मध्यप्रदेश-ओडिशा से अवैध धान की आवक पर शिकंजा, 1385 क्विंटल धान जब्त, सीमावर्ती जिलों में चेकपोस्ट पर 24 घंटे निगरानी

Action Against illegal Paddy: छत्तीसगढ़ में खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 के तहत समर्थन मूल्य पर धान खरीदी शुरू होते ही अवैध धान के परिवहन, भंडारण और बिक्री के खिलाफ प्रशासन ने सख्ती बढ़ा दी है। दूसरे राज्यों से धान लाकर उपार्जन केंद्रों में खपाने, बिना दस्तावेज परिवहन करने और निर्धारित सीमा से ज्यादा धान का भंडारण करने वालों पर लगातार कार्रवाई की जा रही है। प्रदेश के कई जिलों में राजस्व, खाद्य, मंडी और पुलिस विभाग की संयुक्त टीमों ने जांच अभियान चलाकर बड़ी मात्रा में धान जब्त किया है। महासमुंद जिले में 1 से 17 नवंबर के बीच 19 प्रकरण दर्ज कर लगभग 1385 क्विंटल धान जब्त किया गया है। वहीं गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, कबीरधाम, बालोद, धमतरी, रायगढ़ और सारंगढ़-बिलाईगढ़ में भी कार्रवाई की गई है।
यह भी पढ़ें:- छत्तीसगढ़ में धान खरीदी ने पकड़ी रफ्तार, प्रदेश में पहले नंबर पर बालोद, 11 हजार टन से ज्यादा धान की खरीदी
महासमुंद जिले में अवैध धान परिवहन और भंडारण के खिलाफ प्रशासन ने व्यापक अभियान चलाया है। कलेक्टर विनय कुमार लंगेह के निर्देश पर राजस्व, खाद्य और मंडी विभाग की संयुक्त टीमें लगातार निगरानी कर रही हैं। प्रशासन के अनुसार 1 नवंबर से 17 नवंबर 2026 तक जिले में अवैध धान परिवहन और भंडारण के कुल 19 प्रकरण दर्ज किए गए हैं। इन मामलों में 3464 कट्टा यानी लगभग 1385 क्विंटल धान जब्त किया गया है। कार्रवाई के दौरान अवैध परिवहन में इस्तेमाल किए जा रहे दो पिकअप वाहन भी जब्त किए गए हैं। जब्त धान में रबी फसल का धान, बिना वैध दस्तावेजों के परिवहन किया जा रहा धान और मंडी अधिनियम के उल्लंघन से जुड़े मामले शामिल हैं। कार्रवाई के दौरान ओडिशा के दो व्यवसायियों का धान भी पकड़ा गया है। (Action Against illegal Paddy)

जिले में अवैध परिवहन रोकने के लिए 15 चेकपोस्ट स्थापित किए गए हैं। इन पर दूसरे राज्यों और सीमावर्ती क्षेत्रों से आने-जाने वाले वाहनों की निगरानी की जा रही है। संभागायुक्त श्याम धावड़े ने ओडिशा सीमा के चिवराकुटा और मल्दामाल चेकपोस्ट का निरीक्षण कर चौबीसों घंटे निगरानी रखने और संदिग्ध वाहनों की जांच करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने ड्यूटी में लापरवाही नहीं बरतने और विभागों के बीच बेहतर समन्वय बनाए रखने पर जोर दिया। गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले में प्रशासन ने मध्यप्रदेश से अवैध रूप से धान लाकर खपाने की कोशिश को नाकाम किया है। कलेक्टर विजय दयाराम के. के निर्देश पर मरवाही विकासखंड के धरहर गांव में उड़नदस्ता दल ने लगभग 20 क्विंटल धान और परिवहन में इस्तेमाल वाहन जब्त किया। जानकारी के अनुसार धरहर निवासी बेचुलाल और अन्य छह व्यक्ति मध्यप्रदेश के ग्राम बीड़ से रात करीब 2 बजे वाहन के माध्यम से धान लेकर आ रहे थे। इस धान को निमधा उपार्जन केंद्र में खपाने की योजना थी। उड़नदस्ता दल ने कार्रवाई करते हुए धान और वाहन जब्त कर लिया।

