छत्तीसगढ़ में धान खरीदी ने पकड़ी रफ्तार, प्रदेश में पहले नंबर पर बालोद, 11 हजार टन से ज्यादा धान की खरीदी

Chhattisgarh Paddy Procurement 2026: छत्तीसगढ़ में खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 के तहत समर्थन मूल्य पर धान खरीदी का महाअभियान तेजी से आगे बढ़ रहा है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में 15 नवंबर से शुरू हुई धान खरीदी के शुरुआती दिनों में किसानों की अच्छी भागीदारी देखने को मिल रही है। प्रदेश में 18 नवंबर तक 37,792 किसानों से 1,44,405 मीट्रिक टन धान की खरीदी की जा चुकी है। वहीं किसानों को धान बेचने में सुविधा देने के लिए अब तक 4,68,722 टोकन जारी किए गए हैं। जिलों में खरीदी की स्थिति देखें तो बालोद जिला प्रदेश में पहले स्थान पर बना हुआ है। यहां 17 नवंबर तक 11,110 मीट्रिक टन धान का उपार्जन किया गया है। दूसरी ओर राजनांदगांव, धमतरी, बलौदाबाजार और कांकेर में भी खरीदी का काम तेजी से चल रहा है।
यह भी पढ़ें:- छत्तीसगढ़ बोर्ड परीक्षा 2027 का टाइम टेबल जारी, 12 मार्च से शुरू होंगी 12वीं की परीक्षाएं, 13 मार्च से 10वीं का एग्जाम
प्रदेश स्तर पर धान खरीदी के आंकड़ों के मुताबिक 18 नवंबर को एक ही दिन में 12,554 टोकन के माध्यम से 48,297 मीट्रिक टन धान की खरीदी की गई। अब तक जारी कुल 4,68,722 टोकन के माध्यम से किसानों ने लगभग 24.40 लाख मीट्रिक टन धान बेचने के लिए टोकन प्राप्त किए हैं। राज्य सरकार किसानों से प्रति एकड़ 21 क्विंटल तक धान 3,100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से खरीद रही है। ऑनलाइन टोकन व्यवस्था के माध्यम से किसान घर बैठे धान बेचने की तारीख निर्धारित कर सकते हैं। इससे खरीदी केंद्रों में अनावश्यक भीड़ कम करने और व्यवस्था को सुचारू बनाने में मदद मिल रही है। धान खरीदी के शुरुआती दिनों में बालोद जिले ने प्रदेश में पहला स्थान हासिल किया है। 17 नवंबर तक जिले के 161 उपार्जन केंद्रों में 3,165 किसानों से 11,110 मीट्रिक टन धान की खरीदी की जा चुकी है। कलेक्टर दिव्या उमेश मिश्रा के मार्गदर्शन में जिले के सभी खरीदी केंद्रों में व्यवस्था की लगातार निगरानी की जा रही है। (Chhattisgarh Paddy Procurement 2026)

जिलों की तुलना करें तो बालोद 11,110 मीट्रिक टन धान खरीदी के साथ पहले स्थान पर है। राजनांदगांव 10,734.04 मीट्रिक टन के साथ दूसरे और महासमुंद 9,460.40 मीट्रिक टन के साथ तीसरे स्थान पर है। बालोद ने राजनांदगांव से 375.96 मीट्रिक टन और महासमुंद से 1,649.60 मीट्रिक टन अधिक धान खरीदा है। जिले में टोकन वितरण के लिए तुंहर टोकन ऐप और संबंधित समितियों के माध्यम से सुविधा दी जा रही है। इसके अलावा किसानों की रकबे से जुड़ी समस्याओं को दूर करने के लिए भी प्रशासन ने पहल की है।बालोद जिले में पंजीकृत 1,58,572 किसानों में से 5,743 किसानों का रकबा समिति मॉड्यूल में शून्य दिखाई दे रहा था। इस समस्या को दूर करने के लिए 16 नवंबर से समिति स्तर पर सुधार का विकल्प उपलब्ध कराया गया है। इसके माध्यम से अब तक 1,573 किसानों के रकबे में सुधार किया जा चुका है। शेष किसानों के रकबे में सुधार की प्रक्रिया जारी है।

