Google Analytics —— Meta Pixel

‘दोषियों को पीढ़ियां याद रखेंगी’, नवजात खरीद-फरोख्त केस में स्वास्थ्य मंत्री की दोटूक चेतावनी

रायपुर नवजात खरीद-फरोख्त मामले में स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल का बड़ा बयान। दोषी अस्पताल का लाइसेंस रद्द और संलिप्त डॉक्टरों की डिग्री फ्रीज करने की चेतावनी, SIT जांच की भी तैयारी।

रायपुर। राजधानी रायपुर में नवजात बच्चों की कथित खरीद-फरोख्त के अंतरराज्यीय नेटवर्क का खुलासा होने के बाद राज्य सरकार ने सख्त रुख अपना लिया है। स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने स्पष्ट किया है कि इस मामले में दोषियों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने कहा कि प्रकरण में संलिप्त पाए जाने वाले अस्पताल का लाइसेंस रद्द किया जाएगा। वहीं, जिन डॉक्टरों की भूमिका प्रमाणित होगी, उनकी डिग्री फ्रीज करने की कार्रवाई भी की जाएगी। मंत्री ने चेतावनी देते हुए कहा कि दोषियों के खिलाफ ऐसी कार्रवाई होगी, जिसे उनकी पीढ़ियां याद रखेंगी।

मीडिया से चर्चा के दौरान स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि सरकार इस मामले को बेहद गंभीरता से ले रही है। कार्रवाई केवल पुलिस जांच तक सीमित नहीं रहेगी, बल्कि स्वास्थ्य विभाग सहित संबंधित एजेंसियां भी अपने स्तर पर जांच करेंगी। सरकार का उद्देश्य पूरे नेटवर्क का पर्दाफाश कर इसमें शामिल प्रत्येक व्यक्ति को कानून के दायरे में लाना है।

अस्पताल का लाइसेंस रद्द करने की तैयारी

नवजात बच्चों की कथित खरीद-फरोख्त के मामले में दिवाकर मल्टीस्पेशलिटी अस्पताल के डॉक्टर सहित तीन आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद स्वास्थ्य विभाग भी सक्रिय हो गया है। मंत्री ने कहा कि जांच में अस्पताल की संलिप्तता सामने आने पर उसका लाइसेंस निरस्त किया जाएगा।

उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि मामले में जिन डॉक्टरों की भूमिका सामने आएगी, उनके खिलाफ डिग्री फ्रीज करने की कार्रवाई की जाएगी। स्वास्थ्य मंत्री के मुताबिक, बच्चों की खरीद-फरोख्त जैसा गंभीर अपराध किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

कांग्रेस की SIT मांग पर सरकार तैयार

मामले में कांग्रेस द्वारा एसआईटी जांच की मांग उठाए जाने पर मंत्री ने कहा कि सरकार एसआईटी जांच कराएगी। इसके साथ ही अन्य स्तरों पर भी जांच की जाएगी, ताकि पूरे नेटवर्क और उससे जुड़े लोगों की पहचान हो सके।

अस्पताल के पुराने राजनीतिक संबंधों को लेकर उठ रहे सवालों पर जायसवाल ने कहा कि अस्पताल का शुभारंभ कांग्रेस शासनकाल में हुआ था और कार्यक्रम में तत्कालीन कांग्रेस मंत्री एवं विधायक भी शामिल हुए थे। हालांकि, उन्होंने स्पष्ट किया कि इससे किसी राजनीतिक दल की संलिप्तता साबित नहीं होती। मंत्री ने कांग्रेस को मामले में राजनीति करने के बजाय जांच में सहयोग करने की नसीहत दी।

निकाय चुनाव में भाजपा की जीत का दावा

दिसंबर में प्रस्तावित नगरीय निकाय चुनाव को लेकर स्वास्थ्य मंत्री ने भाजपा की जीत का दावा किया। राजस्थान के निकाय चुनाव में भाजपा की हार के असर से जुड़े सवाल पर उन्होंने कहा कि राजस्थान और छत्तीसगढ़ की राजनीतिक परिस्थितियां अलग-अलग हैं।

जायसवाल ने कहा कि नगरीय निकाय चुनाव स्थानीय मुद्दों पर लड़े जाते हैं। उन्होंने दावा किया कि पिछले नगरीय निकाय और पंचायत चुनाव में कांग्रेस को करारी हार का सामना करना पड़ा था। आगामी चुनाव में भी भाजपा सभी निकायों में जीत हासिल करेगी। कांग्रेस पर तंज कसते हुए उन्होंने कहा कि पार्टी को मन के लड्डू खाना छोड़ देना चाहिए।

बूथ स्तर पर सक्रिय होंगे भाजपा के मोर्चा-प्रकोष्ठ

भाजपा संगठन की गतिविधियों को लेकर मंत्री ने कहा कि पार्टी के सभी मोर्चा और प्रकोष्ठों को बूथ स्तर तक सक्रिय किया जा रहा है। राष्ट्रीय स्तर पर गठित विभिन्न मोर्चों के पदाधिकारी और कार्यकर्ता लगातार क्षेत्रों का दौरा कर रहे हैं। संगठन को मजबूत करने के लिए कार्यकर्ताओं को अलग-अलग जिम्मेदारियां भी सौंपी जा रही हैं।

पटवारी हड़ताल पर कांग्रेस को घेरा

पटवारियों की हड़ताल समाप्त होने को लेकर कांग्रेस की ओर से उठाए जा रहे सवालों पर भी स्वास्थ्य मंत्री ने पलटवार किया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के पास अब कोई मुद्दा नहीं बचा है। सरकार के प्रयासों से हड़ताल समाप्त हुई और आम जनता को राहत मिली है।

जायसवाल ने आरोप लगाया कि कांग्रेस नहीं चाहती कि आम लोगों की समस्याओं का समाधान हो। उन्होंने कहा कि कांग्रेस को मुख्यमंत्री का धन्यवाद करना चाहिए, क्योंकि सरकार की पहल से प्रशासनिक कामकाज फिर से सामान्य हो सका है।

Back to top button
error: Content is protected !!