इसी जिले के मरवाही विकासखंड के कोदवाही, निमधा धान उपार्जन केंद्रों में भी जांच के दौरान अमानक और खराब गुणवत्ता का धान पाया गया। दोनों केंद्रों से कुल 114 बोरी धान जब्त किया गया है। जिले के खोडरी धान उपार्जन केंद्र में भी संयुक्त जांच दल ने कार्रवाई की। अनुविभागीय अधिकारी राजस्व पेंड्रारोड, खाद्य निरीक्षक गौरेला और कृषि नोडल अधिकारी खोडरी की टीम ने केंद्र में विक्रय के लिए लाए गए धान की जांच की। इस दौरान ग्राम खोडरी के किसान गोविन्द सिंह वाकरे के लाए गए धान में ग्रीष्मकालीन और मिश्रित किस्म का धान पाया गया। इसके बाद टीम ने 60 बोरी यानी लगभग 25 क्विंटल धान जब्त कर समिति प्रबंधक खोडरी की सुपुर्दगी में सौंप दिया। कबीरधाम जिले में भी अवैध धान परिवहन के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की गई है। कलेक्टर तुलिका प्रजापति के निर्देश पर खाद्य, मंडी और पुलिस विभाग की संयुक्त टीम ने चिल्फी में जांच के दौरान अवैध रूप से परिवहन किए जा रहे 300 क्विंटल धान को ट्रक सहित जब्त किया।

जिला खाद्य अधिकारी चंद्रशेखर देवांगन के नेतृत्व में की गई इस कार्रवाई में ट्रक में बड़ी मात्रा में धान का परिवहन होना पाया गया। आवश्यक जांच के बाद टीम ने धान और ट्रक को अपने कब्जे में ले लिया। मध्यप्रदेश से अवैध रूप से लाए जा रहे 75 बोरी धान को भी वाहन सहित जब्त किया गया है। प्रशासन ने सीमावर्ती क्षेत्रों और प्रमुख मार्गों पर निगरानी बढ़ा दी है। कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि दूसरे राज्यों से अवैध रूप से धान लाकर समर्थन मूल्य पर बेचने की कोशिश करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। बालोद जिले में अवैध धान भंडारण और स्टॉक में गड़बड़ी के खिलाफ प्रशासन ने अलग-अलग स्थानों पर कार्रवाई की है। कलेक्टर दिव्या उमेश मिश्रा के निर्देश पर राजस्व, खाद्य और मंडी विभाग की टीमों ने प्रतिष्ठानों और धान भंडारण स्थलों का औचक निरीक्षण किया। जांच में पांच स्थानों पर अनियमितता मिलने पर कुल 497 कट्टा धान जब्त किया गया। (Action Against illegal Paddy)

गुजरा में पन्नूराम कोरटिया के प्रतिष्ठान से 60 कट्टा यानी लगभग 24 क्विंटल, डौंडीलोहारा के जैन ट्रेडर्स में मुकेश कुमार जैन के यहां स्टॉक में अंतर मिलने पर 295 कट्टा यानी लगभग 118 क्विंटल, बड़गांव में रमेश कुमार जैन के यहां से 90 कट्टा यानी 36 क्विंटल, हथौद में चंद्रकिरण देवांगन की दुकान से 98 कट्टा यानी 39.20 क्विंटल और सुरडोंगर में लोकेश्वर दास के यहां से 170 कट्टा यानी 68 क्विंटल धान जब्त किया गया है। धमतरी जिले में अवैध धान भंडारण और बिना दस्तावेज परिवहन के तीन मामलों में कार्रवाई की गई है। कुरूद विकासखंड के छाती गांव में व्यापारी केशव यदु की दुकान से 55 बोरी यानी लगभग 21 क्विंटल धान अवैध रूप से भंडारित मिलने पर जब्त किया गया। इसी गांव में दुष्यंत कुमार मेषपाल की दुकान से 15 क्विंटल धान जब्त किया गया। वहीं ग्राम देमार के पास भखारा-धमतरी मार्ग पर बिना वैध दस्तावेज के परिवहन किए जा रहे 75 कट्टा यानी लगभग 30 क्विंटल धान को पकड़ा गया। तीनों मामलों में कुल 164 कट्टा यानी लगभग 66 क्विंटल धान जब्त किया गया है। संबंधित मामलों में छत्तीसगढ़ कृषि उपज मंडी अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई है।