जिन किसानों के रकबे में कमी या दूसरी फसल दर्ज दिखाई दे रही है, उनके लिए तहसीलदार मॉड्यूल में सुधार की सुविधा दी गई है। प्रशासन ने ऐसे किसानों से संबंधित समिति या तहसीलदार के पास जाकर जरूरी सुधार कराने की अपील की है। छत्तीसगढ़ सरकार की कृषक उन्नति योजना के तहत किसानों को प्रति क्विंटल 659 रुपये के हिसाब से प्रति एकड़ कुल 13,839 रुपये की आदान सहायता राशि दी जाएगी। योजना का उद्देश्य किसानों को आर्थिक मजबूती देना और उनकी आय बढ़ाना है। इसके लिए जिले में किसानों को योजना की जानकारी देने के लिए प्रचार-प्रसार भी किया जा रहा है। समर्थन मूल्य पर धान खरीदी में गड़बड़ी रोकने के लिए बालोद जिला प्रशासन भी सख्ती बरत रहा है। जिले में तीन कोचियों के पास अवैध रूप से भंडारित 460 कट्टा धान जब्त किया गया है। संबंधित लोगों के खिलाफ मंडी अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई है। प्रशासन ने साफ किया है कि खरीदी अवधि में अवैध भंडारण और कारोबार के खिलाफ कार्रवाई जारी रहेगी। (Chhattisgarh Paddy Procurement 2026)

राजनांदगांव जिले में भी धान खरीदी का काम तेजी से जारी है। 18 नवंबर को खरीदी के चौथे दिन 1,274 किसानों से 4,832.24 मीट्रिक टन धान खरीदा गया। इस तरह जिले में चार दिनों के भीतर कुल 4,160 किसानों से 15,442.88 मीट्रिक टन धान का उपार्जन किया जा चुका है। 18 नवंबर को जिले के 122 उपार्जन केंद्रों के लिए 1,343 टोकन जारी किए गए थे। इन टोकन के माध्यम से 5,538.10 मीट्रिक टन धान बेचने के लिए पंजीकृत था। इनमें से 94.86 प्रतिशत किसान केंद्रों पर पहुंचकर धान बेच चुके हैं। वहीं, 19 नवंबर के लिए जिले के 121 उपार्जन केंद्रों में 1,425 टोकन जारी किए गए हैं। इनके माध्यम से 5,848.32 मीट्रिक टन धान की खरीदी प्रस्तावित है।जिले में अवैध धान के भंडारण, परिवहन और बिक्री पर रोक लगाने के लिए प्रशासन ने अभियान चलाया है।

