल और हायर सेकेंडरी मुख्य परीक्षा 2027 की समय-सारणी जारी कर दी है, जिसके मुताबिक 12वीं बोर्ड की परीक्षाएं 12 मार्च से शुरू होकर 8 अप्रैल 2027 तक चलेंगी। वहीं 10वीं की परीक्षाएं 13 मार्च से शुरू होकर 5 अप्रैल 2027 तक आयोजित की जाएंगी। दोनों कक्षाओं की परीक्षाएं सुबह 9 बजे से दोपहर 12:15 बजे तक होंगी। स्टूडेंट्स मंडल की आधिकारिक वेबसाइट पर विषयवार टाइम टेबल देख सकते हैं। मंडल की ओर से जारी कार्यक्रम के मुताबिक कक्षा 12वीं की पहली परीक्षा 12 मार्च को हिंदी विषय की होगी। इसके बाद 15 मार्च को राजनीति विज्ञान, रसायन शास्त्र, लेखाशास्त्र, फसल उत्पादन और उद्यान शास्त्र समेत अन्य विषयों की परीक्षा आयोजित की जाएगी। 17 मार्च को संस्कृत और 19 मार्च को जीव विज्ञान, अर्थशास्त्र, पशुपालन, दुग्ध प्रौद्योगिकी, मत्स्य और कुक्कुट पालन समेत अन्य विषयों की परीक्षा होगी।
यह भी पढ़ें:- क्या है FICCI ? जिसकी बैठक में शामिल होंगे PM मोदी, जानिए आखिर कैसे काम करता है यह संगठन ?
24 मार्च को समाजशास्त्र, 29 मार्च को गणित और 31 मार्च को अंग्रेजी का पेपर होगा। 3 अप्रैल को इतिहास, व्यवसाय अध्ययन, कृषि विज्ञान के तत्व, गणित, ड्राइंग एंड पेंटिंग और आहार एवं पोषण विषयों की परीक्षा आयोजित की जाएगी। वहीं 5 अप्रैल को भूगोल और भौतिक शास्त्र, 6 अप्रैल को विभिन्न व्यावसायिक पाठ्यक्रमों, 7 अप्रैल को मराठी, उर्दू, पंजाबी, सिंधी, बंगाली, गुजराती, तेलुगु, तमिल, मलयालम, कन्नड़ और उड़िया भाषाओं की परीक्षा होगी। 12वीं की अंतिम परीक्षा 8 अप्रैल को मनोविज्ञान विषय की होगी। कक्षा 10वीं की बोर्ड परीक्षा 13 मार्च को तृतीय भाषा के पेपर से शुरू होगी। इसमें संस्कृत, मराठी, उर्दू, पंजाबी, सिंधी, बंगाली, गुजराती, तेलुगु, तमिल, मलयालम, कन्नड़ और उड़िया भाषाएं शामिल हैं। इसके बाद 16 मार्च को अंग्रेजी, 18 मार्च को सामाजिक विज्ञान, 20 मार्च को विज्ञान, 25 मार्च को हिंदी और 30 मार्च को गणित की परीक्षा आयोजित की जाएगी। (Chhattisgarh Board Exam)
परीक्षा केंद्र में सुबह 9 बजे पहुंचना होगा