रायगढ़ जिले में अलग-अलग स्थानों पर कार्रवाई करते हुए कुल 66.80 क्विंटल धान के मामलों में मंडी अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई है। लैलूंगा के ग्राम मुकड़ेगा में सुदूराम चौहान के पास से 34 कट्टा यानी 14 क्विंटल धान अवैध रूप से भंडारित मिलने पर जब्त किया गया। रायगढ़ के काशीराम चौक स्थित विनोद जांगड़े के मकान की जांच में 70 कट्टा यानी 28 क्विंटल धान पाया गया। इसके अलावा श्री अनिल किराना के यहां 30 कट्टा और सीता किराना, शरद अग्रवाल के यहां 32 कट्टा धान मिला। इन दोनों स्थानों से कुल 62 कट्टा यानी 24.80 क्विंटल धान के मामले में कार्रवाई की गई। जिले में अवैध धान की आवक और परिवहन रोकने के लिए 20 अंतरराज्यीय चेकपोस्ट बनाए गए हैं। यहां तीन पालियों में 24 घंटे निगरानी की जा रही है। इसके अलावा जिले की सभी 10 तहसीलों में उड़नदस्ता दल गठित किए गए हैं। सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले के बरमकेला विकासखंड के सरिया स्थित चंदन ट्रेडर्स में राजस्व और मंडी विभाग की संयुक्त टीम ने औचक निरीक्षण किया।

प्रतिष्ठान में मौजूद धान का मिलान स्टॉक रजिस्टर और उपलब्ध अभिलेखों से किया गया। जांच में दर्ज मात्रा से 153 बोरी धान अतिरिक्त पाया गया। इसके बाद मंडी अधिनियम के प्रावधानों के तहत अतिरिक्त धान जब्त कर कार्रवाई की गई। अधिकारियों ने कारोबारी को स्टॉक और खरीद-बिक्री से जुड़े दस्तावेजों का नियमित संधारण करने के निर्देश भी दिए। बलरामपुर जिले में कलेक्टर चंदन संजय त्रिपाठी ने बलंगी-तुगवां अंतरराज्यीय बैरियर और बलंगी धान उपार्जन केंद्र का निरीक्षण किया। उन्होंने चेकपोस्ट पर तैनात अधिकारियों और कर्मचारियों को संदिग्ध वाहनों की सघन जांच करने के साथ दूसरे राज्यों से आने वाले धान को जिले के उपार्जन केंद्रों तक पहुंचने से रोकने के निर्देश दिए। खरीदी केंद्र में धान की गुणवत्ता जांच के लिए शासन के दिशा-निर्देशों का पालन करने और वास्तविक किसानों को उनकी उपज का उचित मूल्य दिलाने पर भी जोर दिया। (Action Against illegal Paddy)

जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि समर्थन मूल्य पर धान खरीदी का लाभ वास्तविक और पात्र किसानों तक पहुंचाना प्राथमिकता है। इसके लिए सीमावर्ती क्षेत्रों, परिवहन मार्गों, व्यापारिक प्रतिष्ठानों और उपार्जन केंद्रों में लगातार जांच की जा रही है। किसानों से अपील की गई है कि वे अपने पंजीकृत रकबे के अनुसार ही धान बेचने के लिए केंद्रों में लाएं। वहीं व्यापारियों को धान के क्रय-विक्रय, भंडारण और परिवहन के दौरान वैध दस्तावेज रखने तथा निर्धारित नियमों का पालन करने के निर्देश दिए गए हैं। प्रदेश में समर्थन मूल्य पर धान खरीदी के दौरान अवैध धान के भंडारण और परिवहन पर रोक लगाने के लिए प्रशासन ने सख्ती बढ़ा दी है। सीमावर्ती जिलों में चेकपोस्ट पर निगरानी के साथ ही लगातार जांच और छापेमारी की जा रही है। अधिकारियों को संदिग्ध वाहनों की जांच करने और खरीदी केंद्रों में धान की गुणवत्ता व स्टॉक का मिलान करने के निर्देश दिए गए हैं। प्रशासन का कहना है कि धान खरीदी में किसी भी तरह की गड़बड़ी और अवैध कारोबार को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।