18 नवंबर को पांच मामलों में कुल 876 कट्टा यानी 350 क्विंटल धान जब्त किया गया। इसमें डोंगरगढ़ क्षेत्र के ग्राम ढारा और देवकट्टा से 90 कट्टा, दो पोहा उद्योगों से 386 कट्टा और खैरझिटी उपार्जन केंद्र में रबी फसल का धान खपाने के प्रयास पर 400 कट्टा धान जब्त किया गया। इससे पहले 17 नवंबर तक जिले में 13 मामलों में 3,039 कट्टा धान जब्त किया गया था। 18 नवंबर की कार्रवाई के बाद अब तक कुल 18 मामलों में 3,915 कट्टा यानी 1,728 क्विंटल धान जब्त किया जा चुका है। कार्रवाई के दौरान दो वाहन भी जब्त किए गए हैं। धमतरी जिले में भी धान खरीदी अभियान ने रफ्तार पकड़ ली है। अब तक जिले के 3,337 किसानों से 11,434.20 मीट्रिक टन धान खरीदा जा चुका है। कलेक्टर अबिनाश मिश्रा के निर्देश पर खरीदी केंद्रों में पेयजल, छाया, बारदाना और तौल व्यवस्था सहित जरूरी सुविधाओं पर ध्यान दिया जा रहा है। 19 नवंबर के लिए जिले में 1,017 किसानों को टोकन जारी किए गए हैं। इन टोकन के माध्यम से 3,769.45 मीट्रिक टन धान की खरीदी प्रस्तावित है। प्रशासन ने किसानों से निर्धारित तारीख और टोकन के अनुसार ही केंद्रों में धान लेकर पहुंचने की अपील की है।
बलौदाबाजार में 3 दिन में 3,785 मीट्रिक टन धान का उपार्जन
बलौदाबाजार जिले में 15 नवंबर से शुरू हुई धान खरीदी के तहत 17 नवंबर तक 1,314 किसानों से 3,785 मीट्रिक टन धान खरीदा गया है। जिले के पांच अनुविभागों में सिमगा सबसे आगे रहा। यहां के 34 उपार्जन केंद्रों में 14,194 क्विंटल धान की खरीदी हुई है। भाटापारा के 27 केंद्रों में 13,817 क्विंटल, पलारी के 35 केंद्रों में 4,970 क्विंटल, बलौदाबाजार के 20 केंद्रों में 2,737 क्विंटल और कसडोल के 23 केंद्रों में 2,131 क्विंटल धान खरीदा गया है। जिले में इस साल कुल 181 उपार्जन केंद्र बनाए गए हैं। अवैध परिवहन रोकने के लिए 12 चेक पोस्ट और बिचौलियों पर नजर रखने के लिए नौ उड़नदस्ता दल गठित किए गए हैं। इसके साथ ही 24 घंटे सक्रिय जिला स्तरीय कंट्रोल रूम भी बनाया गया है। कांकेर जिले में 18 नवंबर को शाम 5:30 बजे तक ऑनलाइन मॉड्यूल के अनुसार 453 टोकन के माध्यम से 14,207 क्विंटल 60 किलोग्राम धान की खरीदी की गई। वहीं, 19 नवंबर के लिए जिले के 133 उपार्जन केंद्रों में 528 टोकन जारी किए गए हैं। इनके माध्यम से 20,286 क्विंटल 10 किलोग्राम धान बेचने के लिए पंजीकरण कराया गया है।

मुंगेली जिले के करूपान धान उपार्जन केंद्र में पूजा-अर्चना के साथ समर्थन मूल्य पर धान खरीदी का शुभारंभ किया गया। खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 के तहत जिले के 113 उपार्जन केंद्रों में खरीदी जारी है। इस अवसर पर जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों ने किसानों का स्वागत किया। कार्यक्रम में जिला पंचायत सदस्य लक्ष्मीकांत भास्कर, जनपद सदस्य एवं समिति अध्यक्ष मंदाकिनी हुपेश साहू सहित अन्य जनप्रतिनिधि और किसान मौजूद रहे। प्रदेशभर में धान खरीदी व्यवस्था को सुचारू बनाने के लिए जिला प्रशासन और संबंधित विभागों द्वारा लगातार निगरानी की जा रही है। खरीदी केंद्रों में पर्याप्त बारदाना, इलेक्ट्रॉनिक कांटा-बांट, पेयजल, छाया और अन्य जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराने पर जोर दिया जा रहा है। साथ ही अवैध धान के भंडारण और परिवहन पर रोक लगाने के लिए भी कार्रवाई की जा रही है। राज्य सरकार का कहना है कि धान खरीदी प्रक्रिया को पारदर्शी और किसान हितैषी बनाया गया है, ताकि किसानों को अपनी उपज का उचित मूल्य मिल सके और उन्हें खरीदी केंद्रों में किसी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े। (Chhattisgarh Paddy Procurement 2026)