छात्रों के लिए व्यावसायिक पाठ्यक्रमों की परीक्षा 1 अप्रैल को होगी। इसमें रिटेलिंग, इंफॉर्मेशन टेक्नोलॉजी, ऑटोमोबाइल सर्विस टेक्नीशियन, हेल्थ केयर, एग्रीकल्चर, मीडिया एंड एंटरटेनमेंट, टेलीकम्युनिकेशन, बैंकिंग, ब्यूटी एंड वेलनेस, इलेक्ट्रॉनिक्स एंड हार्डवेयर समेत कई विषय शामिल हैं। इसके अलावा परिधान, होम फर्निशिंग, कंस्ट्रक्शन, प्लंबिंग, पावर, पर्यटन और अतिथि सत्कार जैसे विषयों की परीक्षा भी इसी दिन होगी। 5 अप्रैल को दृष्टिहीन छात्रों के लिए संगीत और मूक-बधिर विद्यार्थियों के लिए ड्राइंग एंड पेंटिंग की परीक्षा आयोजित की जाएगी। मंडल ने परीक्षा में शामिल होने वाले छात्रों के लिए समय संबंधी निर्देश भी जारी किए हैं। परीक्षार्थियों को सुबह 9 बजे तक परीक्षा केंद्र में अपनी जगह लेनी होगी। सुबह 9:05 बजे उत्तरपुस्तिकाओं का वितरण किया जाएगा। इसके बाद 9:10 बजे प्रश्नपत्र दिए जाएंगे। छात्रों को सुबह 9:15 बजे से दोपहर 12:15 बजे तक उत्तर लिखने का समय मिलेगा। मंडल ने शारीरिक प्रशिक्षण पत्रोपाधि परीक्षा वर्ष 2027 के प्रथम और द्वितीय वर्ष का टाइम टेबल भी जारी किया है। (Chhattisgarh Board Exam)
छुट्टी के दिन भी हो सकती है परीक्षा
प्रथम वर्ष की परीक्षाएं 12 मार्च से शुरू होकर 19 मार्च तक चलेंगी। इनमें 12 मार्च को शारीरिक शिक्षा का इतिहास और सिद्धांत, 15 मार्च को शारीरिक शिक्षा से संबंधित मनोविज्ञान, 17 मार्च को शारीरिक शिक्षा की शिक्षण विधियां और 19 मार्च को शरीर रचना, शरीर क्रिया विज्ञान एवं शारीरिक व्यायाम क्रियात्मक विज्ञान की परीक्षा होगी। वहीं द्वितीय वर्ष की परीक्षाएं 13 मार्च से 20 मार्च तक आयोजित की जाएंगी। इनमें 13 मार्च को शारीरिक शिक्षा का संगठन, प्रशासन और पर्यवेक्षण, 16 मार्च को परीक्षण और मापन, 18 मार्च को स्वास्थ्य शिक्षा, सामान्य खेल चोटें और पुनर्वास और 20 मार्च को निर्णयन के साथ अधिशिक्षा विषय की परीक्षा होगी। मंडल ने स्पष्ट किया है कि आवश्यकता पड़ने पर परीक्षा की तिथि और समय में बदलाव किया जा सकता है। वहीं परीक्षा अवधि में शासन की ओर से सार्वजनिक या स्थानीय अवकाश घोषित किए जाने पर भी परीक्षाएं निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार आयोजित होंगी। स्टूडेंट्स विषयवार विस्तृत समय-सारणी छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल की आधिकारिक वेबसाइट www.cgbse.nic.in पर देख सकते हैं।
देखें कब किस विषय का एग्जाम ?

छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल ने हाईस्कूल और हायर सेकेंडरी परीक्षा 2027 में शामिल होने वाले नियमित छात्रों की प्रायोगिक परीक्षाओं और प्रायोजना कार्य यानी प्रोजेक्ट वर्क की तारीखें निर्धारित कर दी हैं। इसके तहत प्रदेशभर के मान्यता प्राप्त स्कूलों में 1 जनवरी से 20 जनवरी 2027 के बीच प्रैक्टिकल परीक्षाएं और प्रोजेक्ट कार्य आयोजित किए जाएंगे। माध्यमिक शिक्षा मंडल ने इस संबंध में प्रदेश के सभी मान्यता प्राप्त शिक्षण संस्थानों के प्राचार्यों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए हैं। स्कूलों को निर्धारित अवधि के भीतर प्रायोगिक परीक्षाएं और प्रायोजना कार्य पूरा कराने होंगे। बोर्ड परीक्षा 2027 में शामिल होने वाले नियमित छात्रों के लिए यह कार्यक्रम जारी किया गया है। विद्यार्थियों को अपने स्कूल से प्रैक्टिकल परीक्षा और प्रोजेक्ट वर्क की विषयवार तारीखों की जानकारी लेनी होगी।मंडल ने प्रायोगिक परीक्षा और प्रायोजना कार्य के आयोजन से संबंधित दिशा-निर्देश अपनी आधिकारिक वेबसाइट पर अपलोड कर दिए हैं। स्टूडेंट्स और अभिभावक www.cgbse.nic.in पर जाकर जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।

पोस्ट मैट्रिक छात्रवृत्ति में कॉलेज और कोर्स बदलने का मौका
अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति और अन्य पिछड़ा वर्ग के कॉलेज छात्रों के लिए पोस्ट मैट्रिक छात्रवृत्ति वर्ष 2026-27 के तहत बड़ी सुविधा दी गई है। अब स्टूडेंट्स छात्रवृत्ति पोर्टल के माध्यम से अपनी संस्था यानी कॉलेज और पाठ्यक्रम में बदलाव के लिए आवेदन कर सकते हैं। इसके लिए 30 नवंबर 2026 तक का समय निर्धारित किया गया है। सहायक आयुक्त, आदिवासी विकास के अनुसार पोस्ट मैट्रिक छात्रवृत्ति के अंतर्गत विद्यार्थियों को संस्था परिवर्तन, पाठ्यक्रम परिवर्तन, संस्था और पाठ्यक्रम दोनों में बदलाव करने की सुविधा दी गई है। इसके अलावा विद्यार्थी अपने पाठ्यक्रम के वर्ष में भी परिवर्तन के लिए आवेदन कर सकते हैं। यह सुविधा शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए विभागीय पोर्टल पर उपलब्ध करा दी गई है। जिन विद्यार्थियों ने कॉलेज या कोर्स बदला है अथवा पाठ्यक्रम के वर्ष में बदलाव करना चाहते हैं, वे निर्धारित प्रक्रिया के तहत ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। विभाग की ओर से पोस्ट मैट्रिक छात्रवृत्ति का पंजीयन, स्वीकृति और भुगतान ऑनलाइन पोर्टल के माध्यम से किया जा रहा है। इसके लिए विद्यार्थियों को अपनी छात्रवृत्ति आईडी से विद्यार्थी लॉगिन करना होगा।
छात्रवृत्ति ID से भेजनी होगी ऑनलाइन रिक्वेस्ट
लॉगिन करने के बाद संस्था या पाठ्यक्रम में बदलाव के लिए ऑनलाइन रिक्वेस्ट भेजनी होगी। ऑनलाइन रिक्वेस्ट भेजने के बाद विद्यार्थियों को अपनी वर्तमान अध्ययनरत संस्था को इसकी जानकारी भी देनी होगी। इसके बाद संस्था की ओर से उपलब्ध कराए गए आवेदन को पूरी तरह भरना होगा। आवेदन पूरा भरने के बाद विद्यार्थियों को जरूरी दस्तावेजों के साथ इसे कलेक्टोरेट स्थित सहायक आयुक्त, आदिवासी विकास कार्यालय में जमा करना होगा। आवेदन जमा करने के लिए कार्यालय का पता कक्ष क्रमांक 106, प्रथम तल, जांजगीर (छात्रवृत्ति शाखा) निर्धारित किया गया है। विद्यार्थी कार्यालयीन समय में अपने दस्तावेज जमा कर सकते हैं। विभाग ने स्पष्ट किया है कि संस्था, पाठ्यक्रम या पाठ्यक्रम के वर्ष में बदलाव के इच्छुक विद्यार्थियों को 30 नवंबर 2026 तक ऑनलाइन रिक्वेस्ट भेजनी होगी। विद्यार्थी छात्रवृत्ति से संबंधित प्रक्रिया और आवेदन के लिए विभागीय वेबसाइट postmatric-scholarship.cg.nic.in पर जा सकते हैं। (Chhattisgarh Board Exam)



